बंगाल में ज्यादा वोटिंग मतलब ममता की वापसी तय, क्या इस बार भी बनेगा इतिहास या बदल जाएगा?
बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हाई वोटिंग क्या Mamata Banerjee की वापसी तय करती है या बदलाव का संकेत है? जानिए चुनावी ट्रेंड, फैक्टर और सियासी समीकरण का विश्लेषण
पश्चिम बंगाल में हर चुनाव के साथ एक सवाल बार-बार उठता है, क्या ज्यादा वोटिंग का मतलब सत्ता की वापसी तय है? पिछले चुनावों में हाई टर्नआउट के बीच ममता बनर्जी की अगुवाई वाली सरकार ने मजबूत वापसी की, जिससे यह धारणा बनी कि ज्यादा मतदान TMC के पक्ष में जाता है. लेकिन इस बार तस्वीर उतनी सीधी नहीं दिख रही. महिला वोटर, लाभार्थी योजनाएं, ध्रुवीकरण और विपक्ष की रणनीति, ये सभी फैक्टर मिलकर चुनाव को और जटिल बना रहे हैं. सवाल यही है कि क्या इतिहास खुद को दोहराएगा या इस बार हाई वोटिंग बदलाव का संकेत बनेगी? बंगाल की सियासत में इस बार हर वोट सिर्फ संख्या नहीं, बल्कि सत्ता की दिशा तय करने वाला संकेत बन गया है.
1. क्या हाई वोटिंग हमेशा सत्ता के पक्ष में जाती है?
फिलहाल, पश्चिम बंगाल में पिछले चुनावों का ट्रेंड साफ बताता है कि ज्यादा मतदान का मतलब हमेशा सत्ता की वापसी नहीं होता. 2011 में भारी वोटिंग के साथ सत्ता बदली और वाममोर्चा हटा, जबकि 2016 और 2021 में हाई टर्नआउट के बावजूद ममता बनर्जी की अगुवाई वाली TMC ने वापसी की. हालांकि, 2016 और 2021 में वोटिंग प्रतिशत 2011 की तुलना में कम रहा था. इस बार यानी 2026 पहले फेज में वोटिंग 2011 से 9 प्रतिशत ज्यादा हुई है.
साल 2011 बंगाल चुनाव में 84 प्रतिशत मतदान हुआ था. 2016 में करीब 82 प्रतिशत और 2021 में 82.3 प्रतिशत मतदान हुआ था. यानी वोट प्रतिशत बढ़ने का मतलब ये नहीं है ममता बनर्जी ही सत्ता में वापसी कर सकती है. ऐसा इसलिए कि जब 2011 में 84 प्रतिशत वोटिंग हुई, तो वामपंथ की 34 साल पुरानी सरकार धराशायी हो गई थी. उस समय ममता सत्ता में नहीं थी, पर उन्हें वोट प्रतिशत बढ़ने का लाभ मिला था और पहली बार बंगाल की सीएम बनी थीं.
यानी हाई वोटिंग का सीधा गणित नहीं है. यह इस पर निर्भर करता है कि कौन सा वर्ग ज्यादा संख्या में वोट डाल रहा है. अगर महिला, ग्रामीण और लाभार्थी वर्ग ज्यादा निकलते हैं तो TMC को फायदा मिलता है, लेकिन अगर शहरी और बदलाव चाहने वाला वोटर सक्रिय होता है तो खेल पलट सकता है.
2. महिला वोटर और ‘लाभार्थी ’ कितना असर डालेगी?
बंगाल में महिला वोटर्स का प्रतिशत लगातार बढ़ा है और यह TMC की सबसे मजबूत दीवार मानी जाती है. ‘लक्ष्मी भंडार’, ‘कन्याश्री’ जैसी योजनाओं ने सीधे महिला मतदाताओं को जोड़ा है. पिछले चुनावों में महिला वोटिंग पुरुषों से ज्यादा रही, जिसने ममता सरकार को बड़ा फायदा दिया. अगर इस बार भी महिलाओं की भारी भागीदारी रहती है, तो हाई वोटिंग का मतलब TMC के लिए पॉजिटिव सिग्नल हो सकता है. लेकिन अगर विपक्ष इन योजनाओं के असर को तोड़ने में सफल रहा, तो यही फैक्टर उल्टा भी पड़ सकता है.
3. हिंसा और ध्रुवीकरण - किसे मिलेगा फायदा?
बंगाल चुनावों में हिंसा और ध्रुवीकरण बड़ा फैक्टर रहता है. जिन इलाकों में तनाव ज्यादा होता है, वहां अक्सर मतदान प्रतिशत बढ़ जाता है क्योंकि दोनों पक्ष अपने-अपने वोटर्स को बाहर निकालते हैं. ममता बनर्जी की पार्टी TMC पर विपक्ष अक्सर दबाव और प्रभाव का आरोप लगाता रहा है, जबकि TMC इसे बीजेपी की रणनीति बताती है. हाई वोटिंग अगर ध्रुवीकृत माहौल में होती है, तो इसका फायदा उस पार्टी को मिलता है जो अपने कोर वोटर को मजबूती से बूथ तक ला सके — इस बार यही असली टेस्ट है.
4. बीजेपी का विस्तार बनाम TMC का ग्राउंड नेटवर्क
भारतीय जनता पार्टी ने 2019 और 2021 के बाद बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत की है. खासकर उत्तर और सीमावर्ती इलाकों में. लेकिन TMC का बूथ लेवल नेटवर्क अभी भी बेहद मजबूत माना जाता है. हाई वोटिंग तभी गेम बदलती है जब विपक्ष का संगठन भी उतना ही मजबूत हो. अगर बीजेपी नए वोटर्स को जोड़ने और उन्हें वोट डालने के लिए प्रेरित करने में सफल होती है, तो हाई टर्नआउट बदलाव का संकेत हो सकता है. वरना मजबूत संगठन के कारण TMC इसका फायदा उठा सकती है.
5. एंटी-इनकंबेंसी बनाम ‘ब्रांड ममता’ की ताकत
हर चुनाव में सत्ता के खिलाफ नाराजगी (एंटी-इनकंबेंसी) एक बड़ा फैक्टर होती है, लेकिन बंगाल में “ब्रांड ममता” कई बार इसे बैलेंस कर देता है. सीएम ममता की व्यक्तिगत छवि - साधारण जीवनशैली, आक्रामक राजनीति और सीधे जनता से जुड़ाव - अब भी बड़ा फैक्टर है. अगर हाई वोटिंग में नाराज वोटर्स ज्यादा निकलते हैं, तो बदलाव संभव है. लेकिन अगर ममता की व्यक्तिगत अपील और योजनाओं का असर भारी पड़ा, और उनके समर्थकों ने वोट किया है तो इतिहास दोहराया जा सकता है. यानी हाई वोटिंग क्लियर रिजल्ट नहीं, बल्कि “क्लोज फाइट” का संकेत माना जा सकता है.
बंगाल में ज्यादा वोटिंग का मतलब सीधी जीत नहीं, बल्कि यह संकेत है कि मुकाबला कड़ा है. यह इस पर निर्भर करेगा कि किसका वोटर ज्यादा संख्या में बाहर आया. महिला और लाभार्थी वर्ग (TMC) या बदलाव चाहने वाला और ध्रुवीकृत वोटर (BJP). इसलिए इस बार हाई टर्नआउट को “ममता की वापसी तय” कहना जल्दबाजी होगी. असल में यह चुनाव और भी ज्यादा रोमांचक और अनिश्चित बना देता है.




