रिलेशनशिप हो गया है बोरिंग? 777 रूल लाएगा आपके रिश्ते में रोमांस, जानें कैसे
अगर आपका रिश्ता रोज़मर्रा की बातों में उलझकर फीका पड़ने लगा है, तो 777 रूल आपके लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है. यह आसान सा प्लान रिश्ते में फिर से रोमांस और नज़दीकियां भर देता है.
क्या आपका रिश्ता भी “क्या खाया?”, “कब आओगे?” और “फोन रखो, मीटिंग है” जैसी बातों तक सिमट गया है? अगर हां, तो समझ लीजिए कि रोमांस को थोड़ी छुट्टी मिल गई है. लेकिन घबराइए नहीं, रिश्ते को फिर से मजेदार बनाने के लिए एक दिलचस्प फॉर्मूला तेजी से पॉपुलर हो रहा है. यह 777 रूल है.
यह कोई जादू नहीं, बल्कि साथ बिताए समय का स्मार्ट प्लान है, जो कपल्स को फिर से करीब लाने में मदद करता है. इस रूल को फॉलो करने से आपके रिश्ते में नई जान आ सकती है.
ये भी पढ़ें :क्या है Dolphin Skin Nails ट्रेंड? आखिर क्यों हो रहे हैं वायरल, घर बैठे ऐसे पाएं ये लुक
क्या है 777 डेटिंग रूल?
- हर 7 दिन: इस नियम के पहले स्टेप में हर 7 दिन में एक डेट. यह डेट महंगी या शानदार हो, ऐसा जरूरी नहीं. घर की बालकनी में चाय, साथ में मूवी नाइट, या बिना फोन के लंबी बातचीत भी डेट हो सकती है. मकसद है बिना किसी परेशानी के एक-दूसरे पर ध्यान देना.
- हर 7 हफ्ते: लगातार एक जैसे माहौल में रहने से रिश्ते में बोरियत आ सकती है. इसलिए 7 हफ्तों में एक बार, एक ओवरनाइट ट्रिप प्लान करें. यह किसी पास के होटल में स्टेकेशन हो सकता है या शहर से बाहर एक रात की सैर. माहौल बदलते ही बातचीत, हंसी और नजदीकियां खुद-ब-खुद बढ़ जाती हैं.
- हर 7 महीने: 777 नियम का तीसरा हिस्सा हर 7 महीने में एक लंबी छुट्टी प्लान करना है. यह ट्रिप सिर्फ घूमने के लिए नहीं, बल्कि रिलैक्स होने और एक-दूसरे के साथ गहराई से जुड़ने का मौका देता है. नई जगह, नए एक्सपीरियंस और साथ बिताया लंबा समय रिश्ते को नई एनर्जी देता है.
क्यों पसंद आ रहा है यह फॉर्मूला?
यह फॉर्मूला इसलिए पॉपुलर हो रहा है क्योंकि यह रिश्ते को रूटीन से बाहर निकालता है. छोटे-छोटे ब्रेक, नए अनुभव और मुलाकातें कपल्स के बीच की दूरी कम करती हैं. सबसे अच्छी बात इसमें पैसे से ज्यादा मौजूदगी मायने रखती है. 777 नियम हमें याद दिलाता है कि प्यार अपने आप नहीं चलता, उसे समय देना पड़ता है. थोड़ा प्लानिंग, थोड़ा साथ और ढेर सारी बातचीत- यही इस नियम का असली जादू है. इसके अलावा आप 3-6-9 रूल भी फॉलो कर सकते हैं. यह एक रिश्ते को परखने का सबसे सही तरीका है.





