Begin typing your search...

सिर्फ S6 बोगी में लगाई गई थी आग... कौन हैं राकेश अस्थाना जिन्होंने गोधरा कांड पर सोनिया गांधी के दावे को ठहराया झूठा, कौन-कौन से खुलासे किए?

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में गोधरा कांड को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद गहरा गया है. साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड की जांच करने वाले पूर्व IPS अधिकारी राकेश अस्थाना ने उनके दावे पर सवाल उठाते हुए बताया कि ट्रेन में आग कैसे लगी थी.

सिर्फ S6 बोगी में लगाई गई थी आग... कौन हैं राकेश अस्थाना जिन्होंने गोधरा कांड पर सोनिया गांधी के दावे को ठहराया झूठा, कौन-कौन से खुलासे किए?
X

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' इन दिनों चर्चा में है. किताब में किए गए खुलासों और पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर बहस छिड़ी हुई है. इसी बीच साल 2002 के गुजरात दंगों से पहले हुए साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर सोनिया गांधी की एक टिप्पणी पर नया विवाद खड़ा हो गया है. उन्होंने अपनी किताब में लिखा है कि ट्रेन में आग लगने की वजह को लेकर विवाद बना हुआ है. अब इस बयान पर मामले की जांच करने वाले पूर्व पुलिस अधिकारी राकेश अस्थाना ने आपत्ति जताई है.

राकेश अस्थाना का कहना है कि साबरमती एक्सप्रेस की S6 बोगी में आग किसी दुर्घटना की वजह से नहीं लगी थी, बल्कि इसे जानबूझकर साजिश के तहत अंजाम दिया गया था. उस समय गुजरात पुलिस की SIT टीम का नेतृत्व कर चुके अस्थाना ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में जांच, अदालती फैसलों और तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका को लेकर भी कई अहम बातें बताईं.

S6 बोगी को लेकर क्या बोले राकेश अस्थाना?

सोनिया गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए राकेश अस्थाना ने कहा कि इस मामले की जांच पूरी हो चुकी है और दोषियों को अदालत से सजा भी मिल चुकी है. उन्होंने कहा, "जांच पूरी हो चुकी है, दोषियों को सजा भी मिल चुकी है. यह आग जानबूझकर लगाई गई थी, जिसमें किसी ज्वलनशील तरल पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था. मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि आग लगने का कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है. दूसरी बात, इसमें सिर्फ S6 बोगी को निशाना बनाया गया था और उसी में आग लगाई गई थी."

उन्होंने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि पुलिस द्वारा बंद किए गए सभी दंगा-संबंधी मामलों को फिर से खोला जाए और फिर से जांच की जाए. लगभग 750 लोगों को नए सिरे से गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ आरोप दायर किए गए. उस समय राज्य सरकार का नेतृत्व नरेंद्र मोदी कर रहे थे, किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया. मैंने जमीन पर जो देखा और जांच की, उसके आधार पर मुझे कोई हस्तक्षेप या मिलीभगत नहीं मिली."

क्या साबरमती एक्सप्रेस मामले में मोदी ने बनाया था दबाव?

बातचीत के दौरान राकेश अस्थाना से यह भी सवाल किया गया कि क्या तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जांच को लेकर उन पर कोई राजनीतिक दबाव था. इस पर उन्होंने साफ कहा "कोई दबाव नहीं था. घटना वाली जगह पर मुख्य रूप से मुस्लिम आबादी रहती थी. मैंने अनुरोध किया कि जांच टीम में कुछ मुस्लिम अधिकारियों को शामिल किया जाए और मैंने जिन नामों का सुझाव दिया, उन्हें बिना किसी हिचकिचाहट या आपत्ति के हमें दे दिया गया. इन मुस्लिम अधिकारियों ने हमारी जांच में बहुत अहम भूमिका निभाई."

लालू यादव की समिति की जांच पर क्या बोले अस्थाना?

राकेश अस्थाना ने साल 2004 में केंद्र में सरकार बदलने के बाद साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड की जांच के लिए बनाई गई समिति का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "2004 में सरकार बदलने के बाद, तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने उसी घटना की जांच के लिए जस्टिस यू.सी. बनर्जी की अध्यक्षता में एक समिति बनाई, जिसकी जांच पहले से ही चल रही थी. समिति ने अपनी अलग जांच की और निष्कर्ष निकाला कि आग एक दुर्घटना थी. उनकी रिपोर्ट में कहा गया कि कारसेवक अपने साथ एक स्टोव ले जा रहे थे, जिसमें आग लग गई. 2005 या 2006 में, एक पीड़ित ने गुजरात हाई कोर्ट में समिति के निष्कर्षों को चुनौती दी. हाई कोर्ट ने समिति की वैधता को खारिज कर दिया और इसे गैर-कानूनी करार दिया. असल बात यह है कि जांच में यह साबित हुआ कि आग जानबूझकर लगाई गई थी और आग लगने का कारण भी पता चल गया था. जांच आयोग ने भी यही बात साबित की, सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित SIT ने भी यही साबित किया, और अदालतों ने उसी सबूत के आधार पर आरोपियों को दोषी ठहराया."

आतंकवादी संगठन से जुड़े होने पर क्या बोले?

उन्होंने कहा, "उस समय एक आतंकवादी संगठन से कुछ संबंध भी सामने आए थे, लेकिन हमें मुकदमा चलाने लायक सबूत नहीं मिले, इसलिए हमने उनके खिलाफ मुकदमा नहीं चलाया. हालांकि इसमें एक साजिश, योजना, तैयारी और उसे अंजाम देना शामिल था. घटना को ठीक उसी तरह अंजाम दिया गया, जैसी उन्होंने योजना बनाई थी."

कितने लोगों की गई थी जान?

अस्थाना ने कहा "इस घटना में कुल 59 लोगों की मौत हुई, जिनमें 27 महिलाएं, 10 बच्चे और 22 पुरुष शामिल थे. उनकी मौत कोच के अंदर ही हो गई क्योंकि वे बाहर नहीं निकल पाए. जांच से पता चला कि कुछ लोग कोच से बाहर कूदने में कामयाब रहे थे. भीड़ ने उनका पीछा किया, उन्हें मार डाला या घायल कर दिया, उन्हें जान से मारने की कोशिश की. इसलिए, यह दावा कि यह एक दुर्घटना थी और इसमें कोई भीड़-हिंसा नहीं हुई थी, जांच के नतीजों से मेल नहीं खाता."

कौन हैं राकेश अस्थाना?

राकेश अस्थाना 1984 बैच के गुजरात कैडर के रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी हैं. उनका जन्म 22 जुलाई 1961 को रांची में हुआ था. रिटायर्ड होने से पहले उनको दिल्ली पुलिस का कमिश्नर भी बनाया गया था. साल 2021 में राकेश अस्थाना रिटायर हो गए थे. दिल्ली पुलिस का कमिश्नर बनने से पहले उन्होंने बीएसएफ के डीजी, एनसीबी के प्रमुख के रूप में भी काम किया था. इसके अलावा राकेश अस्थाना ने सीबीआई का स्पेशल डायरेक्टर पद भी संभाला था. उन्होंने अपने करियर में 2002 गोधरा कांड, 2008 अहमदाबाद बम धमाके और आसाराम बापू से जुड़े मामलों में अहम भूमिका निभाई.

Sonia Gandhi
अगला लेख