Sawan 2026: सावन में क्यों छोड़ देते हैं प्याज-लहसुन? जानिए कौन खा सकता है ये दोनों चीजें
सावन में कई लोग भगवान शिव की भक्ति और व्रत के कारण प्याज-लहसुन खाना छोड़ देते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन्हें तामसिक भोजन माना जाता है, इसलिए पूजा-पाठ और व्रत करने वाले लोग इनसे परहेज करते हैं.
कौन खा सकता है सावन में प्याज-लहसुन
सावन का महीना शुरू होते ही कई घरों में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल बंद कर दिया जाता है। लेकिन क्या यह नियम सभी लोगों पर लागू होता है? क्या जो लोग व्रत नहीं रखते, वे भी प्याज-लहसुन नहीं खा सकते? ऐसे कई सवाल हर साल लोगों के मन में उठते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन में भगवान शिव की आराधना करने वाले और व्रत-पूजा का पालन करने वाले लोग सात्विक भोजन करते हैं, इसलिए वे प्याज-लहसुन से परहेज करते हैं.
वहीं, जो लोग व्रत या विशेष धार्मिक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके लिए इसका सेवन पूरी तरह वर्जित नहीं माना जाता. अलग-अलग परिवारों और परंपराओं में नियम अलग हो सकते हैं, इसलिए अपनी धार्मिक मान्यता और परिवार की परंपरा के अनुसार ही इसका पालन करना उचित माना जाता है.
सावन में क्यों नहीं खाते प्याज-लहसुन?
सनातन धर्म में प्याज और लहसुन को तामसिक भोजन की श्रेणी में रखा जाता है. मान्यता है कि तामसिक भोजन मन में आलस्य, क्रोध और भोग की भावना बढ़ा सकता है. वहीं, सावन का महीना भगवान शिव की साधना, संयम और मन की शुद्धि का समय माना जाता है. इसलिए इस दौरान सात्विक भोजन करने की परंपरा चली आ रही है.
सात्विक भोजन का क्या महत्व है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सात्विक भोजन से मन शांत रहता है और पूजा-पाठ, ध्यान व जप में एकाग्रता बढ़ती है. इसी वजह से सावन में फल, दूध, दही, हरी सब्जियां, अनाज और हल्का भोजन करने की सलाह दी जाती है. माना जाता है कि सात्विक आहार से शरीर और मन दोनों शुद्ध रहते हैं.
कौन लोग खा सकते हैं प्याज-लहसुन?
धर्म के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति सावन का व्रत नहीं रख रहा है और विशेष धार्मिक नियमों का पालन नहीं कर रहा है, तो उसके लिए प्याज-लहसुन खाना पूरी तरह निषिद्ध नहीं माना जाता. हालांकि, जो लोग भगवान शिव की विशेष पूजा, सोमवार का व्रत या पूरे सावन में धार्मिक अनुशासन का पालन करते हैं, वे श्रद्धा और परंपरा के अनुसार इससे परहेज करते हैं.
क्या यह धार्मिक नियम है या व्यक्तिगत आस्था?
प्याज-लहसुन न खाना मुख्य रूप से धार्मिक परंपरा और व्यक्तिगत आस्था से जुड़ा विषय है. अलग-अलग परिवारों, संप्रदायों और क्षेत्रों में इसके नियम अलग हो सकते हैं. कुछ लोग पूरे सावन में इसका त्याग करते हैं, जबकि कुछ केवल सोमवार या व्रत वाले दिन ही सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं.




