कपूर करेगा बालों की समस्या को दूर, ऐसे करें इस्तेमाल
क्या आप जानते हैं कि कपूर एक औषधी की तरह बालों की समस्याओं का प्राकृतिक इलाज कर सकता है।

आमतौर पर कपूर का इस्तेमाल पूजा के लिए होता है। हालांकि, इसमें कई तरह के औषधीय गुण भी होते हैं। क्या आप जानते हैं कि यह एक औषधी की तरह बालों की समस्याओं का प्राकृतिक इलाज कर सकता है। इसमें ऐसे कंपाउंड होते हैं, जो बालों को मजबूत बनाते हैं और स्कैल्प को भी हेल्दी बनाते हैं। आइए जानते हैं कि बालों पर किन-किन तरीकों से कपूर का इस्तेमाल किया जा सकता है और इसके क्या फायदे हैं।
दही और कपूर मिक्सचर
बालों को जड़ से मजबूत बनाने के लिए कपूर और दही के मिकस्चर का इस्तेमाल करें। इसके लिए सबसे पहले दही में कपूर का पाउडर मिलाएं। अब इस मिश्रण को बालों की जड़ों में अच्छे से लगा लें। इसके बाद करीब 30 मिनट के बाद शैम्पू से बाल धो लें।
कपूर और नारियल तेल
अगर आपके बाल काफी ज्यादा टूटते हैं तो इसे रोकने के लिए कपूर और नारियल के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। कपूर के तेल और नारियल के तेल को बराबर मात्रा में मिलाएं। इस मिक्सचर से बालों में अच्छी तरह मालिश करें। इसे लगाने के बाद अपने बालों को 30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें, फिर शैंपू लगाकर बालों को धो लें।
कपूर और नीम
एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर नीम डैंड्रफ से राहत दिलाने में मदद करता है, जबकि कपूर स्कैल्प से गंदगी को दूर कर सकता है। इसके भरपूर फायदे के लिए कुछ नीम की पत्तियों को मिक्सी में पीस लें, फिर इसमें पिसा हुआ कपूर मिलाएं। अब इस मिश्रण को स्कैल्प पर अच्छे से लगाएं और इसे करीब 40 मिनट बाद धो लें।
कपूर के तेल और गुड़हल के फूल का पेस्ट
अगर आपके बाल रूखे हो गए हैं तो कपूर के तेल और गुड़हल के फूलों का मिश्रण फिर से सॉफ्ट बना सकता है। गर्म तिल के तेल में 6-8 गुड़हल के फूल डालें और जब तेल का रंग बदल जाए तो पैन को ढककर अलग रख दें। थोड़ी देर बाद इसमें कपूर के तेल की कुछ बूंदें मिलाएं। अब इस मिश्रण को बालों में लगाने के 30-45 मिनट बाद शैंपू से धो लें। इसके इस्तेमाल से आप नैचुरली शाइनी और सिल्की बाल पा सकते हैं।