Sasta-Mehanga: 1 अगस्त से महंगी होंगी Maruti Suzuki की कारें, खरीदने से पहले जान लें नई कीमत
अगर आप अगस्त में नई Maruti Suzuki कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है. कंपनी ने बढ़ती उत्पादन लागत और महंगाई का हवाला देते हुए 1 अगस्त से अपनी कई कारों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है.
Maruti Suzuki Dzire
Sasta-Mehanga : अगर आप नई Maruti Suzuki कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. जुलाई का आखिरी दिन खत्म होते ही 1 अगस्त से कंपनी अपनी कई कारों की कीमतें बढ़ाने जा रही है. यानी अगर आपने अभी तक बुकिंग नहीं कराई है, तो अब आपको पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.
देश की सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने पहले ही साफ कर दिया था कि बढ़ती उत्पादन लागत के कारण कारों की कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया है. कंपनी के मुताबिक, 1 अगस्त 2026 से विभिन्न मॉडलों की कीमतों में अधिकतम 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी लागू होगी.
कंपनी ने क्या कहा?
- कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को 21 जुलाई को दी गई जानकारी में बताया कि पिछले कई महीनों से वह बढ़ती लागत का बोझ खुद उठाने की कोशिश कर रही थी. इसके लिए लागत कम करने के कई उपाय भी किए गए, लेकिन कच्चे माल की कीमतों, सप्लाई लागत और लगातार बनी हुई महंगाई के दबाव के चलते अब कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया है.
- हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि किस मॉडल की कीमत में कितनी बढ़ोतरी होगी. मॉडल-वार नई कीमतों की जानकारी जल्द जारी की जाएगी.
- इस घोषणा का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला, मारुति सुजुकी का शेयर बीएसई पर 0.64% की बढ़त के साथ 13,593.30 रुपये पर बंद हुआ,
किन कंपनियों ने बढ़ाई कीमतें?
- दरअसल, मारुति अकेली कंपनी नहीं है जिसने हाल के महीनों में कीमतें बढ़ाई हैं. इससे पहले टाटा मोटर्स ने भी अपनी पैसेंजर व्हीकल रेंज, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहन (EV) भी शामिल हैं, की कीमतों में 1 जुलाई से 1.5% तक की बढ़ोतरी की थी.
- इसी तरह हुंडई मोटर इंडिया ने जून से अपने कई मॉडलों के दाम 12,800 रुपये तक बढ़ाए थे, जबकि किआ इंडिया ने 1 जुलाई से अपने वाहनों की कीमतों में 2% तक की वृद्धि की थी.
- इन कंपनियों ने भी बढ़ती इनपुट कॉस्ट, कमोडिटी की ऊंची कीमतों और महंगाई को इसकी मुख्य वजह बताया था।
ऐसे में अगर आप नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो अगस्त से पहले और बाद की कीमतों की तुलना जरूर कर लें, क्योंकि आने वाले समय में ऑटो सेक्टर में कीमतों का दबाव और बढ़ सकता है.




