Begin typing your search...

'निकल जाओ यहां से...', ट्रैफिक जाम के बीच मंत्री गिरीश महाजन पर भड़की महिला; VIDEO Viral

मुंबई के वर्ली इलाके में रैली के चलते लगे जाम के बीच एक महिला का गुस्सा मंत्री गिरीश महाजन पर फूटा. जिसके बाद महिला ने भड़कते हुए कहा यहां से निकल जाओ.

Mumbai woman angry
X

Mumbai woman angry

( Image Source:  X/ @umashankarsingh )

मुंबई के वर्ली इलाके में एक राजनीतिक रैली के चलते बुधवार शाम भारी यातायात जाम की स्थिति बन गई, जिसने आम नागरिकों को काफी परेशान किया. इस दौरान एक महिला यात्री का गुस्सा फूट पड़ा और उसने मौके पर मौजूद महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस कर डाली. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बताया जा रहा है कि यह जाम उस समय लगा जब सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा महायुति गठबंधन के तहत एक विरोध मार्च निकाला जा रहा था. यह प्रदर्शन विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए), खासकर कांग्रेस और अन्य दलों के खिलाफ आयोजित किया गया था. रैली में भारी भीड़ जुटने और समय पर शुरुआत न होने से पूरे इलाके में यातायात ठप हो गया.

कैसे बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था?

शाम 5 बजे निर्धारित इस मार्च में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया. जुलूस वर्ली के जाम्भोरी मैदान से शुरू होकर डोम तक जाना था. यह इलाका पहले से ही घनी आबादी वाला है, जहां बीडीडी चॉलों के कारण सड़कें अक्सर व्यस्त रहती हैं। ऐसे में रैली के कारण यातायात का दबाव और बढ़ गया.

गुस्से में क्या बोली महिला?

स्कूल से अपने बच्चे को लेने जा रही एक महिला कई घंटों तक जाम में फंसी रही. स्थिति से परेशान होकर उसने अपनी कार बीच सड़क पर छोड़ दी और सीधे जुलूस के बीच पहुंच गई. वहां उसने मंत्री गिरीश महाजन से तीखी बहस की और राजनीतिक रैलियों के कारण आम जनता को हो रही परेशानी पर सवाल उठाए.

महिला ने गुस्से में भीड़ से कहा "यहां से निकल जाओ!" वहीं पास में मौजूद खाली मैदान की ओर इशारा करते हुए उसने मंत्री से कहा "सैकड़ों लोग इंतज़ार कर रहे हैं. वहां एक खाली मैदान है." घटना के दौरान मौजूद मुंबई पुलिस ने जब स्थिति संभालने की कोशिश की, तो महिला का गुस्सा पुलिस अधिकारियों पर भी निकल पड़ा. उसने एक अधिकारी से बहस करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने की मांग की.

बाद में पुलिस और अन्य अधिकारियों ने महिला को सड़क किनारे ले जाकर उसकी समस्या सुनी और उसे शांत करने का प्रयास किया. हालांकि, तब तक इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

अगला लेख