Begin typing your search...

होली पर बदलेगा मौसम का मिजाज! इन राज्यों में बारिश-आंधी, कहीं बढ़ेगी भीषण गर्मी ; IMD का अलर्ट

होली के मौके पर देशभर में मौसम अलग-अलग रंग दिखाएगा. IMD के अनुसार उत्तर भारत में बारिश-आंधी तो कई राज्यों में तेज गर्मी का असर देखने को मिल सकता है.

holi 2026 weather update rain alert heatwave imd forecast
X
( Image Source:  AI Sora )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Published on: 2 March 2026 7:52 AM

देश में होली का त्योहार इस बार मौसम की वजह से थोड़ा अलग-अलग अनुभव दे सकता है. कई जगहों पर गर्मी तेजी से बढ़ रही है, जबकि कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं आ सकती हैं, जिससे होली का मजा थोड़ा किरकिरा हो सकता है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 3 मार्च की रात से उत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश शुरू हो सकती है साथ ही तेज धूल भरी हवाएं भी चलेंगी.

इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की कमी आ सकती है. लेकिन उसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. मध्य भारत में भी तापमान 2 से 4 डिग्री तक ऊपर जा सकता है, और उसके बाद 2 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा. 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने वाला है, जिससे वहां मौसम में बदलाव आ सकता है.

देश के इन 4 राज्यों में बारिश की चेतावनी है

  • जम्मू-कश्मीर में 4 से 7 मार्च तक छिटपुट यानी कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
  • हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में 2 से 3 मार्च तक तेज बारिश के साथ तेज हवाएं (20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार) चलने की काफी मजबूत संभावना है.
  • कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में 4 और 5 मार्च को, और गुजरात में 4 से 7 मार्च तक गर्म और ज्यादा नमी वाला मौसम रह सकता है.
  • मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च में पूरे देश में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है. लेकिन उत्तर-पूर्व भारत, उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में कल से गर्मी बढ़ने लगेगी दोपहर के समय तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. दिन भर तेज हवाएं चल सकती हैं. आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. अगले 3 दिनों तक बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, तो होली के आसपास मौसम साफ और गर्म रहेगा.

उत्तर प्रदेश का मौसम

यूपी में 2 मार्च से मौसम बिगड़ने की शुरुआत हो सकती है. बारिश के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, लेकिन बारिश ज्यादा तेज नहीं होगी. कुछ जिलों में तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है. गर्मी ज्यादा बढ़ने वाले जिलों में आगरा, मथुरा, अलीगढ़, अमेठी, बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, इटावा, फैजाबाद (अब अयोध्या), हमीरपुर, मैनपुरी, मेरठ, मिर्जापुर, मोरादाबाद और सीतापुर शामिल हैं. होली के समय कई जगहों पर गर्मी ज्यादा महसूस होगी.

बिहार का मौसम

बिहार में होली के दिन मौसम साफ रहेगा. बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. लेकिन गर्मी काफी परेशान कर सकती है. तापमान बढ़ने वाले जिलों में पटना, बक्सर, सिवान, भागलपुर, अररिया, अरवल, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, कटिहार और खगड़िया शामिल हैं. पटना में कल अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहेगा। होली पर गर्मी का असर ज्यादा दिखेगा.

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड में होली पर मौसम अच्छा और साफ रहेगा बारिश नहीं होगी. 6 मार्च तक मौसम शुष्क (सूखा) बना रहेगा. सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होगी. कुछ जिलों में तापमान थोड़ा कम रहेगा, जैसे नैनीताल, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और चंपावत. देहरादून में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहेगा.

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल में 4 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम बदल सकता है. मनाली के आसपास हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. कुछ जिलों में गर्मी बढ़ेगी, जैसे ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा. मनाली में कल अधिकतम तापमान सिर्फ 2 डिग्री और न्यूनतम माइनस 9 डिग्री रहेगा, यानी बहुत ठंड रहेगी.

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में कल मौसम साफ रहेगा, बारिश नहीं होगी. होली के दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं. सुबह ठंडक महसूस होगी, लेकिन दिन में गर्मी बढ़ेगी. तापमान बढ़ने वाले जिलों में जयपुर, उदयपुर, भरतपुर, सीकर, जोधपुर और अजमेर शामिल हैं. जयपुर में कल अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रहेगा.

मध्य प्रदेश का मौसम

मध्य प्रदेश में कल बारिश की कोई संभावना नहीं है. लेकिन होली तक हवाएं मध्यम गति से चलती रहेंगी. तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे गर्मी ज्यादा लगेगी. गर्मी बढ़ने वाले जिलों में ग्वालियर, कटनी, विदिशा, मुरैना, भिंड, अशोकनगर, धार और बुरहानपुर शामिल हैं.

मौसम
अगला लेख