सेहत की भी हो जाएगी बल्ले-बल्ले, जानें नियमित भांगड़ा करने के फायदे
भांगड़ा ना सिर्फ खुशी मनाने का एक जरिया है, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर कर सकता है।
कोई शादी-ब्याह का अवसर हो या फिर ऑफिस की कोई पार्टी, भांगड़ा ऐसा डांस फॉर्म जो कोई भी कहीं भी करने लगता है। भांगड़ा ना सिर्फ खुशी मनाने का एक जरिया है, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर कर सकता है। इस डांस में संगीत पर तेजी से मूवमेंट्स करने होते हैं, जो इसे मजेदार बनाते हैं। यह डांस सभी उम्र के लोगों के लिए उपयुक्त है और इसे घर पर भी आसानी से किया जा सकता है। यह एक बेहतरीन कार्डियो एक्सरसाइज भी है। आइए, समझते हैं कि भांगड़ा करने से आपके शरीर को क्या-क्या फायदे मिल सकते हैं।
मांसपेशियों की मजबूती
भांगड़ा में अलग-अलग मूवमेंट्स शामिल होते हैं, जो शरीर की विभिन्न मांसपेशियों पर काम करते हैं। इसमें कंधे, हाथ, पैर और पेट की मांसपेशियों का उपयोग होता है। इन मूवमेंट्स के माध्यम से मांसपेशियों की ताकत बढ़ती है और आपकी बॉडी टोन्ड बनती है। इसके अलावा यह शरीर के लचीलेपन को भी बढ़ा सकता है, जिससे चोट लगने का खतरा कम हो जाता है। नियमित रूप से भांगड़ा करने से शरीर की सहनशक्ति भी बढ़ सकती है।
बढ़ाए एनर्जी
भांगड़ा करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह एक तरह से कार्डियो एक्सरसाइज का काम करता है। दरअसल, इसमें तेज गति से किए जाने वाले स्टेप्स होते हैं, जो दिल की धड़कन को बढ़ाते हैं और कैलोरी बर्न करने में मदद कर ,कते हैं। नियमित रूप से भांगड़ा करने से हृदय का स्वास्थ्य बेहतर होता है और स्टैमिना भी बढ़ता है। इसलिए इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा जरूर बनाएं।
मेंटल हेल्थ के लिए फायदेमंद
भांगड़ा न केवल शारीरिक बल्कि मेंटल हेल्थ के लिए भी फायदेमंद है। इसमें तेज संगीत और ऊर्जावान मूवमेंट्स तनाव को कम करने में मदद करते हैं और मनोबल बढ़ा सकते हैं।नियमित रूप से भांगड़ा करने से एंडोर्फिन हार्मोन रिलीज होते हैं, जो खुशी का अनुभव कराते हैं। इसके अलावा, समूह में भांगड़ा करने से सामाजिक संबंध मजबूत होते हैं और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। यह मानसिक शांति और संतुलन बनाए रखने में सहायक है।





