नाश्ते में करते हैं दूध का सेवन, तो इन नुकसान के बारे में जान लें
सुबह खाली पेट दूध अन्य पोषक तत्वों के एब्सोर्पशन में रुकावट पैदा कर सकता है। दूध में मौजूद कैल्शियम आयरन जैसे पोषक तत्वों के एब्सोर्पशन को ब्लॉक करता है।

दूध हमारे आहार का अभिन्न हिस्सा है। इसे पौष्टिक भी माना जाता है। खासकर, बच्चों की बढ़ती उम्र में उनके सही विकास के लिए उन्हें रोजाना दूध पिलाया जाता है। कुछ माएं सुबह सुबह अपने बच्चे को दूध और बिस्किट खिलाकर स्कूल भेजती हैं और कुछ रात में सोने से पहले एक बड़ा दूध का गिलास बच्चों को पिलाती हैं। अधिकतर घरों में दूध सुबह ब्रेकफास्ट का हिस्सा होता है। और अगर बच्चे ब्रेकफास्ट करने में आनाकानी करते हैं तो उन्हें एक गिलास दूध पिला कर एक संतुष्टि का अनुभव होता है।
सिर्फ बच्चे ही नहीं, जिम जाने वाले वयस्क भी दूध से अपने पोषण की भरपाई करते हैं। घर में यदि कोई बीमार है, तो उसे दूध पिलाया जाता है। हालांकि, अगर आप खाली पेट दूध पीते हैं तो फायदों की बजाय इसके नुकसान हो सकते हैं। आइए, जानते हैं खाली पेट दूध पीने से क्या होता है।
खाली पेट दूध पाचन क्रिया को प्रभावित करता है। इससे ब्लोटिंग, गैस, कब्ज़ जैसी पाचन संबंधी समस्याएं शुरू हो जाती हैं।
आयुर्वेद के अनुसार सुबह खाली पेट दूध पीना सेहत को फायदे से अधिक नुकसान पहुंचाता है। दूध में एक शुगर पाया जाता है जिसे लैक्टोज कहते हैं। ये इंसुलिन स्पाइक कर सकता है।
कुछ लोग इसे पचाने में असमर्थ होते हैं जिन्हें लैक्टोज़ इंटोलेरेंट कहा जाता है। ऐसे लोग अगर सुबह खाली पेट दूध पीते हैं तो एलर्जिक रिएक्शन हो सकते हैं जैसे स्किन में खुजली, सांस लेने में दिक्कत, डायरिया आदि।
दूध एसिडिक होता है, इसलिए सुबह खाली पेट दूध पीने से कुछ लोगों को एसिडिटी की समस्या हो सकती है। फैट से भरपूर दूध सीने में जलन और एसिडिटी पैदा कर सकता है।
फुल फैट मिल्क कैलोरी से भरपूर होता है और सुबह सुबह खाली पेट इसे पीने से तेजी से वजन बढ़ता है।
सुबह खाली पेट दूध अन्य पोषक तत्वों के एब्सोर्पशन में रुकावट पैदा कर सकता है। दूध में मौजूद कैल्शियम आयरन जैसे पोषक तत्वों के एब्सोर्पशन को ब्लॉक करता है। इससे शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने लगती है।
फैट और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स से भरपूर दूध सुबह खाली पेट पीने से पाचन क्रिया को धीमा कर देता है।