Begin typing your search...

5500 सेंटर, 15K पैरामिलिट्री जवान और CCTV से निगरानी; नीट-यूजी परीक्षा के लिए कैसी है NTA की तैयारी? 10 पॉइंट्स में जानिए

NEET-UG री-एग्जाम से पहले NTA ने देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है. 5,500 से ज्यादा सेंटर, लाखों सुरक्षाकर्मी, CCTV निगरानी और पेपर ट्रांसपोर्ट के लिए पैरामिलिट्री तैनाती के साथ परीक्षा को पारदर्शी बनाने की तैयारी की गई है.

neet ug re exam 2026
X

NEET UG Re-Exam को लेकर NTA ने की सबसे बड़ी तैयारी

( Image Source:  ChatGPT )

NEET-UG री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा. परीक्षा से पहले NTA शनिवार को देशभर में मेगा मॉक ड्रिल करेगा, जिसमें पेपर पहुंचाने से लेकर आंसर शीट वापस जमा होने तक पूरी प्रक्रिया की जांच की जाएगी. यह परीक्षा उन छात्रों के लिए हो रही है जिनकी पिछली परीक्षा को लेकर पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे. सरकार और NTA का दावा है कि इस बार सुरक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी.

इस बार करीब 22.8 लाख छात्र परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा 551 शहरों और 14 विदेशी केंद्रों पर आयोजित होगी. देशभर में 5,500 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों को हाई सिक्योरिटी जोन बनाया गया है.

NEET-UG री-एग्जाम के लिए किए गए 10 बड़े इंतजाम

1. 15 हजार पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती: प्रश्न पत्रों की सुरक्षित डिलीवरी और आंसर शीट की वापसी के लिए करीब 15,000 पैरामिलिट्री जवानों को जिम्मेदारी दी गई है. पेपर ट्रांसपोर्ट पूरी तरह सील प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा.

2. 2 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी संभालेंगे व्यवस्था: परीक्षा केंद्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 से 2.5 लाख पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. जिला प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां मिलकर निगरानी करेंगी.

3. हर सेंटर पर CCTV से निगरानी: सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं. इनकी लाइव फीड NTA मुख्यालय और कंट्रोल रूम से मॉनिटर की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके.

4. 1.5 लाख नए CCTV कैमरे और 15 हजार जैमर: सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त 1.5 लाख CCTV कैमरे और 15 हजार सिग्नल जैमर लगाए गए हैं. इसका उद्देश्य नकल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गलत इस्तेमाल को रोकना है.

5. बायोमेट्रिक और सख्त चेकिंग: छात्रों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा. प्रवेश से पहले हाई-सेंसिटिविटी मेटल डिटेक्टर से जांच होगी.

6. NTA का WhatsApp चैनल से अपडेट: NTA ने छात्रों को फर्जी जानकारी से बचाने के लिए अपना आधिकारिक WhatsApp चैनल शुरू किया है. छात्रों को सलाह दी गई है कि केवल ब्लू टिक वाले आधिकारिक अकाउंट से मिली जानकारी पर भरोसा करें.

7. एडमिट कार्ड को लेकर चेतावनी: NTA ने साफ किया है कि छात्र केवल आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड करें. पुराने एडमिट कार्ड मान्य नहीं होंगे और फर्जी लिंक से बचने की सलाह दी गई है.

8. फर्जी पेपर लीक पर कार्रवाई: राजस्थान के भीलवाड़ा में फर्जी NEET पेपर लीक का मामला सामने आया, जहां पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया. जांच में सामने आया कि Telegram ग्रुप के जरिए फर्जी पेपर फैलाने की कोशिश की गई थी.

9. राज्यों ने छात्रों के लिए सुविधाएं बढ़ाईं: कई राज्यों ने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों के लिए परिवहन व्यवस्था, पानी, बिजली, मेडिकल सुविधा और जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस की व्यवस्था की है.

10. सरकार का दावा- पेपर पूरी तरह सुरक्षित: सरकार ने वायरल हो रहे पेपर लीक वीडियो को फर्जी बताया है. PIB फैक्ट चेक के मुताबिक वायरल वीडियो में परीक्षा की असली सामग्री नहीं दिखाई गई थी. अधिकारियों का कहना है कि असली प्रश्न पत्र तक किसी की पहुंच नहीं है.

NEET-UG री-एग्जाम अब सिर्फ एक परीक्षा नहीं बल्कि NTA और सरकार के लिए भरोसा बहाल करने की बड़ी चुनौती बन गया है. इस बार की पूरी प्रक्रिया पर देशभर की नजर रहेगी.

अगला लेख