Begin typing your search...

NEET UG 2026: किस राज्य के सबसे ज्यादा छात्र हुए पास और किसने किया टॉप? जानें पेपर लीक से रिजल्ट तक की पूरी टाइमलाइन

NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी हो गया है और 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं. पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंक के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया, जबकि इस बार छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा.

NEET UG 2026 Result
X

NEET UG 2026 Result: 11.21 लाख छात्रों ने मारी बाजी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर शाम NEET UG 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया. इसके साथ ही देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है. उम्मीदवार अब अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं. समय पर रिजल्ट जारी होने से MBBS, BDS, AYUSH और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है.

इस वर्ष NEET UG परीक्षा खास वजह से चर्चा में रही. पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा दोबारा आयोजित की गई थी. री-नीट में भारत और विदेश के लगभग 20 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बने 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई. इनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे.

पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप

इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से देश में पहला स्थान हासिल किया. दोनों ने 720 में से 715 अंक प्राप्त किए. NTA के मुताबिक, कुल 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए हैं, जबकि 138 छात्रों ने 690 से ज्यादा अंक प्राप्त किए. आंकड़ों के अनुसार, 93 प्रतिशत से अधिक टॉप स्कोरर पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए, जबकि लगभग 99 प्रतिशत टॉपर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच रही.

छात्राओं का प्रदर्शन रहा बेहतर

इस बार छात्राओं ने सफलता के मामले में छात्रों को पीछे छोड़ दिया. कुल सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं. छात्राओं की सफलता दर 56.8 प्रतिशत रही, जबकि छात्रों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत दर्ज की गई.

कितने छात्रों ने कितने अंक हासिल किए?

NEET UG 2026 में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया.

  • 700+ अंक: 19 उम्मीदवार
  • 690+ अंक: 138 उम्मीदवार
  • 650+ अंक: 1,492 उम्मीदवार
  • 600+ अंक: 10,160 उम्मीदवार
  • 500+ अंक: 90,780 उम्मीदवार

हर राज्य से सफल हुए उम्मीदवार

NTA के अनुसार, देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अभ्यर्थियों ने परीक्षा क्वालिफाई की है.

  • उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवार सफल हुए.
  • लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की.
  • राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो (530 अंक), अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं.

श्रेणीवार सफल उम्मीदवार

  • सामान्य वर्ग: 2.91 लाख
  • OBC-NCL: 5.12 लाख
  • SC: 1.59 लाख
  • ST: 63,716
  • EWS: 95,026
  • PwBD: 3,666
  • PwD: 303

13 भाषाओं में हुई परीक्षा

NEET UG 2026 का आयोजन 13 भाषाओं में किया गया, जिनमें हिंदी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल हैं. NTA ने स्पष्ट किया है कि उसका कार्य केवल परीक्षा आयोजित करना, परिणाम जारी करना और ऑल इंडिया रैंक घोषित करना है. ऑल इंडिया कोटा की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) कराएगी, जबकि राज्य कोटे की काउंसलिंग संबंधित राज्य सरकारें आयोजित करेंगी.

साथ ही एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सीट दिलाने के नाम पर होने वाली फर्जी कॉल, मैसेज और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की सलाह दी है. NTA ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी उम्मीदवार से पैसे या व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगती.

NEET UG 2026 पेपर लीक से रिजल्ट तक: पूरी टाइमलाइन 10 पॉइंट्स में

  1. 2 मई: राजस्थान के सीकर से कथित पेपर लीक का मामला सामने आया. जांच एजेंसियों को शक हुआ कि प्रश्नपत्र परीक्षा से करीब 45 घंटे पहले कुछ लोगों तक पहुंच गया था.
  2. 3 मई: NTA ने देशभर में NEET UG 2026 परीक्षा आयोजित कराई. इसी दिन सीकर के एक छात्र के पिता ने पुलिस और NTA से कथित पेपर लीक की शिकायत की..
  3. 6-7 मई: सोशल मीडिया पर कथित प्रश्नपत्र और चैट वायरल होने लगे. छात्रों और कोचिंग संस्थानों ने परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाए.
  4. 7 मई: NTA को राजस्थान से परीक्षा में अनियमितता और कथित पेपर लीक की आधिकारिक शिकायत मिली.
  5. 8 मई: NTA ने मामले को जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों के पास भेज दिया और परीक्षा प्रक्रिया की जांच शुरू हुई.
  6. 10 मई: राजस्थान पुलिस की SOG ने जांच तेज की। सीकर और आसपास के क्षेत्रों से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
  7. 12 मई: NTA ने 3 मई को हुई NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी और मामला CBI जांच के लिए भेज दिया. साथ ही री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया.
  8. 15 मई: NTA ने घोषणा की कि 21 जून को NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा (Re-NEET) आयोजित की जाएगी.
  9. 21 जून: कड़ी सुरक्षा, बायोमेट्रिक जांच, CCTV, जैमर और पुलिस निगरानी के बीच देशभर में री-NEET परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित हुई.
  10. 17 जुलाई: NTA ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। 11.21 लाख उम्मीदवार क्वालिफाई हुए, जबकि पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंकों के साथ संयुक्त रूप से ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की.
अगला लेख