दिल्ली-एनसीआर में 31°C पार करेगा पारा, मार्च में बढ़ेगी भीषण गर्मी; जानें अपने शहर का हाल
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में तापमान 31 डिग्री के पार पहुंच रहा है और मार्च के पहले हफ्ते में और बढ़ने की संभावना है. यूपी, राजस्थान और बिहार में बारिश का कोई अलर्ट नहीं, जबकि पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश संभव है.
दिल्ली-एनसीआर में अब सर्दी तेजी से पीछे हट रही है और गर्मी की शुरुआत हो चुकी है. लोग होली से पहले ही घरों में पंखे चला रहे हैं, स्वेटर और गर्म कपड़े उतार चुके हैं. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज आसमान पूरी तरह साफ रहेगा. दिन में तेज धूप निकलेगी और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जो इस मौसम के लिए काफी ज्यादा है. दोपहर के समय बाहर निकलना थोड़ा मुश्किल हो सकता है क्योंकि गर्मी और धूप दोनों परेशान करेंगी. पहाड़ी इलाकों में मौसम अलग है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में आज बारिश होने की संभावना है. वहीं, मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में मौसम बदल सकता है. यहां तेज हवाएं चलने की उम्मीद है, जो धूल उड़ा सकती हैं. उत्तर प्रदेश में अब तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है. आज मौसम शुष्क (सूखा) रहेगा.
ये भी पढ़ें :अफगानिस्तान–पाकिस्तान टकराव से क्या बदलने वाला है, भारत की क्यों है इस जंग पर पैनी नजर?
मार्च का महीना होगा गर्म
कई जिलों में दोपहर का तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है. यह संकेत दे रहा है कि मार्च का महीना काफी गर्म रहने वाला है. आने वाले 7 दिनों में यूपी में पारा और तेजी से चढ़ेगा. अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रह सकता है यानी हर दिन गर्मी बढ़ती जाएगी, लेकिन कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है. राजस्थान में गर्मी अब सताने लगी है. यहां अगले एक हफ्ते तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं दिख रही है. मार्च के पहले हफ्ते में रात और दिन दोनों के तापमान में 2-3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है.
अब तक सर्दी खत्म
मौसम विभाग कह रहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना रहेगा. बिहार में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है. मार्च शुरू होते ही तापमान में करीब 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है. अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. बारिश की कोई खास चेतावनी भी नहीं जारी की गई है. कुल मिलाकर, उत्तर भारत में सर्दी अब लगभग खत्म हो चुकी है और समय से पहले ही गर्मी का एहसास होने लगा है. लोगों को अब हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की सलाह दी जा रही है. पानी ज्यादा पीएं, बाहर निकलते समय छाता या टोपी साथ रखें, क्योंकि अगले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ेगी.




