Begin typing your search...

वर्जिन, ब्राह्मण, और 30 साल से कम; 37 साल का तलाकशुदा शख्स ढूंढ रहा गजब की दुल्हन, भड़के यूजर्स

एक 37 साल के तलाकशुदा IIT ग्रेजुएट शख्स की शादी के लिए रखी गई अजीब शर्तों ने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है. उसने दुल्हन के लिए 30 साल से कम उम्र, ब्राह्मण, कभी शादी या रिलेशनशिप में न रही और वर्जिन होने जैसी शर्तें रखीं.

वर्जिन, ब्राह्मण, और 30 साल से कम; 37 साल का तलाकशुदा शख्स ढूंढ रहा गजब की दुल्हन, भड़के यूजर्स
X
( Image Source:  oendrila.kapoor- instagram )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी4 Mins Read

Published on: 22 April 2026 6:39 PM

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा मामला वायरल हो रहा है जिसने शादी-ब्याह और रिश्तों को लेकर समाज की सोच पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. एक मैचमेकर और डेटिंग कोच द्वारा शेयर की गई इस कहानी में 37 साल का एक तलाकशुदा IIT ग्रेजुएट शख्स अपनी दूसरी शादी के लिए ऐसी दुल्हन की तलाश कर रहा था, जिसका कोई 'पास्ट' न हो. उसकी शर्तें इतनी सख्त और एकतरफा थीं कि लोगों ने इसे सीधे-सीधे पितृसत्तात्मक सोच और दोहरे मापदंड का उदाहरण बता दिया.

इस पूरे मामले को सामने लाने वाली मैचमेकर ओएंद्रिला कपूर ने बताया कि शख्स एक बड़ी कंपनी में डायरेक्टर है, आर्थिक रूप से सफल है और पढ़ा-लिखा होने के बावजूद उसकी सोच बेहद पुरानी और अव्यावहारिक लगी. यही वजह रही कि उन्होंने उसे क्लाइंट के तौर पर लेने से साफ इनकार कर दिया.

क्या थीं दूल्हे की शर्तें, जिन पर मचा बवाल?

ओएंद्रिला कपूर के मुताबिक, उस व्यक्ति ने साफ शब्दों में कहा कि उसे ऐसी लड़की चाहिए जिसका कोई अतीत न हो. उसने दुल्हन के लिए जो शर्तें रखीं, उनमें शामिल था कि लड़की 30 साल से कम उम्र की हो, ब्राह्मण समुदाय से हो, कभी शादीशुदा न रही हो, किसी भी तरह के रिलेशनशिप में न रही हो और खासतौर पर वर्जिन हो.

हैरानी की बात यह रही कि खुद तलाकशुदा होने के बावजूद वह अपनी होने वाली पत्नी के लिए 'परफेक्ट पास्ट' की उम्मीद कर रहा था. जब उससे पूछा गया कि उसके अपने अतीत को उसी नजर से क्यों न देखा जाए, तो उसने जवाब दिया, 'Because I’m a man.'

‘रिसर्च’ का हवाला देकर क्या साबित करना चाहता था?

अपने तर्क को मजबूत करने के लिए उस शख्स ने यह भी दावा किया कि कुछ रिसर्च के अनुसार जिन महिलाओं के पहले कई रिश्ते रहे होते हैं, उनके भविष्य में बेवफाई की संभावना ज्यादा होती है. हालांकि, जब उससे उस रिसर्च का नाम या कोई ठोस आधार पूछा गया, तो वह कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पाया.

मैचमेकर ने क्यों ठुकराया ऐसा क्लाइंट?

ओएंद्रिला कपूर ने उसकी सोच में मौजूद विरोधाभास को सीधे तौर पर सामने रखा. उन्होंने कहा कि अगर उसकी शर्तों पर खरी उतरने वाली कोई लड़की मिल भी जाए, तो वह संभवतः एक पारंपरिक परिवार से होगी, जो 37 साल के तलाकशुदा पुरुष को स्वीकार नहीं करेगा. जब शख्स ने दावा किया कि उसे पहले से ही ऐसी प्रोफाइल्स मिल रही हैं, तो ओएंद्रिला ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि 'अरे, मुझे नहीं लगता कि आपके साथ कोई स्कैम या धोखाधड़ी हो रही है. मुझे तो लगता है कि आप ही अपनी रूढ़िवादी, पारंपरिक और पितृसत्तात्मक सोच और पूरी तरह अवास्तविक उम्मीदों के साथ इन महिलाओं के साथ धोखा करने वाले हैं…”

सोशल मीडिया पर क्यों भड़का गुस्सा?

जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने इसे दोहरे मापदंड और पाखंड बताया. एक यूजर ने लिखा कि तलाकशुदा लोगों को दूसरे तलाकशुदा लोगों की ही तलाश करनी चाहिए. दूसरे ने तंज कसते हुए कहा कि 30 साल से कम उम्र की अविवाहित लड़की आखिर किसी तलाकशुदा व्यक्ति से शादी क्यों करेगी? एक और यूजर ने मजाक उड़ाते हुए लिखा कि अब समझ आया कि वह तलाकशुदा क्यों है, IITian होने के बावजूद.

वायरल
अगला लेख