Begin typing your search...

पेपर लीक विवाद से लेकर दोबारा परीक्षा तक, NEET UG 2026 Re-Exam की पूरी टाइमलाइन; 11 Points में जानिए कब-क्या हुआ

NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को होने जा रही है. 3 मई को हुई परीक्षा पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद NTA ने नई तारीख, नए एडमिट कार्ड और बेहद सख्त सुरक्षा इंतजामों के साथ री-एग्जाम की तैयारी की है. इस बार 22.79 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे.

NEET UG 2026 Re Exam Timeline
X
नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा आज
( Image Source:  File Photo )

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 एक बार फिर होने जा रही है. 21 जून को होने वाली इस री-एग्जाम को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुरक्षा व्यवस्था को अब तक की सबसे कड़ी व्यवस्थाओं में शामिल किया है. इस बार परीक्षा में 22.79 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल होंगे. परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 केंद्रों पर आयोजित होगी. छात्रों को परीक्षा देने के लिए 5,440 केंद्र बनाए गए हैं.

NTA ने परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए 95 हजार से ज्यादा परीक्षा कक्षों में CCTV कैमरे लगाए हैं. करीब 1,38,560 कैमरों से निगरानी होगी। इसके अलावा 51,311 जैमर लगाए गए हैं और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन स्टाफ की संख्या भी बढ़ाई गई है. 20 जून को परीक्षा से एक दिन पहले NTA ने देशभर में मॉक ड्रिल कर पूरी प्रक्रिया की जांच की. इसमें पेपर पहुंचाने से लेकर सुरक्षा जांच, CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक सिस्टम और जैमर की टेस्टिंग तक की गई.

NEET UG 2026 री-एग्जाम कब और कैसे होगी?

NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षा पेन-पेपर मोड में होगी. NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर चल रही फर्जी पेपर लीक खबरों से बचें. परीक्षा केंद्रों पर हर कमरे में दो इनविजिलेटर होंगे. इसके अलावा करीब 6,700 ऑब्जर्वर, 100 से ज्यादा वर्चुअल ऑब्जर्वर और हजारों सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे.

NEET UG 2026 विवाद की पूरी टाइमलाइन

  1. 2 मई: पेपर लीक का आरोप सामने आया- राजस्थान पुलिस की SOG जांच के अनुसार, कथित पेपर लीक की शुरुआत 2 मई की रात सामने आई। आरोप है कि सीकर के एक छात्र ने कथित तौर पर प्रश्नपत्र अपने पिता तक पहुंचाया था. जांच एजेंसियों को शक था कि पेपर परीक्षा से करीब 45 घंटे पहले कुछ लोगों तक पहुंच गया था और हरियाणा आधारित एक गिरोह इसमें शामिल हो सकता है.
  2. 3 मई: NEET UG 2026 परीक्षा आयोजित हुई-
    3 मई को NTA के सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत परीक्षा आयोजित की गई. NTA के अनुसार प्रश्नपत्र GPS ट्रैकिंग वाले वाहनों से पहुंचाए गए थे. परीक्षा केंद्रों पर CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक जांच और जैमर जैसी व्यवस्थाएं लागू थीं. इसी दिन सीकर छात्र के पिता ने पुलिस और NTA में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कथित पेपर लीक और प्रश्नों के पहले से उपलब्ध होने का दावा किया गया.
  3. 6-7 मई: सोशल मीडिया पर सवाल उठे- परीक्षा के बाद सोशल मीडिया पर कुछ चैट और कथित प्रश्न बैंक सामने आने लगे. छात्रों और कोचिंग संस्थानों में उन प्रश्नों को लेकर चर्चा शुरू हुई जो कथित तौर पर असली पेपर से मिलते-जुलते बताए जा रहे थे.
  4. 7 मई: NTA को शिकायत मिली- NTA के अनुसार 7 मई की शाम उसे राजस्थान से परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़ी शिकायत मिली. इसमें कथित अनियमितताओं से जुड़ी एक PDF भी शामिल थी.
  5. 8 मई: मामला केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया- NTA ने मामले को जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया. एजेंसी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया.
  6. 10 मई: राजस्थान SOG जांच शुरू- राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने मामले की जांच शुरू की. इसके बाद सीकर और आसपास के इलाकों से कई लोगों की गिरफ्तारी हुई. जांच में कथित पेपर लीक नेटवर्क की जांच शुरू हुई.
  7. 12 मई: NTA ने परीक्षा रद्द की- 12 मई को NTA ने बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई को हुई NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया. NTA ने कहा कि जांच और केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं था. इसके बाद मामले को CBI जांच के लिए भेजा गया. NTA ने साफ किया कि री-एग्जाम के लिए छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा. पुराने उम्मीदवार और परीक्षा केंद्र ही जारी रहेंगे.
  8. 15 मई: री-एग्जाम की तारीख घोषित- परीक्षा रद्द होने के तीन दिन बाद NTA ने घोषणा की कि NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को होगी.
  9. 14 जून: नए एडमिट कार्ड जारी- NTA ने 21 जून की परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए. छात्रों को सलाह दी गई कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करें.
  10. 20 जून: देशभर में मॉक ड्रिल- री-एग्जाम से एक दिन पहले NTA ने सुरक्षा व्यवस्था की अंतिम जांच की. इसमें परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आवाजाही, CCTV सिस्टम, बायोमेट्रिक जांच, फ्रिस्किंग और जैमर की कार्यप्रणाली की जांच की गई. इस बार परीक्षा केंद्रों पर पुलिस, पैरामिलिट्री, डाक विभाग और अन्य एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है.
  11. 21 जून: अब होगी असली परीक्षा: अब 21 जून को NEET UG 2026 री-एग्जाम आयोजित होगी. यह परीक्षा पेपर लीक विवाद, जांच और छात्रों की चिंता के बाद एक बड़ी परीक्षा साबित होगी. NTA का दावा है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो सके.
अगला लेख