Aaj ki Taaza Khabar: 40 साल बाद BJP का मेयर! BMC में रितु तावड़े निर्विरोध चुनी गईं, ठाकरे परिवार का 25 साल का दबदबा खत्म
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. बुधवार 11 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
Live Updates
- 11 Feb 2026 12:41 PM
40 साल बाद BJP का मेयर! BMC में रितु तावड़े निर्विरोध चुनी गईं, ठाकरे परिवार का 25 साल का दबदबा खत्म
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को 40 साल बाद बीजेपी का मेयर मिला है. बीजेपी पार्षद रितु तावड़े को निर्विरोध महापौर चुन लिया गया है. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) द्वारा उम्मीदवार न उतारे जाने के कारण यह चुनाव बिना मुकाबले के संपन्न हुआ. इस फैसले के साथ ही बीएमसी पर ठाकरे परिवार का करीब 25 साल पुराना राजनीतिक वर्चस्व समाप्त हो गया है. राजनीतिक गलियारों में इसे मुंबई की नगर राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. रितु तावड़े का निर्विरोध चुना जाना बीजेपी के लिए बड़ी रणनीतिक जीत के तौर पर देखा जा रहा है, जो आने वाले चुनावी समीकरणों को भी प्रभावित कर सकता है.
- 11 Feb 2026 12:34 PM
BMC को मिला नया डिप्टी मेयर, शिवसेना नेता संजय शंकर घाड़ी निर्विरोध निर्वाचित
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में शिवसेना नेता संजय शंकर घाड़ी को निर्विरोध उप-महापौर (Deputy Mayor) चुन लिया गया है. उनके खिलाफ किसी भी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके चलते उन्हें बिना मतदान के यह पद मिल गया. संजय घाड़ी के निर्विरोध चुने जाने को शिवसेना के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे मुंबई नगर राजनीति में शिवसेना की मजबूत पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है.
- 11 Feb 2026 12:11 PM
गुवाहाटी में CRPF का रेज़िंग डे समारोह, 21 फरवरी को सरुसजाई स्टेडियम में शामिल होंगे अमित शाह
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जानकारी दी है कि केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) का रेज़िंग डे समारोह 21 फरवरी को गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. इस विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. सीएम सरमा ने कहा कि यह आयोजन असम के लिए गौरव का विषय है और इससे राज्य में सुरक्षा बलों के योगदान को सम्मान मिलेगा. CRPF के स्थापना दिवस के मौके पर बल के शौर्य, सेवा और बलिदान को याद किया जाएगा.
- 11 Feb 2026 11:34 AM
स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास नोटिस में खामियां, फिर भी खारिज नहीं किया गया प्रस्ताव
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाने के लिए विपक्षी सांसदों की ओर से दिए गए नोटिस में नियमों के अनुसार कई कमियां पाई गई हैं. सूत्रों के मुताबिक नोटिस में फरवरी 2025 की घटनाओं का चार बार उल्लेख किया गया है, जिसके आधार पर इसे नियमों के तहत खारिज किया जा सकता था. हालांकि, स्पीकर ओम बिरला ने नोटिस को सीधे खारिज करने के बजाय लोकसभा सचिवालय को निर्देश दिया है कि नोटिस में मौजूद खामियों को दूर कराया जाए और आगे की प्रक्रिया नियमों के तहत पूरी की जाए. सचिवालय द्वारा संशोधित नोटिस मिलने के बाद उस पर शीघ्रता से विचार किया जाएगा. यह नोटिस बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत के बाद सूचीबद्ध किया जाएगा.
- 11 Feb 2026 11:30 AM
लापता लोगों के मामलों पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, केंद्र से लेकर NCRB तक को नोटिस जारी
लापता व्यक्तियों के मामलों से जुड़ी जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस, केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. कोर्ट ने यह भी पूछा है कि क्या इसी विषय से जुड़ा कोई मामला सुप्रीम कोर्ट में पहले से लंबित है. हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि लापता लोगों को लेकर मीडिया में इस समय दो अलग-अलग तरह की तस्वीरें सामने आ रही हैं. मामले की अगली सुनवाई 18 फरवरी को होगी.
