लू से बचने के लिए कैसा होना चाहिए रूटीन, क्या हीट वेव में रात में छत पर सोना सही? डॉक्टर ने क्या बताया
तेज गर्मी और हीट वेव के बीच सही रूटीन अपनाना बेहद जरूरी हो गया है. डॉक्टर के मुताबिक, शरीर में पानी की कमी और लापरवाही से लू लगने का खतरा बढ़ सकता है. गौतमबुद्ध नगर के एसीएमओ डॉ. टीकम सिंह ने बताया कि हीट वेव के दौरान रात में छत पर सोना पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जाता है.
गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है और हीट वेव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. तेज धूप, गर्म हवाएं और शरीर में पानी की कमी कई तरह की परेशानियां पैदा कर सकती हैं. ऐसे मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है. गौतमबुद्ध नगर के एसीएमओ और हीट के डिस्ट्रिक्ट नोडल ऑफिसर डॉ. टीकम सिंह ने गर्मी से बचने को लेकर कई जरूरी बातें बताई हैं.
डॉक्टर के अनुसार, दिन के मुकाबले रात में अभी गर्मी थोड़ी कम जरूर रहती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि रात में हीट वेव का असर नहीं हो सकता. शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सही रूटीन और खानपान बेहद जरूरी है.
हीट वेव से बचने के लिए बदलें रूटीन
तेज गर्मी में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए. डॉक्टर ने कहा कि अगर जरूरी काम हो तो सुबह या शाम के समय करें. इसके अलावा ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनना बेहतर माना जाता है. खासतौर पर सफेद रंग के कपड़े शरीर को ज्यादा गर्म होने से बचाने में मदद कर सकते हैं.
क्या रात में छत पर सोना सही है?
डॉ. टीकम सिंह ने रात में छत पर सोने से बचने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि छत पर सोने से कीड़े-मकोड़े और दूसरे जानवरों का खतरा भी रहता है. इसलिए सुरक्षित जगह पर सोना ज्यादा बेहतर होता है.
शरीर में पानी की कमी से बढ़ती है परेशानी
डॉ. टीकम सिंह ने बताया कि जब शरीर में पानी की कमी होने लगती है और बॉडी का तापमान बढ़ता है, तो व्यक्ति चिड़चिड़ापन महसूस करने लगता है. कई बार कमजोरी, सिरदर्द और थकान जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं. इसलिए गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी माना जाता है. उन्होंने सलाह दी कि दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए. साथ ही ज्यादा से ज्यादा लिक्विड डाइट जैसे नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और जूस लेने चाहिए.
चाय-कॉफी और शराब से बनाएं दूरी
डॉक्टर के मुताबिक, गर्मी के मौसम में चाय, कॉफी और शराब का सेवन कम करना चाहिए. खासतौर पर अल्कोहल शरीर में डिहाइड्रेशन बढ़ा सकता है, जिससे तबीयत खराब होने का खतरा बढ़ जाता है.
लू लगने पर क्या करें?
अगर किसी व्यक्ति को चक्कर आए, तेज कमजोरी महसूस हो, शरीर बहुत गर्म लगे या उलझन महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. डॉक्टर के अनुसार, लू लगने की स्थिति में तुरंत अस्पताल जाना चाहिए ताकि समय पर इलाज मिल सके.




