छात्र राजनीति से शुरुआत, 6 बार विधायक, पहला चुनाव 1100 वोट से हारे, जानें कौन हैं केरल के नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन
छात्र राजनीति से शुरुआत, 6 बार विधायक और अब केरल के नए मुख्यमंत्री! जानें वीडी सतीशन का राजनीतिक सफर और कांग्रेस में उनका कद.
केरल की राजनीति में कांग्रेस ने एक ऐसे चेहरे पर दांव लगाया है, जिसने छात्र राजनीति से लेकर विधानसभा तक लगातार अपनी मजबूत पकड़ बनाई. केरल कांग्रेस विधायक दल के फैसले के आधार पर दिल्ली में कांग्रेस की हाई लेवल की बैठक हुई और उसके बाद पार्टी के कद्दावर और जमीनी नेता वीडी सतीशन विधायक दल का नेता घोषित कर दिया गया. इसी के साथ सतीशन केरल के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर सबसे चर्चित नाम बन गए हैं. विपक्ष के नेता के रूप में आक्रामक अंदाज, संगठन पर पकड़ और जनता के बीच साफ-सुथरी छवि ने उन्हें कांग्रेस हाईकमान का भरोसेमंद चेहरा बना दिया.
वीडी सतीशन लगातार कई बार विधायक चुने जा चुके सतीशन को 2026 चुनाव में कांग्रेस की वापसी का बड़ा चेहरा भी माना जा रहा है. आखिर कौन हैं वीडी सतीशन, कैसे शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर और क्यों कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताया. जानिए उनकी पूरी प्रोफाइल.
कौन हैं VD सतीशन?
वीडी सतीशन का पूरा नाम वडास्सेरी दामोदरन सतीशन है. उनका जन्म 31 मई 1964 को कोच्चि के नेट्टूर इलाके में हुआ था. पेशे से वकील रहे सतीशन ने राजनीति में आने से पहले केरल हाईकोर्ट में करीब एक दशक तक वकालत की. उन्होंने सोशल वर्क और कानून की पढ़ाई की है.
छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर
सतीशन का राजनीतिक करियर छात्र राजनीति से शुरू हुआ. वे महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी यूनियन के चेयरमैन रहे और बाद में NSUI से जुड़े. कांग्रेस संगठन में धीरे-धीरे उनकी पकड़ मजबूत होती गई. 1996 में पहली विधानसभा चुनाव 1100 वोटों से हार गए थे.. हालांकि 2001 में परवूर सीट से जीत हासिल कर उन्होंने विधानसभा में एंट्री की और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा.
लगातार छह बार जीत, विरोधी भी मानते हैं मजबूत
Paravur सीट से सतीशन लगातार जीतते रहे हैं. 2026 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने करीब 20 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से चुनाव जीता. उनकी पहचान एक आक्रामक लेकिन संतुलित वक्ता की रही है. विधानसभा में वे कई बार वाम सरकार को घेरते नजर आए और इसी वजह से कांग्रेस ने 2021 में उन्हें विपक्ष का नेता बनाया था.
2026 चुनाव में कांग्रेस की वापसी के चेहरे
2026 के केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने शानदार प्रदर्शन किया. गठबंधन ने 140 में से 100 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की. इस जीत का बड़ा श्रेय वीडी सतीशन की आक्रामक कैंपेनिंग और संगठन क्षमता को दिया जा रहा है.
राहुल गांधी और हाईकमान का भरोसेमंद
कांग्रेस हाईकमान के भीतर भी सतीशन को भरोसेमंद नेता माना जाता है. पार्टी के सहयोगी दलों, खासकर IUML के कई नेताओं ने भी खुलकर उनके समर्थन के संकेत दिए हैं. हालांकि, मुख्यमंत्री पद की रेस में K. C. Venugopal और Ramesh Chennithala जैसे बड़े नाम भी शामिल रहे, लेकिन विधायक दल और जनता के बीच सतीशन की स्वीकार्यता उन्हें सबसे आगे ले जाती दिख रही है.
केरल कांग्रेस की नई पीढ़ी का चेहरा
वीडी सतीशन को कांग्रेस की नई पीढ़ी का ऐसा नेता माना जाता है, जो संगठन और जनता दोनों से सीधा संवाद रखते हैं. अगर वे मुख्यमंत्री बनते हैं, तो यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि केरल कांग्रेस में पीढ़ी परिवर्तन का भी बड़ा संकेत माना जाएगा.
कांग्रेस ने मीटिंग के बाद बड़ा फैसला ले लिया है. चुनाव के 10 दिनों बाद केरल के नए सीएम का ऐलान हुआ है. सीनियर नेता VD Satheesan को राज्य का नया सीएम चुना गया है. केरल में कांग्रेस जल्द ही सीएम का ऐलान कर सकती है. फिलहाल आला कमान की मीटिंग जारी है, इसके बाद मुख्यमंत्री का ऐलान हो सकता है. ज्ञात हो कि केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस लेड अलायंस यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने बड़ी जीत दर्ज की. 140 सदस्यीय विधानसभा में UDF ने 102 सीटें जीतीं और राज्य में सत्ता हासिल की.