- 11 Feb 2026 11:23 AM
स्टार्टअप से एक्सपोर्ट तक यूपी नंबर-1! नीति आयोग की रिपोर्ट पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का बड़ा दावा
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि राज्य ने नेशनल स्टार्टअप इंडेक्स में अग्रणी रैंक हासिल की है, जो विकास और नवाचार के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा जनवरी 2026 में जारी Export Preparedness Index 2024 के अनुसार, उत्तर प्रदेश देश के सभी लैंडलॉक्ड राज्यों में पहले स्थान पर रहा है. खन्ना के मुताबिक यह उपलब्धि प्रदेश की औद्योगिक नीति और निर्यात को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का परिणाम है.
- 11 Feb 2026 11:21 AM
स्पीकर का अपमान बर्दाश्त नहीं! राहुल गांधी के बयान पर किरेन रिजिजू का पलटवार, कांग्रेस पर गंभीर आरोप
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर लोकसभा स्पीकर का अपमान करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में गए और उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे स्पीकर बेहद आहत हैं. रिजिजू के मुताबिक, स्पीकर द्वारा दिए गए आदेश का पालन नहीं किया गया और राहुल गांधी ने यह तक कह दिया कि उन्हें बोलने के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि संसद में बोलने का अधिकार केवल अध्यक्ष की अनुमति से ही मिलता है, चाहे वह प्रधानमंत्री ही क्यों न हों.
- 11 Feb 2026 10:56 AM
यूपी बजट 2026-27 पर विपक्ष का हमला, माता प्रसाद पांडे ने उठाए खर्च पर सवाल
लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा में राज्य बजट 2026-27 को लेकर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने सरकार पर तीखा निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में पेश किए गए बजट का पूरा इस्तेमाल अब तक नहीं हो पाया है. उनके मुताबिक, न तो पिछले साल की बजट राशि पूरी तरह खर्च हुई और न ही उससे पहले के बजट का अपेक्षित उपयोग किया गया. माता प्रसाद पांडे ने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक जरूरतों के आधार पर नहीं, बल्कि अनुमान और संभावनाओं के सहारे बजट तैयार करती है. उन्होंने कहा कि हर साल बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जाती हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर उनका असर सीमित ही दिखाई देता है.
- 11 Feb 2026 10:33 AM
मोहाली में तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
पंजाब के मोहाली (एस.ए.एस. नगर) में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के तीन बड़े स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली. यह संदेश सुबह करीब साढ़े सात बजे के आसपास प्राप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया. मोहाली सिटी एसपी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि धमकी मिलने की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, एंटी-साबोटाज टीम, एआरपी यूनिट और स्थानीय पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा गया. इसके अलावा आरजीओ, डीएसपी और एसपी स्तर के अधिकारी भी खुद निगरानी में तलाशी अभियान चला रहे हैं.
- 11 Feb 2026 10:19 AM
बांग्लादेश चुनाव: ढाका में सिर्फ काले-सफेद पोस्टरों से भरा मीरपुर इलाका, रंगीन प्रचार पर रोक
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के मीरपुर इलाके में संसदीय चुनाव से ठीक एक दिन पहले काले और सफेद रंग के पोस्टर नजर आने लगे हैं. शहर की सड़कों और गलियों में उम्मीदवारों ने रस्सियों के सहारे अपने पोस्टर टांग दिए हैं, जिससे पूरा इलाका अलग ही दृश्य पेश कर रहा है. दरअसल, बांग्लादेश में होने वाले संसदीय चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने प्रचार सामग्री से जुड़े सख्त नियम बनाए हैं. इन नियमों के तहत आम पोस्टर और दीवारों पर लगाए जाने वाले बैनर केवल काले और सफेद रंग में ही लगाए जा सकते हैं. रंगीन पोस्टर या झंडों की अनुमति नहीं दी गई है, ताकि प्रचार में अनावश्यक खर्च और दिखावे पर रोक लगाई जा सके.





