Begin typing your search...

दिल्ली-पंजाब समेत इन राज्यों में बढ़ेगी गर्मी देश के 12 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

मौसम विभाग ने देश के 12 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. दिल्ली में मौसम साफ रहेगा, जबकि यूपी-बिहार में तापमान बढ़ने की संभावना है.

imd weather alert 12 states rain delhi up bihar temperature update
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Updated on: 24 Feb 2026 6:10 AM IST

देश में अभी सर्दी पूरी तरह से जा नहीं पाई है, लेकिन गर्मी की शुरुआत पहले ही हो चुकी है. लोग अभी ठंड से राहत पा रहे थे कि अचानक बारिश ने आफत बनकर सबको परेशान करना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, देश के कई हिस्सों में मौसम अब बदल रहा है. खासकर 12 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. कुछ जगहों पर तेज आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. पंजाब में 24 फरवरी की सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी बहुत कम हो सकती है और लोगों को परेशानी हो सकती है.

अगले 4 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत (जैसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान आदि) के इलाकों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है यानी गर्मी का एहसास जल्दी होने वाला है. वहीं, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में घूमने-फिरने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम का हाल जरूर चेक कर लें, क्योंकि वहां भी बदलाव आ रहा है.

देश के 12 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और कुछ अन्य हिस्सों में मौसम खराब होने वाला है. बारिश की संभावना वाले मुख्य राज्य हैं: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र. 24 फरवरी को गंगा के मैदानी इलाकों में, खासकर पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा. वहीं, 26 से 28 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की-फुल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. पहाड़ों में कुछ जगहों पर बर्फबारी भी हो सकती है.

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में 24 फरवरी को बारिश बिल्कुल नहीं होने वाली है. मौसम साफ और खुशनुमा रहेगा. आसमान पूरी तरह नीला दिखेगा. सुबह के समय हल्की ठंडी हवा 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी, जिससे प्रदूषण थोड़ा कम होगा और सांस लेना आसान रहेगा. AQI (हवा की गुणवत्ता) 100 से 120 के बीच रहने की उम्मीद है, जो मध्यम स्तर का है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास रहेगा यानी दिन में गर्मी लगेगी, लेकिन रात ठंडी रहेगी.

उत्तर प्रदेश का मौसम

यूपी में 24 फरवरी को मौसम में थोड़ा बदलाव दिखेगा. पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश या छिटपुट बूंदें पड़ सकती हैं. जैसे बागपत, अमरोहा, मुरादाबाद आदि इलाकों में ऐसा हो सकता है. लेकिन पूर्वी यूपी में गर्मी बढ़ने वाली है। गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, संत कबीर नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जैसे जिलों में तापमान ज्यादा रहेगा. लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहेगा. कानपुर में दिन का तापमान 29 डिग्री तक जा सकता है और रात में 15 डिग्री रहेगा.

बिहार का मौसम

बिहार में 24 फरवरी को बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम ज्यादातर साफ रहेगा. लेकिन ज्यादातर जिलों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ सकता है. गया, जहानाबाद, पटना, सारण, बक्सर, नालंदा, सिवान, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, भागलपुर और पूर्णिया जैसे जिलों में गर्मी का एहसास होगा. पटना में दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहेगा.

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड में अभी बारिश की चेतावनी 26 फरवरी से 28 फरवरी तक है. नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, टिहरी, अल्मोड़ा आदि जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. लोगों को सावधान रहने की सलाह है. ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान 1-2 डिग्री कम हो सकता है, जिससे ठंड बढ़ेगी. देहरादून में 24 फरवरी को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहेगा.

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल में भी 26 से 28 फरवरी तक बारिश की संभावना है. शिमला, कुल्लू, मंडी, ऊना, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और लाहौल-स्पीति जैसे इलाकों में बारिश हो सकती है. इससे तापमान में कमी आएगी. मनाली में दिन का तापमान माइनस 1 डिग्री और रात का माइनस 11 डिग्री तक जा सकता है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है.

मौसम
अगला लेख