महिला आरक्षण कब और कैसे: अब 'कोटा के भीतर कोटा' की नई बहस, समाधान या समस्या?
महिला आरक्षण कब लागू होगा? “कोटा के भीतर कोटा” पर बढ़ती बहस, BJP-कांग्रेस का रुख और मुस्लिम महिलाओं के प्रतिनिधित्व का पूरा विश्लेषण पढ़ें.
भारत में महिला आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस के केंद्र में है. संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का कानून पारित होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह लागू कब होगा. इसी के साथ “कोटा के भीतर कोटा” की नई बहस ने इस मुद्दे को और जटिल बना दिया है. एक तरफ भारतीय जनता पार्टी इसे ऐतिहासिक कदम बताकर प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करने की बात करती है, वहीं, इंडिया गठबंधन के कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके व अन्य दल और Asaduddin Owaisi जैसे नेता इसके लागू होने में देरी और सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठा रहे हैं. ऐसे में यह बहस केवल “कब लागू होगा” तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि “कैसे लागू होगा और किसे कितना मिलेगा” तक फैल चुकी है. जानें, स्टेट मिरर से बातचीत में राज्यसभा में सचेतक और वरिष्ठ बीजेपी नेता लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने क्या कहा?
महिला आरक्षण कानून पास, लेकिन लागू कब?
महिला आरक्षण को संसद से मंजूरी मिलना निश्चित रूप से एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. इसका उद्देश्य राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी भूमिका को मजबूत करना है, लेकिन इस कानून के लागू होने को जनगणना (Census) और परिसीमन (Delimitation) से जोड़ दिया गया है, जिससे इसकी समयसीमा अनिश्चित हो गई है. यही वजह है कि अब बहस का केंद्र यह बन गया है कि क्या यह आरक्षण तुरंत लागू होना चाहिए या फिर नई सीट संरचना तय होने के बाद ही इसे लागू करना ज्यादा उचित होगा.
BJP का रुख: पहले प्रक्रिया, फिर आरक्षण, अब बदला रुख
बीजेपी का पहले रुख था कि महिला आरक्षण को लागू करने से पहले दो महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं पूरी होनी चाहिए. नई जनगणना और उसके आधार पर परिसीमन. इसका सीधा मतलब यह है कि यह आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव या उसके बाद ही लागू हो सकता है. ऐसे में बीजेपी ने फैसला लिया कि हर राज्य में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाकर इसे फिलहाल लागू कर दिया जाए. बाद में परिसीमन और जनगणना के हिसाब से इसे सुव्यवस्थित कर लिया जाएगा.
Congress का रुख: देरी क्यों, इन शर्तों पर अभी लागू करो
कांग्रेस ने इस मसले को लपकते हुए BJP से बिल्कुल अलग रुख अपनाती नजर आई. कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाना चाहिए और इसे Census व Delimitation से जोड़ना अनावश्यक देरी है. कांग्रेस यह भी तर्क देती है कि 2011 की जनगणना के आधार पर भी यह आरक्षण लागू किया जा सकता है. इसके अलावा, पार्टी “कोटा के भीतर कोटा” की मांग करते हुए कहती है कि OBC महिलाओं के लिए अलग आरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि सामाजिक न्याय का संतुलन बना रहे. कांग्रेस की इस जिद ने मामले को फंसा दिया.
SP का रुख: बिना OBC कोटा अधूरा आरक्षण
Samajwadi Party महिला आरक्षण का समर्थन तो करती है, लेकिन इसे अधूरा मानती है. पार्टी का कहना है कि यदि OBC महिलाओं के लिए अलग हिस्सेदारी तय नहीं की गई, तो यह आरक्षण केवल उच्च वर्ग की महिलाओं तक सीमित रह जाएगा. SP का जोर इस बात पर है कि भारतीय समाज की विविधता को ध्यान में रखते हुए आरक्षण की संरचना तैयार की जानी चाहिए. इसलिए “कोटा के भीतर कोटा” उसके लिए केवल एक मांग नहीं, बल्कि आवश्यक शर्त है.
