Begin typing your search...
नोएडा की गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी में बड़ा हादसा टला, अचानक गिरा फ्लैट की छत का हिस्सा; क्या बोले लोग?
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी में एक फ्लैट की छत का हिस्सा अचानक गिर गया. संयोग से फ्लैट में मौजूद व्यक्ति कुछ सेकंड पहले ही वहां से हट गया, जिससे उसकी जान बच गई.
नोएडा की गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी में फ्लैट की छत का हिस्सा गिरा
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया. सोसाइटी के प्लॉट नंबर-9 स्थित टावर C-2 के फ्लैट नंबर 1814 में अचानक छत लेंटर का एक बड़ा हिस्सा गिर गया. घटना के समय फ्लैट में मौजूद व्यक्ति कुछ क्षण पहले ही बिस्तर से उठकर पानी पीने गया था, जिससे उसकी जान बच गई. यदि वह उसी स्थान पर मौजूद रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में दहशत का माहौल है. उनका कहना है कि सोसाइटी में निर्माण गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आती रही हैं.
लोगों ने क्या कहा?
- लोगों का आरोप है कि कई जगह दीवारों में दरारें, प्लास्टर गिरने, बालकनियों के क्षतिग्रस्त होने और अन्य निर्माण संबंधी खामियों की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं.
- इन समस्याओं के बावजूद बिल्डर की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है.
- लोग अपने ही घरों और कॉमन एरिया में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.
- घटना के बाद लोगों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे गार्डेनिया गेटवे परिसर का तत्काल स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने और जहां-जहां निर्माण संबंधी खामियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके.
- फिलहाल इस मामले में बिल्डर या संबंधित प्राधिकरण की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
- ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और सोसाइटी के निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है.




