मलेशिया में तमिल कार्ड, क्या PM मोदी ने 2026 तमिलनाडु चुनाव तैयारी का दे दिया बड़ा संदेश?
पीएम मोदी मलेशिया के दो दिन के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने भारतीय समुदाय और खासकर तमिल समाज को संबोधित करते हुए सांस्कृतिक रिश्तों पर जोर दिया. मलेशिया में 6.6–7% भारतीय मूल की आबादी के बीच उन्होंने तमिलनाडु का संदर्भ देकर बड़ा संदेश दिया.
पीएम मोदी के मलेशिया के दो दिन के दौरे को आधिकारिक तौर पर व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा में तमिलनाडु की हो रही है. दरअसल, कुआलालंपुर की धरती से जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिल भाषा, तिरुवल्लुवर, तमिल समुदाय की विरासत और भारतीय मूल के लोगों के योगदान का बार-बार उल्लेख किया, तो इसे सिर्फ सांस्कृतिक संबोधन नहीं माना गया. पीएम के इस बयान को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है. यही वजह है कि उनका बयान दक्षिण भारत की राजनीति में राष्ट्रीय विमर्श का अहम हिस्सा बन गई है.
पीएम मोदी का डायस्पोरा कनेक्ट के जरिए तमिल अस्मिता और ऐतिहासिक जुड़ाव को रेखांकित करना क्या विदेश नीति का हिस्सा भर है, या फिर यह तमिलनाडु की सियासत को साधने की एक व्यापक रणनीति का संकेत भी देता है? व्यापारिक समझौतों और IMPACT साझेदारी की बातों के बीच तमिल पहचान पर जोर ने इस दौरे को केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि संभावित रूप से राजनीतिक संदेश से भी जोड़ दिया है.
हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के दो दिन के आधिकारिक दौरे का मकसद व्यापार, निवेश, ऊर्जा और नौवहन सुरक्षा में सहयोग बढ़ाना है. उन्होंने इंडियन डायस्पोरा को संबोधित करते हुए कहा कि आसियान बैठक में शामिल न हो पाने के बाद उन्होंने मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम से वादा किया था कि वे जल्द दौरा करेंगे, जिसे पूरा कर दिया.
तमिल साहित्य शाश्वत, संस्कृति वैश्विक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया दौरे के दौरान भारतीय समुदाय विशेषकर तमिल भाषा और संस्कृति पर जोर देते हुए कहा कि तमिल भाषा भारत और मलेशिया के लोगों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है. उन्होंने कहा कि तमिल साहित्य शाश्वत है और इसकी संस्कृति वैश्विक है, जो दोनों देशों को सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से जोड़ती है.
मोदी का तमिलनाडु संदेश: 10 प्वाइंट में
1. तमिल भाषा को बताया भावनात्मक कड़ी
मोदी ने कहा कि तमिल भाषा भारत और मलेशिया के बीच मजबूत सांस्कृतिक पुल है.
2. तमिल साहित्य को बताया ‘शाश्वत’
उन्होंने तमिल साहित्य और संस्कृति को वैश्विक बताते हुए इसे साझा विरासत का आधार कहा.
3. तिरुवल्लुवर चेयर और सेंटर का ऐलान
मलाया विश्वविद्यालय में तिरुवल्लुवर चेयर स्थापित करने और तिरुवल्लुवर केंद्र बनाने की बात कही.
4. 500 से अधिक भारतीय भाषा स्कूलों का जिक्र
‘मन की बात’ का हवाला देते हुए कहा कि मलेशिया में 500 से ज्यादा स्कूल भारतीय भाषाओं में पढ़ाते हैं.
5. तमिल समुदाय की सदियों पुरानी मौजूदगी
उन्होंने कहा कि तमिल समुदाय कई सदियों से मलेशिया में रह रहा है और समाज सेवा में अग्रणी है.
6. INA और नेताजी का संदर्भ
मोदी ने कहा कि मलेशिया में भारतीय मूल के लोगों ने आजादी की लड़ाई में बलिदान दिया और कई लोग नेताजी सुभाष चंद्र बोस की INA से जुड़े.
7. इंडियन कल्चरल सेंटर का नाम नेताजी के नाम पर
नेताजी के सम्मान में मलेशिया स्थित इंडियन कल्चरल सेंटर का नामकरण किया गया है.
8. गुजरात भूकंप की याद
2001 के गुजरात भूकंप के दौरान मलेशियाई भारतीय समुदाय द्वारा दी गई मदद का जिक्र कर आभार जताया.
9. IMPACT मंत्र दिया
मोदी ने कहा कि भारत-मलेशिया संबंधों का मार्गदर्शक शब्द IMPACT है. यानी सामूहिक परिवर्तन के लिए साझेदारी.
10. 'अतुल्य भारत' आने का न्योता
उन्होंने तमिल भाषी सहित सभी भारतीय मूल के लोगों से ‘अतुल्य भारत’ आने और लोगों से लोगों के संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया.
मलेशिया में कितने प्रतिशत भारतीय?
साल 2020 की आधिकारिक जनगणना के मुताबिक, मलेशिया की कुल आबादी में लगभग 6.6% से 7% (करीब 2.8 मिलियन) लोग भारतीय मूल के हैं. यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा भारतीय मूल का समुदाय माना जाता है. तमिल, तेलुगु, मलयाली और पंजाबी समुदाय यहां प्रमुख हैं.
'तमिल' भारत का दुनिया को तोहफा
भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने पीएम मोदी के मलेशिया दौरे पर कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों पर जोर दिया. तमिलनाडु को लेकर दिए गए उनके बयान पर कहा, "तमिल भारत का दुनिया को दिया गया तोहफा है. तमिल साहित्य शाश्वत है, और तमिल संस्कृति वैश्विक है." तिरुवल्लुवर केंद्र की स्थापना की घोषणा का स्वागत किया, जो भारत की सभ्यतागत विरासत को बढ़ावा देने के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है. ऐसी पहल सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करती हैं और हमारी समृद्ध विरासत को पूरी दुनिया में ले जाती हैं.