Asaduddin Owaisi ने उठाए प्रतिनिधित्व का सवाल
एआईएमआईएम प्रमुख Asaduddin Owaisi महिला आरक्षण के मौजूदा स्वरूप की आलोचना करते हैं. उनका कहना है कि इसमें मुस्लिम और OBC महिलाओं के लिए अलग प्रावधान नहीं है, जिससे यह आरक्षण असमान हो सकता है. ओवैसी का तर्क है कि मुस्लिम महिलाएं पहले से ही राजनीतिक प्रतिनिधित्व में पीछे हैं. यदि उन्हें अलग से स्थान नहीं दिया गया, तो यह आरक्षण उनके लिए प्रभावी साबित नहीं होगा. उनका यह दृष्टिकोण महिला आरक्षण की बहस में अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व को प्रमुख मुद्दा बना देता है.
“कोटा के भीतर कोटा”: समाधान या नई समस्या?
“कोटा के भीतर कोटा” का अर्थ है कि महिलाओं के लिए निर्धारित 33% आरक्षण के अंदर ही विभिन्न सामाजिक वर्गों- जैसे SC, ST और ोब्स की महिलाओं के लिए अलग-अलग हिस्सेदारी तय की जाए. इस विचार के समर्थकों का मानना है कि इससे सभी वर्गों की महिलाओं को समान अवसर मिलेगा और आरक्षण का लाभ केवल कुछ विशेष वर्गों तक सीमित नहीं रहेगा. लेकिन इसके विरोधियों का तर्क है कि इससे आरक्षण की प्रक्रिया और जटिल हो सकती है और राजनीतिक विवाद बढ़ सकते हैं. यानी यह अवधारणा एक तरफ सामाजिक न्याय का माध्यम है, तो दूसरी तरफ इसे लागू करना प्रशासनिक और कानूनी दृष्टि से चुनौतीपूर्ण भी है.
मुस्लिम महिलाओं का सवाल: संवेदनशील लेकिन जटिल
भारत में मुस्लिम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी अपेक्षाकृत कम है. इसके पीछे सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक कारण हैं. Asaduddin Owaisi जैसे नेता इस मुद्दे को उठाते हुए कहते हैं कि महिला आरक्षण के भीतर मुस्लिम महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान होना चाहिए.
हालांकि, धर्म के आधार पर आरक्षण देना भारतीय संविधान के तहत जटिल और विवादास्पद विषय है. इसलिए यह मांग राजनीतिक रूप से तो मजबूत है, लेकिन इसे लागू करना आसान नहीं है. यही कारण है कि यह मुद्दा बहस का हिस्सा बना हुआ है, लेकिन समाधान अभी स्पष्ट नहीं है.
अब असली लड़ाई “कब” और “कैसे” पर अटकी
महिला आरक्षण को लेकर सभी दल सिद्धांततः सहमत हैं, लेकिन असली विवाद इसके लागू होने के समय और तरीके को लेकर है. BJP जहां इसे भविष्य की प्रक्रिया से जोड़ती है, वहीं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसे तुरंत लागू करने की मांग करते हैं. इसके अलावा “कोटा के भीतर कोटा” की बहस यह दिखाती है कि अब सवाल केवल महिलाओं की संख्या बढ़ाने का नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने का है कि समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को बराबर अवसर मिले.
समाधान या उलझन?
महिला आरक्षण निस्संदेह भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने वाला कदम है, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि यह कितना समावेशी और व्यावहारिक है. “कोटा के भीतर कोटा” एक तरफ सामाजिक न्याय को गहरा करने का प्रयास है, लेकिन दूसरी तरफ यह नई जटिलताएं भी पैदा कर सकता है. इसलिए जरूरी है कि इस मुद्दे पर राजनीतिक सहमति और संतुलित दृष्टिकोण अपनाया जाए, ताकि यह कानून केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तव में समाज के हर वर्ग की महिलाओं को सशक्त बना सके.
‘आरक्षण नहीं, नियंत्रण की लड़ाई’: हिस्सेदारी का डर - लक्ष्मीकांत वाजपेयी
उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान राज्यसभा सांसद व मुख्य सचेतक डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी का इस मसले पर कहना है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ जल्द से जल्द मिले, इसके लिए मोदी सरकार संसद के विशेष सत्र के दौरान प्रस्ताव लेकर आई थी. लोकसभा में इसे पेश भी किया गया, लेकिन इंडिया गठबंधन के कांग्रेस, टीएमसी, सपा, आरजेडी, डीएमके व अन्य परिवारवादी पार्टियों ने एकजुट होकर दो तिहाई बहुमत से प्रस्ताव को पास नहीं होने दिया. सभी ने एक सुर में सदन में खड़े होकर इस बिल को रोक दिया. उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि इंडी गठबंधन परिवारवादी पार्टियां हैं, ये नहीं चाहते हैं कि महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिले.
