क्या आपके मोबाइल पर भी आया ये मैसेज, जानें Cell Broadcast System, जिसे भारत ने किया लॉन्च, मिलेगा ये अलर्ट
भारत ने Cell Broadcast System का शुभारंभ किया है. इस दौरान 2 मई को सुबह 11:30 बजे से 12 बजे के बीच में हर किसी के मोबाइल फोन पर एक अलर्ट का अलार्म बजा.
Cell Broadcast System
केंद्र सरकार देश में आपदा प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. 2 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने Cell Broadcast System का शुभारंभ किया. इस नई प्रणाली का उद्देश्य आपात स्थितियों के दौरान नागरिकों तक चेतावनी संदेश तेजी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है. इस दौरान 2 मई को सुबह 11:30 बजे से 12 बजे के बीच में हर किसी के मोबाइल फोन पर एक अलर्ट का अलार्म बजा.
सरकार का मानना है कि प्राकृतिक आपदाओं और संकट के समय सही समय पर सूचना मिलना जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है. इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह प्रणाली विकसित की गई है, जो सीधे लोगों के मोबाइल फोन पर रियल-टाइम अलर्ट भेजने में सक्षम होगी.
क्या है नई आपदा संचार प्रणाली?
Cell Broadcast System को दूरसंचार विभाग (DoT) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त प्रयास से तैयार किया गया है. इसका मकसद प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपात स्थितियों के दौरान लोगों को समय रहते सतर्क करना है. यह प्लेटफॉर्म टेलीमैटिक्स विकास केंद्र द्वारा विकसित सैचेत प्रणाली पर आधारित है, जो पहले से ही देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सक्रिय है.
क्या है सचेत सिस्टम?
सचेत प्लेटफॉर्म अब तक अपनी प्रभावशीलता साबित कर चुका है. इसके जरिए चक्रवात, बाढ़, खराब मौसम और अन्य आपात स्थितियों के दौरान 19 से अधिक भारतीय भाषाओं में 134 अरब से ज्यादा एसएमएस अलर्ट भेजे जा चुके हैं. यह प्रणाली पहले से ही लाखों लोगों तक समय पर सूचना पहुंचाने में सफल रही है, जिससे नुकसान को कम करने में मदद मिली है.
सरकार ने अब इस सिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए सेल ब्रॉडकास्ट (CB) तकनीक भी जोड़ा है. पारंपरिक एसएमएस के मुकाबले यह तकनीक अधिक तेज और प्रभावी मानी जा रही है. सेल ब्रॉडकास्ट के जरिए किसी विशेष क्षेत्र में मौजूद सभी मोबाइल फोन पर एक साथ अलर्ट भेजा जा सकता है. यह तकनीक भूकंप, सुनामी, बिजली गिरने या औद्योगिक दुर्घटनाओं जैसी अचानक आने वाली आपदाओं में बेहद उपयोगी साबित होगी.
देशभर में हुआ परीक्षण
इस नई प्रणाली के तहत एक राष्ट्रव्यापी टेस्ट अभियान चलाया गया. इस दौरान दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में लोगों के मोबाइल फोन पर अंग्रेजी, हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में आपातकालीन अलर्ट भेजे गए. मैसेज में लिखा था, "भारत ने अपने नागरिकों के लिए तुरंत आपदा अलर्ट सर्विस के लिए स्वदेशी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके सेल ब्रॉडकास्ट लॉन्च किया है. सतर्क नागरिक, सुरक्षित देश. यह मैसेज मिलने के बाद जनता को कोई एक्शन लेने की ज़रूरत नहीं है. यह एक टेस्ट मैसेज है. भारत सरकार."




