6000 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग, 2023 में इंटरपोल का रेड नोटिस... दुबई में पकड़ा गया महादेव बेटिंग ऐप का को-फाउंडर रवि उप्पल कौन?
महादेव बेटिंप ऐप के को-फाउंडर रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किया गया है. रवि उप्पल पर महादेव बेटिंग ऐप के जरिए करीब 6,000 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप है.
Ravi Uppal Mahadev betting app
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के को-फाउंडर रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किया गया. भारतीय जांच एजेंसियों के मुताबिक, उप्पल करोड़ों रुपये के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क का प्रमुख आरोपी है. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर इस मामले में यह दूसरी बड़ी कामयाबी है. ईडी और सीबीआई का आरोप है कि महादेव ऐप के जरिए करीब 6,000 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाया गया. इस मामले में ईडी अब तक हजारों करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त कर चुका है.
रवि उप्पल की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले ही उसके कारोबारी साझेदार और इस सिंडिकेट के दूसरे कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाने की प्रक्रिया पूरी हुई थी. हालांकि, भारतीय एजेंसियों को अभी तक उप्पल की गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी संयुक्त अरब अमीरात की ओर से नहीं मिली है.
दुबई में कैसे पकड़ा गया रवि उप्पल?
अधिकारियों के अनुसार, भारतीय एजेंसियों को अनौपचारिक सूत्रों के जरिए रवि उप्पल की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है. यूएई की ओर से अभी तक भारत के साथ इस संबंध में कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है. भारतीय अधिकारी सही माध्यमों से जानकारी जुटा रहे हैं, ताकि उसको भारत लाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर भारत सरकार के एक अधिकारी ने कहा "हमें भरोसेमंद सोर्स से पता चला है कि रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है. यह एक बड़ी कामयाबी है. हम उसे जल्द से जल्द UAE से एक्सट्रैडाइट करवाने की कोशिश करेंगे."
पहले कब दुबई में पकड़ा गया था रवि उप्पल?
रवि उप्पल के खिलाफ अक्टूबर 2023 में इंटरपोल का रेड नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद दिसंबर 2023 में दुबई के अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया था, हालांकि, करीब 45 दिनों बाद उसे रिहा कर दिया गया. अब एक बार फिर उसकी गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की कोशिश तेज कर रही हैं.
कौन है रवि उप्पल?
रवि उप्पल का जन्म 30 सितंबर 1980 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई शहर में हुआ था. महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए कथित तौर पर करोड़ों रुपये का कारोबार खड़ा करने से पहले वह भिलाई में छोटे स्तर पर कारोबार करता था. बताया जाता है कि वह पहले बोरवेल के ठेके लेने और तेल से जुड़े छोटे-मोटे व्यवसायों में शामिल था. भिलाई में उसका एक बड़ा पारिवारिक बंगला भी है. जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद से यह बंगला बंद पड़ा है.
महादेव ऐप मामले में क्या हैं आरोप?
सीबीआई और ईडी के मुताबिक, महादेव ऐप के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाया जा रहा था. जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस नेटवर्क के माध्यम से करीब 6,000 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग की गई. इस मामले में रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर को प्रमुख आरोपी माना गया है. ईडी इस कथित सिंडिकेट से जुड़ी संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है.