उन्होंने यह पूछे जाने पर कि जब आपको पता था कि यह बिल पास होना ही नहीं है, तो आप लेकर आए ही क्यों? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की इस मसले पर मंशा साफ है. सरकार को पता है कि 2023 में जिन शर्तों के आधार पर यह बिल पास हुआ था, उसके मुताबिक पहले जनगणना और फिर परिसीमन होगा. उसके बाद महिला आरक्षण लागू होगा. लोकसभा चुनाव 2024 में हमारी पार्टी ने महिलाओं से वादा किया था कि 2029 के चुनाव में इसे लागू करेंगे.
लक्ष्मीकांत वाजपेयी के अनुसार, चूंकि जनगणना कराने और परिसीमन की प्रक्रियाओं को पूरा होने में समय लग रहा था. उस हिसाब से 2029 में महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिलना मुश्किल था. इसलिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फैसला लिया कि हर राज्य में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ा दी जाए. इसलिए विशेष सत्र बुलाकर यह प्रस्ताव सरकार ने संसद के सामने रखा. पीएम ने खुद भी अपना मंतव्य सदन में स्पष्ट किया. ताकि 2029 से महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिल सके. इस प्रस्ताव में किसी राज्य का अहित नहीं होने वाला था. सभी राज्यों की जितनी सीटें, उससे 50 प्रतिशत सीटें बढ़ जाती. फिर ये सवाल भी नही उठता कि दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को जनसंख्या नियंत्रण करने, शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य क्षेत्रों में विकास का नुकसान हुआ. ऐसा करने से सभी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व का औसत उतना ही रहता जितना पहले से है.
जब उनसे स्टेट मिरर के प्रतिनिधि ने सवाल पूछा कि मसला अटक कहां गया? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि जनगणना और परिसीमन की प्रक्रियाओं को पूरा करने में काफी समय लगता. सरकार जो प्रस्ताव लेकर आई थी, उसके हिसाब से लोकसभा में सीटों की संख्या 850 पहुंच जाती और आरक्षण लागू भी हो जाता. लेकिन कांगेस सहित अन्य विपक्षी दल इस बात पर अड़ गए कि पहले आप 2023 में पारित प्रस्ताव के अनुसार जनगणना कराओ. फिर परिसीमन कराओ, उसके बाद आरक्षण लागू करो. विपक्ष ने एक सुर में सरकार के प्रस्ताव को नकार दिया. यही पर मसला अटक गया.
जब उनसे यह पूछा गया कि ये तो आपका पता था कि सरकार के पास दो तिहाई बहुमत नहीं है. तो उन्होंने बताया कि सच ये भी है कि 2023 में विपक्ष ने लोकसभा चुनाव नजदीक होने की वजह से बिल तो पास करा दिया. अब कांग्रेस सहित अन्य परिवारवादी पार्टियों को डर सता रहा है कि अगर 33 प्रतिशत आरक्षण वाला फॅार्मूला लागू हो गया तो, यह मामला सिर्फ संसद व विधानसभाओं में हिस्सेदारी तक सीमित नहीं रहेगा. सभी पार्टियों को अपने अपने संगठन के अंदर भी 33 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को आरक्षण का लाभ देना होगा. यानी इसकी आग परिवारवादी पार्टियों के घर तक पहुंचता. ऐसा नहीं है, तो कांग्रेस वाले प्रियंका गांधी को क्यों नही कांग्रेस में फ्रंट पर लाते. यही आल अन्य क्षेत्रीय पार्टियों के भीतर भी है.
'कोटे के भीतर कोटे' के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बड़ा मसला नहीं है. इस पर बीजेपी भी सहमत है कि जिस कोटे को जितना आरक्षण है, वो लाभ 33 प्रतिशत वाले कोटे में भी उसी हिसाब से फिक्स कर देंगे. अगर यही मसला होता तो फिर यह बिल संसद में पास हो गया होता. असल मसला तो परिवार में प्रभुत्व का है.




