Sawan 2026: छोले से लेकर राजमा तक, सावन में बिना प्याज-लहसुन भी बनेगी सब्जी गाढ़ी और टेस्टी, जानें आसान हैक्स
कई लोगों को लगता है कि लहसुन-प्याज के बिना सब्जी का स्वाद फीका हो जाता है.अगर प्याज नहीं डाल रहे हैं, तो ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए टमाटर की प्यूरी और फेंटा हुआ दही काम आएगा.
सावन में बिना प्याज-लहसुन ऐसे बनाएं खाना टेस्टी
सावन के महीने में कई लोग धार्मिक आस्था के कारण प्याज और लहसुन नहीं खाते हैं, लेकिन अक्सर लोगों को लगता है कि इनके बिना छोले, राजमा या दूसरी ग्रेवी वाली सब्जियां टेस्टी नहीं बनेंगी. क्योंकि प्याज से ग्रेवी गाढ़ी होती है और लहसुन से स्वाद बढ़ता है. हालांकि, ऐसा बिल्कुल नहीं है.
अगर आप भी यही सोचते हैं, तो कुछ आसान किचन हैक्स आपकी मदद कर सकते हैं. ग्रेवी को गाढ़ा बनाने के लिए टमाटर की प्यूरी, फेंटा हुआ दही, काजू या मखाने का पेस्ट और हल्का भुना बेसन इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं स्वाद बढ़ाने के लिए हींग, अदरक और साबुत मसालों का तड़का बेहतरीन ऑप्शन है.
कैसे बनाएं ग्रेवी गाढ़ी?
अगर प्याज नहीं डाल रहे हैं, तो ग्रेवी को गाढ़ा बनाने के लिए टमाटर की अच्छी प्यूरी और फेंटा हुआ दही इस्तेमाल करें. इससे सब्जी में हल्का खट्टापन, बढ़िया रंग और क्रीमी टेक्सचर आता है. ध्यान रखें कि दही डालते समय आंच धीमी रखें ताकि वह फटे नहीं.
काजू या मखाने का पेस्ट करें इस्तेमाल
रेस्टोरेंट जैसी गाढ़ी और रिच ग्रेवी के लिए भीगे हुए काजू या भुने हुए मखाने का पेस्ट डाल सकते हैं. यह ग्रेवी को क्रीमी बनाता है और स्वाद भी बढ़ाता है. खासतौर पर पनीर, आलू और मिक्स वेज जैसी सब्जियों में यह तरीका खूब पसंद किया जाता है.
अदरक से बढ़ाएं स्वाद
लहसुन की जगह ताजा अदरक का इस्तेमाल किया जा सकता है. अदरक सब्जी में हल्का तीखापन और अच्छी खुशबू देता है. इसे बारीक काटकर या कद्दूकस करके तड़के में डालने से स्वाद बेहतर हो जाता है.
थिक करी के लिए भुने बेसन का का कैसे करें यूज?
अगर घर में काजू नहीं हैं, तो एक-दो चम्मच हल्का भुना हुआ बेसन भी अच्छा ऑप्शन है. इसे टमाटर के मसाले में मिलाने से ग्रेवी गाढ़ी हो जाती है और स्वाद भी बढ़ जाता है.
ताजा मसाले और हरी धनिया डालें
साबुत जीरा, धनिया पाउडर, सौंफ, काली मिर्च और गरम मसाला जैसे मसालों का सही बैलेंस सब्जी का स्वाद कई गुना बढ़ा सकता है. आखिर में ताजी हरी धनिया डालने से खुशबू और स्वाद दोनों बेहतर हो जाते हैं.
सावन में प्याज और लहसुन न खाना पूरी तरह धार्मिक आस्था और व्यक्तिगत पसंद का विषय है. अगर आप सात्विक खाना बना रहे हैं, तो इन आसान हैक्स की मदद से बिना प्याज-लहसुन के भी स्वादिष्ट, गाढ़ी और हेल्दी सब्जी आसानी से तैयार कर सकते हैं.




