तू रैपिडो चला रहा होता! वड़ापाव गर्ल Chandrika Dixit ने दिखाई पति की चैट्स; दो महिलाओं से चीट करने का आरोप
दिल्ली की मशहूर वड़ा पाव गर्ल चंद्रिका दीक्षित ने अपने पति युगम गेरा पर बेवफाई और धोखे के गंभीर आरोप लगाए हैं. दोनों के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं.
दिल्ली की मशहूर 'वड़ा पाव गर्ल' चंद्रिका दीक्षित (Chadrika Dixit) इन दिनों सोशल मीडिया पर बहुत चर्चा में हैं. वे पहले स्ट्रीट फूड बेचने वाली एक साधारण लड़की थीं, लेकिन एक इमोशनल वीडियो वायरल होने के बाद रातों-रात स्टार बन गईं. चंद्रिका दिल्ली के सैनिक विहार इलाके में वड़ा पाव का स्टॉल चलाती थी. एक बार दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने उनके स्टॉल को बंद करने की धमकी दी थी तब उन्होंने रोते-रोते एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूरी और संघर्ष की बात बताई. यह वीडियो इतना तेजी से वायरल हुआ कि लाखों लोगों ने उन्हें सपोर्ट किया. लोग उनकी ईमानदारी और मेहनत से प्रभावित हुए. इसी वजह से उन्हें 'वड़ा पाव गर्ल' का नाम मिला. बाद में वे Bigg Boss OTT 3 में भी गईं और और ज्यादा फेमस हो गईं.
हाल ही में चंद्रिका ने अपने पति युगम गेरा पर बहुत गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर इमोशनल वीडियो डाले, जिसमें रोते हुए बताया कि युगम ने उन्हें धोखा दिया है. उन्होंने पति की कथित चैट्स के स्क्रीनशॉट और दूसरी महिला के साथ ब्लर फोटो दिखाए. चंद्रिका ने कहा कि पिछले 2 महीनों से वह यह सब सह रही हैं. घर, बच्चा और काम तीनों संभालते हुए उन्हें बहुत तकलीफ हुई.
चंद्रिका का एक और खुलासा
एक नए वीडियो में चंद्रिका एक डार्क रूम में बंधी हुई दिखीं, फिर कोई उनके मुंह से कपड़ा हटाता है और लाइट जलाता है. उसके बाद वे कहती हैं, 'इतने बुरे दिन भी नहीं आए मेरे.' वे पति से कहती हैं, 'तुझे मेरी करनी अय्याशी लग रही है?. उन्होंने आरोप लगाया कि युगम ने कार में दो महिलाओं के साथ कुछ गलत किया, MMS या वीडियो बनाए, लेकिन अब उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता. चंद्रिका ने यह भी कहा कि अब वे न तो युगम की दुकान पर जाना चाहती हैं और न ही उससे कोई रिश्ता रखना चाहती हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने ही युगम का करियर बनाया, उसकी मदद की, वरना वह आज भी Rapido राइडर बनकर काम कर रहा होता.
युगम गेरा का जवाब क्या है?
युगम ने भी वीडियो डालकर जवाब दिया. उन्होंने अपनी गलती मानी, लेकिन कहा कि बात को इतना बड़ा नहीं बनाना चाहिए. उन्होंने कहा – 'तुझे मैंने बनाया है, याद रख' और काउंटर सबूत होने का दावा किया. उन्होंने चंद्रिका पर भी अफेयर का आरोप लगाया और धमकी दी कि दुकान का एक्सेस कभी नहीं मिलेगा. 5 दिन पहले चंद्रिका ने पहला वीडियो डाला था जिसमें बेवफाई का आरोप लगाया. बाद में एक अनजान आदमी के साथ उनका वीडियो आया, जिसमें सिंदूर और शादी जैसा माहौल दिखा. इससे लोगों को शक हुआ कि क्या उन्होंने दोबारा शादी कर ली? लेकिन यह साफ नहीं है कि सच क्या है.
लोगों की राय क्या है?
सोशल मीडिया पर लोग दो हिस्सों में बंटे हुए हैं. कुछ चंद्रिका का सपोर्ट कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वह बहुत बहादुर है. कुछ लोग इसे ड्रामा या पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'राखी सावंत को ड्रामे में टक्कर दे रही है.' दूसरे ने कहा, 'बिजनेस अब काम नहीं कर रहा तो कमाई के लिए नया स्टंट. कई लोगों ने उनके छोटे बच्चे के लिए दुख जताया, 'बच्चे के लिए बुरा लग रहा है.'





