Salman Khan की मातृभूमि को लेकर बड़ा अपडेट, इस डेट को आ सकता है ट्रेलर, इतना होगा लंबा, मिला कौनसा सर्टिफिकेट?
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर आखिरकार नई खबर सामने आई है. पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से घोषित हुई इस फिल्म का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. अब इसके ट्रेलर को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिल गई है. खबर है कि 6 नवंबर को ट्रेलर जारी हो सकता है.
सलमान खान की 'मातृभूमि' के ट्रेलर की रिलीज डेट आई सामने
सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' जब से चर्चा में आई है, तभी से दर्शकों को इसका इंतजार है. बाद में फिल्म का नाम बदलकर 'मातृभूमि' कर दिया गया, लेकिन इसके बाद से इसकी रिलीज को लेकर लगातार असमंजस बना हुआ था. कभी फिल्म की कहानी तो कभी इसकी रिलीज टलने की खबरों ने प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ाए रखी. अब महीनों के इंतजार के बाद फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है.
दरअसल, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने 'मातृभूमि' के ट्रेलर को मंजूरी दे दी है. खबर है कि 6 नवंबर को इसका ट्रेलर जारी किया जा सकता है. खास बात यह है कि ट्रेलर की लंबाई 4 मिनट 43 सेकंड बताई जा रही है. ऐसे में सलमान खान के प्रशंसकों के मन में सवाल है कि आखिर फिल्म में गलवान की जंग को किस तरह दिखाया गया है और यह फिल्म सिनेमाघरों में कब दस्तक देगी?
कब होगा ट्रेलर रिलीज?
Variety India की रिपोर्ट के हिसाब से , सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' का ट्रेलर शुक्रवार यानी 6 नवंबर को रिलीज किया जा सकता है. CBFC की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रेलर को U/A 16+ प्रमाणपत्र मिला है और इसकी लंबाई 4 मिनट 43 सेकंड है. ट्रेलर की इतनी लंबी अवधि ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है.बॉलीवुड में लंबे ट्रेलर का चलन नया नहीं है, लेकिन 'मातृभूमि' का ट्रेलर इस मामले में खास रहने वाला है. इससे पहले 'सिंघम अगेन' का ट्रेलर 4 मिनट 58 सेकंड का था, जबकि 'रामायण' का पहला ट्रेलर 4 मिनट 15 सेकंड लंबा था. ऐसे में सलमान की फिल्म का ट्रेलर भी बॉलीवुड के सबसे लंबे ट्रेलरों में शामिल हो सकता है.
क्यों 'बैटल ऑफ गलवान' से बदलकर रखा गया 'मातृभूमि' नाम?
इस फिल्म की घोषणा पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से की गई थी. इसकी कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प पर आधारित है. फिल्म में सलमान खान एक सैनिक की भूमिका में नजर आएंगे. पहले इसे इसी साल अप्रैल में सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की तैयारी थी, लेकिन संवेदनशील विषय और उससे जुड़े विवादों के बीच इसकी रिलीज टाल दी गई.फिलहाल फिल्म की नई रिलीज तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स सेंसर बोर्ड से जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही सिनेमाघरों में फिल्म उतारने की तारीख तय करेंगे.
क्यों गाया सलमान ने 11 साल बाद गाना?
फिल्म को लेकर चर्चा के बीच सलमान ने हाल ही में अपने प्रशंसकों को एक और तोहफा दिया है. उन्होंने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' गाना लॉन्च किया है, जिसमें उनके साथ 'मातृभूमि' की सह-कलाकार चित्रांगदा सिंह भी नजर आ रही हैं. इस गाने के जरिए सलमान करीब 11 साल बाद गायकी में लौटे हैं. इससे पहले उन्होंने 2015 में फिल्म 'हीरो' के लिए 'मैं हूं हीरो तेरा' गाया था.वहीं, काम की बात करें तो सलमान इन दिनों 'बिग बॉस 20' के वीकेंड का वार की मेजबानी कर रहे हैं. इसके अलावा वह निर्देशक वामशी पैडिपल्ली की अगली फिल्म SVC63 में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ नयनतारा भी दिखाई देंगी.




