Begin typing your search...

मेरी राजनीति भी मेरे कपड़ों की तरह... सूट पहनने पर उठे सवालों का विजय ने दिया जवाब, कहा- तमिलनाडु में अब TVK vs DMK होगा मुकाबला

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने अपने पहले बड़े जनसभा संबोधन में सूट पहनने को लेकर हो रही आलोचनाओं का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उनके काले और सफेद रंग के कपड़े उनकी राजनीति का प्रतीक हैं. वह हर मामले में साफ-सुथरी और पारदर्शी राजनीति करना चाहते हैं.

vijay remark on question over his clothes
X

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय 

CM Vijay Responds to Suit Criticism: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय ने अपने पहले बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में विरोधियों को करारा जवाब दिया. धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए विजय ने न सिर्फ अपने पहनावे को लेकर हो रही आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी, बल्कि DMK पर भी तीखा हमला बोला और अपनी पार्टी को राज्य की प्रमुख राजनीतिक ताकत के रूप में पेश किया,

सूट पहनने को लेकर विपक्ष के तंज का जवाब देते हुए CM विजय ने कहा कि आखिर वह सूट क्यों नहीं पहन सकते. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या केवल सत्ता में बैठे लोगों को ही सूट पहनने का अधिकार है?

विजय ने कहा कि उनके कपड़े सिर्फ फैशन नहीं बल्कि एक संदेश हैं. उन्होंने कहा, "मैं अलग-अलग रंगों के सूट नहीं पहनता. मैं सिर्फ काले और सफेद रंग के कपड़े पहनता हूं. इसका मतलब है कि मेरी राजनीति भी ब्लैक एंड व्हाइट होगी, यानी साफ और स्पष्ट होगी."

MGR से तुलना पर क्या बोले विजय?

रैली के दौरान विजय ने अपने राजनीतिक सफर की तुलना दिवंगत मुख्यमंत्री और दिग्गज अभिनेता एमजी रामचंद्रन (MGR) से किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वह खुद की तुलना MGR से नहीं करते, क्योंकि MGR की अपनी अलग पहचान है.

विजय ने कहा, "MGR, MGR हैं. मैं आपका विजय हूं, जो अन्ना, पेरियार और MGR के दिखाए रास्ते पर चलकर जनता के लिए काम करने आया है." उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बल्कि अपना 'पहला सेवक' बनाया है. विजय ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.

DMK पर साधा निशाना

CM विजय ने DMK पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार बने अभी कुछ ही सप्ताह हुए हैं, लेकिन विपक्ष लगातार आलोचना में जुट गया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग छह महीने तक चुप रहने की बात कर रहे थे, वे छह दिन भी शांत नहीं रह सके.

विजय ने आरोप लगाया कि परिवारवाद और पुरानी राजनीतिक शैली की वजह से DMK को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया और TVK पर भरोसा जताया. विजय ने कहा, "तमिलनाडु की राजनीति में अब सिर्फ दो दलों के बीच मुकाबला है- एक DMK और दूसरा TVK. इनके बीच किसी तीसरे दल के लिए कोई जगह नहीं है."

TVK के भविष्य क्या बोले विजय?

विजय ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने जाति, धर्म और पैसे के दम पर होने वाली राजनीति की दीवारों को तोड़ा है. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले चुनावों में भी जनता का समर्थन TVK को मिलता रहेगा.

Vijay ने CM के रूप में कब शपथ ली?

गौरतलब है कि TVK ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी. 10 मई को मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यह विजय का पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है.

Politics
अगला लेख