डबल मैंगो सैलेड रेसिपी: कच्चे-पके आम का कमाल, 10 मिनट में बनाएं रेस्टोरेंट जैसा क्रिस्पी सलाद
गर्मियों में आम का स्वाद और बढ़ाने के लिए ट्राई करें डबल मैंगो सलाद, जिसमें कच्चे और पके आम का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है. खास ड्रेसिंग और क्रिस्पी राइस पेपर कप इसे बनाते हैं बिल्कुल रेस्टोरेंट स्टाइल और हेल्दी.
गर्मियों में आम हर किसी के दिल में खास जगह रखता है. ताज़ा, रसीला, क्रीमी और बेहद स्वादिष्ट आम गर्मी के मौसम में हर किसी को बहुत पसंद आता है. लोग इसे सीधे खाते हैं, जूस बनाते हैं, मिठाइयां बनाते हैं और कई तरह के कुकिंग आइटम भी तैयार करते हैं. इस बार शेफ गुंतास सेठी ने एक बहुत ही मजेदार और अलग तरह का डबल मैंगो सलाद की रेसिपी शेयर की है, जो देखने में जितना सुंदर है, खाने में उतना ही डिलीशियस है.
आम सैलड से है बिल्कुल अलग
इस सलाद में खास कुरकुरापन है जो इसे और भी लाजवाब बना देता है. इसमें कच्चे और पके दोनों आमों का इस्तेमाल किया गया है. पके आम की मलाईदार मीठास और कच्चे आम की तीखी-खट्टी ताज़गी का कमाल का मेल इस सलाद को बहुत यूनिक बनाता है.
इंग्रेडिएंट्स
ड्रेसिंग के लिए: 2-3 लहसुन की कलियां (बारीक कटी हुई)
2 मोटी लाल मिर्च (कटी हुई)
2 बड़े चम्मच सोया सॉस
1 बड़ा चम्मच तिल का तेल
1 बड़ा चम्मच गुड़ का पाउडर
सैलड के लिए:
1 कच्चा आम (छीलकर बारीक कटा हुआ)
1 पका हुआ आम (छीलकर बारीक कटा हुआ)
1 प्याज (बारीक कटी हुई)
1 लाल शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 बड़ा चम्मच ताजी पुदीने की पत्तियां
1 बड़ा चम्मच भुनी हुई और कुटी हुई मूंगफली
रोमेन सलाद की पत्तियां (या कोई ताज़ी सलाद की पत्तियां)
राईस पेपर (2)
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले ड्रेसिंग तैयार करें:
लहसुन की कलियों को बारीक काट लें
लाल मिर्च को भी काट लें
दोनों को साथ में कूट लें ताकि उनका स्वाद अच्छे से निकल आए
अब इसमें 2 बड़े चम्मच सोया सॉस, 1 बड़ा चम्मच तिल का तेल और 1 बड़ा चम्मच गुड़ का पाउडर डालें
अच्छे से मिला लें, आपकी स्वादिष्ट ड्रेसिंग तैयार है
अब सलाद तैयार करें:
कच्चे आम और पके आम दोनों को अच्छे से छीलकर बारीक टुकड़ों में काट लें
प्याज और लाल शिमला मिर्च को भी बारीक काट लें
एक बड़े कटोरे में सभी कटी हुई चीजें डाल दें – कच्चा आम, पका आम, प्याज, शिमला मिर्च
ऊपर से ताजी पुदीने की पत्तियाँ और भुनी हुई कुटी मूंगफली डालें
अब तैयार की हुई ड्रेसिंग को पूरे मिश्रण पर डालें और अच्छे से चम्मच से मिला लें ताकि सारी चीजें ड्रेसिंग से अच्छे से कोट हो जाएं
सर्व का खास तरीका:
चावल के पतले कागज को बीच से काट लें
इन्हें माइक्रोवेव में कुछ सेकंड के लिए गरम करें. गरम करते ही ये फूलकर चिप्स की तरह कुरकुरे और क्रिस्पी हो जाएंगे
इन कुरकुरे चावल के कागज से छोटे-छोटे कप बना लें
हर कप के अंदर सबसे पहले रोमेन सलाद की पत्ती रखें
उसके ऊपर तैयार किया हुआ डबल मैंगो सलाद भर दें
यह रेसिपी इतनी खास क्यों है?
यह सलाद सिर्फ लाजवाब ही नहीं, बल्कि बहुत अनोखा भी है
दोनों तरह के आम: कच्चे आम की खटास और पके आम की मीठास का शानदार कॉम्बिनेशन बनता है.
मजेदार ड्रेसिंग: लहसुन, सोया सॉस, तिल का तेल और गुड़ का मिश्रण इसमें उमामी, मीठा और नमकीन स्वाद का कमाल का बैलेंस बनाता है
कुरकुरापन: चावल के कागज के कुरकुरे कप इस सलाद को बिल्कुल नया और रोचक अनुभव देते हैं
सुंदर परोसना: सलाद को कपों में परोसने से यह देखने में बहुत अट्रैक्टिव लगता है. घर पर बनाकर भी यह रेस्टोरेंट स्टाइल लगता है




