Begin typing your search...

देशभर में बढ़ी गर्मी के बीच कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की; जानें अपने राज्य का हाल

उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। इसी बीच IMD ने 10 राज्यों में तेज हवाओं, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है.

15 मई का मौसम
X
15 मई का मौसम
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 15 May 2026 7:40 AM

देश के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार से लेकर कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश तक उत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में लोग गर्मी से बेहाल हैं. दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं. ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने राहत और सावधानी दोनों की खबर दी है. मौसम विभाग ने 10 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम की स्थिति

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार 15 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहेगा. 16 मई को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर रहने की उम्मीद है. 17 मई से गर्मी और बढ़ने वाली है। उस दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री तक जा सकता है. 18 और 19 मई को भी तापमान 41 डिग्री के आसपास ही रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी, इसलिए दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए. हालांकि शाम को हल्के बादल छा सकते हैं, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है.

मध्य प्रदेश में लू का प्रकोप

मध्य प्रदेश में भी गर्मी का कहर बहुत ज्यादा है. कुछ इलाकों में लू चल रही है तो कुछ जगहों पर बारिश, आंधी और ओले गिरने की भी संभावना है. खजुराहो में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है, जबकि पचमढ़ी में रात का तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है. 16 मई को भी मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा. पश्चिमी मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से 'हीट जोन' में हैं। इंदौर, रतलाम, उज्जैन, धार, देवास और गुना जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए.

उत्तर प्रदेश और बिहार में बढ़ती गर्मी

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत कई बड़े शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना है. पश्चिमी यूपी में गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं, जबकि पूर्वी हिस्सों में उमस वाली गर्मी महसूस हो रही है. मौसम विभाग ने खासतौर पर दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. पानी ज्यादा पीएं और छाया में रहने की कोशिश करें. बिहार में भी मौसम पूरी तरह गर्म बना हुआ है। पटना, गया और भागलपुर जैसे शहरों में तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच रह सकता है. दिन में तेज धूप पड़ रही है. शाम के समय कुछ इलाकों में हल्के बादल और धूल भरी हवाएं चल सकती हैं. ग्रामीण इलाकों में गर्मी के कारण बिजली और पानी की मांग बढ़ गई है.

राजस्थान में चिलचिलाती गर्मी

राजस्थान के कई इलाके भीषण गर्मी की चपेट में हैं. फलौदी में 45.2 डिग्री, जैसलमेर में 45.1 डिग्री, श्रीगंगानगर में 44.8 डिग्री, बीकानेर में 44.1 डिग्री और जोधपुर-कोटा जैसे शहरों में भी तापमान 43-44 डिग्री के आसपास पहुंच गया है. 15 मई को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. अगले 48 घंटों में तापमान में 1-2 डिग्री की मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन 17 मई से फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है. देहरादून और हल्द्वानी जैसे शहरों में तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं पहाड़ी इलाकों में मौसम अभी भी सुहावना है. शिमला, मनाली और धर्मशाला में ठंडी हवाएं चल रही हैं. कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है.

झारखंड में ओलावृष्टि की आशंका

झारखंड में मौसम विभाग और राज्य सरकार ओलावृष्टि और प्राकृतिक आपदाओं को लेकर अलर्ट पर हैं. फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है.

मौसम
अगला लेख