पैसे के लिए बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचा भाई, सिस्टम पर उठाए सवाल; अब मदद को आगे आए Physics Wallah के CEO अलख पांडेय
ओडिशा में एक शख्स अपनी मृत बहन के कंकाल के साथ बैंक पहुंचने का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया. मामला वायरल होने पर प्रशासन हरकत में आया और उसे पैसा मिला. Physics Wallah के CEO अलख पांडेय ने भी शख्स को 10 लाख रुपये की मदद दी.
Physics Wallah के CEO अलख पांडेय ने की जीतू मुंडा की मदद
Jitu Munda Gets ₹10 Lakh Aid from Physics Wallah CEO Alakh Pandey: ओडिशा के केंदुझर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे देश को झकझोर देने वाला है. मल्लिपाशी गांव के रहने वाले जीतू मुंडा अपनी बहन की मौत के बाद उसके बैंक खाते से पैसे निकालने पहुंचे थे, लेकिन बैंक अधिकारियों ने पहचान और प्रमाण के नाम पर सख्त नियमों का हवाला देते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया.
इसके बाद जीतू मुंडा ने जो किया, उसने सभी को हैरान कर दिया. वे अपनी मृत बहन के कंकाल (skeletal remains) को कब्र से निकालकर बैंक पहुंच गए, ताकि यह साबित कर सकें कि उनकी बहन अब जीवित नहीं है.
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया प्रशासन
बैंक में इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया और सिस्टम की संवेदनहीनता पर सवाल उठने लगे. मामला बढ़ने के बाद प्रशासन हरकत में आया. जिला कलेक्टर और संबंधित मंत्री ने हस्तक्षेप किया और जीतू को उसका पैसा दिलाया गया. जांच में यह भी सामने आया कि बैंक कर्मचारियों की ओर से लापरवाही हुई थी.
अलख पांडेय ने की 10 लाख रुपये की मदद
इस बीच, Physics Wallah के CEO अलख पांडेय ने मानवीय पहल करते हुए जीतू मुंडा को ₹10 लाख की आर्थिक मदद दी. यह राशि उन्होंने ऑनलाइन ट्रांसफर की. इसके अलावा, राज्य कांग्रेस के दो पूर्व अध्यक्षों ने भी ₹24,000 की सहायता दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (National Human Rights Commission) में भी शिकायत दर्ज की गई है. यह घटना न सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया की खामियों को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सिस्टम में मानवीय संवेदनाएं कितनी जरूरी हैं.




