कौन हैं 56 साल के संजीव सान्याल? बंगाल के नए वित्त मंत्री होने की चर्चा, पढ़ाई लिखाई में भी अव्वल
56 वर्षीय अर्थशास्त्री संजीव सान्याल इन दिनों बंगाल की राजनीति में चर्चा के केंद्र में हैं. खबरों के अनुसार, उन्हें राज्य के संभावित वित्त मंत्री के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. आइए इस कहानी में उनको बारे विस्तार से जानते हैं...
संजीव सान्याल को लेकर बंगाल की राजनीति में अचानक से चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. खबरों के अनुसार, वे राज्य की नई संभावित बीजेपी सरकार में वित्त मंत्री बनाए जा सकते हैं और साथ ही उन्हें नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ाने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस पर चर्चा लगातार बढ़ रही है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर संजीव सान्याल को वित्त मंत्रालय जैसी अहम जिम्मेदारी मिलती है, तो यह राज्य की आर्थिक नीतियों में बड़ा बदलाव ला सकता है. फिलहाल बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कई अहम विभागों का अस्थायी प्रभार स्वयं मुख्यमंत्री के पास है, जिससे वित्त मंत्रालय की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है.
क्या संजीव सान्याल को वित्त मंत्री बनाए जाने की तैयारी है?
सूत्रों और राजनीतिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी नेतृत्व पश्चिम बंगाल में एक ऐसे आर्थिक विशेषज्ञ की तलाश में है जो राज्य की बिगड़ती वित्तीय स्थिति को संभाल सके. इसी संदर्भ में संजीव सान्याल का नाम सबसे आगे चल रहा है. हालांकि पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ चुकी है कि उन्हें वित्त मंत्रालय का दायित्व सौंपा जा सकता है.
नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ाने की चर्चा क्यों?
जानकारों के अनुसार, यह भी संभावना जताई जा रही है कि संजीव सान्याल को नंदीग्राम सीट से उपचुनाव में उतारा जा सकता है, जिससे उन्हें सीधे विधानसभा में लाया जा सके. यह रणनीति इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि राज्य की आर्थिक नीतियों को लागू करने के लिए एक मजबूत राजनीतिक आधार जरूरी माना जाता है.
संजीव सान्याल कौन हैं?
संजीव सान्याल एक प्रसिद्ध भारतीय अर्थशास्त्री, नीति-निर्माता और इतिहासकार हैं. वे प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के सदस्य भी रह चुके हैं. उनकी पहचान केवल एक अर्थशास्त्री तक सीमित नहीं है, बल्कि वे आर्थिक सुधारों और पॉलिसी डिजाइन में गहरी विशेषज्ञता रखते हैं.
यही कारण है कि उन्हें वित्त मंत्रालय जैसे अहम पद के लिए उपयुक्त माना जा रहा है. संजीव सान्याल का जन्म 1970 में बंगाल के कोलकाता में हुआ था. उनकी शुरुआती शिक्षा कोलकाता के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स स्कूल और सेंट जेम्स स्कूल में हुई.
कितने पढ़े लिखें हैं संजीव सान्याल?
उन्होंने Economics में मजबूत अकादमिक आधार बनाया और आगे चलकर भारत के सबसे प्रतिष्ठित कॉलेजों में से एक श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC), दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक (BA) किया. इसके बाद वे रोड्स स्कॉलर बनकर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के सेंट जॉन कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री प्राप्त की.
क्या उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी खास है?
संजीव सान्याल का संबंध ऐतिहासिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है. वे स्वतंत्रता सेनानी सचिंद्र नाथ सान्याल के वंशज हैं, जिन्हें भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों का मार्गदर्शक माना जाता है. इसके अलावा उनके परिवार का राजनीतिक जुड़ाव भी रहा है, जहां उनके परदादा नलिनाक्ष सान्याल अविभाजित बंगाल में कांग्रेस के प्रमुख सचेतक रह चुके हैं.
सरकारी और आर्थिक अनुभव कितना मजबूत है?
संजीव सान्याल ने लंबे समय तक वैश्विक बैंकिंग क्षेत्र में काम किया और बाद में भारत सरकार के आर्थिक ढांचे का हिस्सा बने. साल 2017 में उन्होंने डॉयचे बैंक छोड़कर भारत सरकार के प्रधान आर्थिक सलाहकार के रूप में कार्यभार संभाला. इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण आर्थिक सर्वेक्षणों में योगदान दिया. 2017 से 2022 तक उन्होंने भारत के आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट्स के निर्माण में अहम भूमिका निभाई. बाद में 2022 में वे प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के पूर्णकालिक सदस्य बने.
क्या बंगाल की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल सकती है?
विशेषज्ञों का मानना है कि बंगाल की अर्थव्यवस्था को नए सिरे से मजबूत करने के लिए एक तकनीकी और नीति-आधारित दृष्टिकोण की जरूरत है. संजीव सान्याल जैसे अर्थशास्त्री के पास वैश्विक अनुभव, नीति निर्माण की समझ और आर्थिक सुधारों का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड है. अगर उन्हें वित्त मंत्रालय जैसी जिम्मेदारी मिलती है, तो यह राज्य की आर्थिक दिशा में बड़ा बदलाव ला सकता है.




