Mother’s Day 2026: सोशल मीडिया के दौर में कैसे बदल गया मदर्स डे? जानें इसके असली मायने
मदर्स डे अब सिर्फ मां के सम्मान का दिन नहीं, बल्कि सोशल मीडिया ट्रेंड और बड़े बिजनेस का हिस्सा भी बन चुका है. इमोशनल पोस्ट और वायरल रील्स के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या असली रिश्ते डिजिटल दिखावे में खो रहे हैं?.
Mothers's Day 2026: हर साल मई के दूसरे रविवार को मदर्स डे मनाया जाता है. इस दिन हम अपनी माताओं को विशेष रूप से याद करते हैं और उनका सम्मान करते हैं. लेकिन आज के सोशल मीडिया वाले समय में यह त्योहार काफी बदल गया है. क्या यह अब ट्रू ग्रटीटुडे और प्यार का दिन बनकर रह गया है, या फिर लाइक्स, कमेंट्स, शेयर्स और बड़े-बड़े विज्ञापनों का हिस्सा बन गया है? पहले मदर्स डे का मतलब था मां के लिए फूल लाना, केक काटना या छोटा-मोटा गिफ्ट देना. लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है. इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर हर तरफ #MothersDay और #HappyMothersDay हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं. लोग अपनी मां के साथ सेल्फी पोस्ट करते हैं, लंबे-लंबे इमोशनल मैसेज लिखते हैं और पुरानी यादों की रील्स बनाते हैं. लेकिन क्या ये सब असली भावनाओं से आ रहा है या सिर्फ दूसरों को दिखाने के लिए?.
मदर्स डे की शुरुआत और चिंता
मदर्स डे की शुरुआत अमेरिका में हुई थी. साल 1908 में एना जार्विस नाम की एक बेटी ने अपनी मां की याद में यह दिन शुरू किया. उन्होंने माओं की निस्वार्थ सेवा और त्याग को सम्मान देने के लिए यह पहल की. साल 1914 में अमेरिकी राष्ट्रपति वुड्रो विल्सन ने इसे आधिकारिक राष्ट्रीय दिन घोषित कर दिया. लेकिन एना जार्विस खुद बाद में इस दिन के बढ़ते कमर्शियलाइजेशन से बहुत नाराज हो गईं. वे कहती थीं कि लोग फूल, कार्ड और महंगे गिफ्ट्स पर इतना पैसा खर्च कर रहे हैं कि रियल फीलिंग्स कहीं खो गई है. आज सोशल मीडिया के जमाने में वही चिंता और भी ज्यादा गहरी हो गई है.
सोशल मीडिया का प्रभाव
सोशल मीडिया ने एक तरफ तो अच्छा काम किया है. जो बच्चे विदेश में या दूसरे शहरों में नौकरी कर रहे हैं, वे वीडियो कॉल के जरिए अपनी मां से बात कर पाते हैं. पुरानी तस्वीरें शेयर करके यादें ताजा कर लेते हैं. भारत में भी पिछले कुछ सालों में यह दिन बहुत लोकप्रिय हो गया है. शहरों से लेकर गांवों तक लोग इसे मनाते दिख रहे हैं. दूसरी तरफ, यह 'परफेक्ट मोमेंट' दिखाने का दबाव भी बढ़ा रहा है. कई लोग सोचते हैं कि अगर उन्होंने खूबसूरत पोस्ट नहीं डाला तो वे अच्छे बेटे या बेटी नहीं कहलाएंगे.
क्या कहते है एक्सपर्ट?
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सोशल मीडिया ने त्योहारों को भावनात्मक तुलना का मंच बना दिया है. दूसरों की पोस्ट देखकर लोग खुद को कमतर समझने लगते हैं. इससे गिल्ट फीलिंग बढ़ती है. बिजी लाइफ, ऑफिस का काम, जॉब का प्रेशर और शहर-शहर की भागदौड़ ने परिवारों के बीच दूरी बढ़ा दी है. लाखों युवा मां से साल में एक-दो बार ही मिल पाते हैं. ऐसे में मदर्स डे उनके लिए गिल्ट फीलिंग कम करने का मौका भी बन जाता है. इस बार कई लोग कह रहे हैं- 'मां के लिए समय नहीं दे पा रहे'. यही वजह है कि इस साल इमोशनल पोस्ट और वीडियो पहले से ज्यादा दिल को छू रहे हैं.
कमर्शियल साइड कितना मजबूत
ब्रांड्स के लिए मदर्स डे अब बड़ा बिजनेस है. अमेरिका में इस साल खर्च का अनुमान रिकॉर्ड 38 बिलियन डॉलर (लगभग 3.3 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंचने वाला है. ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्पेशल आउटिंग और फूलों पर सबसे ज्यादा खर्च हो रहा है. भारत में भी स्थिति कुछ ऐसी ही है. ई-कॉमर्स वेबसाइट्स पर 'मॉम स्पेशल ऑफ' हर तरफ दिख रहे हैं. फूल, पर्सनलाइज्ड गिफ्ट, केक, ज्वेलरी और स्पा वाउचर की बिक्री तेजी से बढ़ रही है. छोटे बिजनेस भी इसमें शामिल हो गए हैं- हैंडमेड कार्ड, कस्टम वीडियो मैसेज और फोटो फ्रेम की डिमांड बढ़ी है. इन्फ्लुएंसर्स और सोशल मीडिया कैंपेन इसे और आगे बढ़ा रहे हैं.
अब लोग क्या चाह रहे हैं?
पहले लोग महंगे गिफ्ट्स पर फोकस करते थे. लेकिन इस बार ट्रेंड बदलता दिख रहा है. कई लोग कह रहे हैं कि मां को महंगे सामान से ज्यादा समय चाहिए. फैमिली डिनर, छोटी ट्रिप, साथ में घूमना, पुरानी यादें शेयर करना और हाथ से लिखा नोट- ये चीजें तेजी से पॉपुलर हो रही हैं. एक्सपर्ट मानते है कि तेज लाइफस्टाइल ने परिवार में बातचीत कम कर दी है. मदर्स डे अब सिर्फ एक दिन का सेलिब्रेशन नहीं, बल्कि रिश्ते सुधारने का मौका बन गया है. मांओं की सबसे बड़ी शिकायत यही होती है कि बच्चे बड़े होने के बाद उनसे कम बात करते हैं.
असली मायने क्या रह गए?
मदर्स डे अब सिर्फ फीलिंग्स का फेस्टिवल नहीं रहा, यह बदलते रिश्तों, बढ़ते अकेलेपन और डिजिटल दुनिया की कहानी भी है. सोशल मीडिया ने हमें कनेक्ट किया है, लेकिन कभी-कभी असली जुड़ाव को भी कमजोर कर दिया है. मां को सबसे ज्यादा क्या चाहिए? जवाब बहुत सरल है- बच्चों का समय, अटेंशन और सम्मान. महंगा गिफ्ट एक दिन के लिए खुशी दे सकता है, लेकिन रोज की छोटी-छोटी बातें और केयर रिश्ते को मजबूत बनाती हैं. इस मदर्स डे पर पोस्ट जरूर कीजिए, लेकिन उससे पहले मां को फोन कीजिए, उनके पास बैठकर बात कीजिए और थोड़ा समय जरूर दीजिए क्योंकि असली मदर्स डे वही है जो दिल से मनाया जाए, न कि सिर्फ दिखाने के लिए। मां हमेशा रहती है, बस हम याद रखें.




