क्या है चारधाम यात्रा का इतिहास? क्यों और किसने शुरू की ये पवित्र परंपरा, जानें इतिहास और महत्व
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा सिर्फ तीर्थ नहीं, बल्कि आत्मा की शुद्धि और मोक्ष का मार्ग है. जानिए इसकी शुरुआत, इतिहास और चारों धामों का गहरा धार्मिक महत्व.
Char Dham 2026: उत्तराखंड के हिमालयी शिखरों में हर साल गर्मियों की शुरुआत के साथ एक अनोखी आध्यात्मिक जंग छिड़ जाती है. लाखों श्रद्धालु, कुछ युवा, कुछ बुजुर्ग, बैसाखी पर चलते हुए या घोड़ों पर सवार, यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ की ओर बढ़ते हैं. यह चारधाम यात्रा मात्र एक तीर्थयात्रा नहीं, बल्कि आत्मा की शुद्धि, पापों से मुक्ति और मोक्ष की तलाश है. लेकिन इस यात्रा की जड़ें कहां हैं? कब शुरू हुई? इसके पीछे कौन था? और इसका धार्मिक महत्व क्या है? आज हम इस महागाथा के बारें में जानते हैं.
किसने की शुरुआत?
8वीं शताब्दी भारत में बौद्ध और जैन धर्म की लहरें उठ रही थीं. हिंदू धर्म की जड़ें कमजोर हो रही थीं. ऐसे समय में केरल के एक ब्राह्मण परिवार में जन्मे एक प्रतिभाशाली बालक ने सन्यास ले लिया. नाम था शंकर बाद में जगद्गुरु आदि शंकराचार्य के नाम से प्रसिद्ध हुए. मात्र 32 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने पूरे भारत का भ्रमण किया, जिसे 'दिग्विजय' कहा जाता है. पैदल, बिना किसी साधन के, उन्होंने वेदांत का प्रचार किया, अद्वैत सिद्धांत स्थापित किया और हिंदू धर्म को नई ऊर्जा दी.
चारधाम यात्रा का इतिहास
इसी यात्रा के दौरान शंकराचार्य ने हिमालय के चार पवित्र स्थलों को एक सर्किट के रूप में व्यवस्थित किया. इन्हें 'चारधाम यात्रा' कहा जाता है. लेकिन ध्यान दें, यह 'बड़ा चारधाम'– बद्रीनाथ, द्वारका, पुरी और रामेश्वरम से अलग है, जिसके लिए भी शंकराचार्य ने चार मठ स्थापित किए थे. लेकिन उत्तराखंड वाला चारधाम शंकराचार्य की ही दूरदर्शिता का परिणाम माना जाता है. उन्होंने बद्रीनाथ में विष्णु की मूर्ति को अलकनंदा नदी से निकालकर स्थापित किया, केदारनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार किया और इन स्थलों को तीर्थयात्रा का केंद्र बनाया. जोशीमठ को बद्रीनाथ का शीतकालीन आसन बनाया. उनका उद्देश्य स्पष्ट था उत्तर और दक्षिण को जोड़ना, शैव-वैष्णव परंपरा को एक सूत्र में बांधना और तीर्थयात्रा को मोक्ष का माध्यम बनाना.
यात्रा के मुख्य चार पड़ाव
1. यमुनोत्री: पापों की शुरुआती शुद्धि
यात्रा की शुरुआत यमुनोत्री से होती है. यह यमुना नदी का उद्गम स्थल है, जो सूर्यपुत्री यमुना देवी को समर्पित है. पौराणिक कथा कहती है कि यमुना सूर्य और छाया की पुत्री थीं. सूर्य की तेजस्विता सहन न कर पाने वाली सरण्यु ने छाया रूप बनाया, लेकिन यमुना का जन्म हुआ. यमुना को मौत के देवता यम की बहन भी माना जाता है. महाभारत काल में राजा शांतनु ने यहां तपस्या की और यमुना से पापमुक्ति का वरदान पाया. मंदिर 19वीं शताब्दी में टिहरी गढ़वाल के महाराजा प्रताप शाह ने बनवाया, लेकिन स्थल वैदिक काल से पवित्र था. सूर्य कुंड के गर्म जल स्नान पापों को धोते हैं. यहां का पहला दर्शन यात्रा की शुरुआत में ही श्रद्धालु को शुद्धता का संदेश देता है.
ANI
2. गंगोत्री: स्वर्ग से धरती पर आईं
अगला पड़ाव गंगोत्री। गंगा नदी का. कथा भगीरथ की है अपने पूर्वजों को पितृ शाप से मुक्ति दिलाने के लिए उन्होंने ब्रह्मा की तपस्या की. गंगा स्वर्ग से धरती पर उतरीं, लेकिन उनकी वेग से पृथ्वी नष्ट होने वाली थी. शिव ने अपनी जटाओं में उन्हें रोका और धीरे-धीरे छोड़ा. यहीं गौमुख से गंगा प्रकट होती है. मंदिर 18वीं शताब्दी में नेपाली सेनापति अमर सिंह थापा ने बनवाया. लेकिन स्थल प्राचीन है. गंगोत्री में स्नान और पूजा से श्रद्धालु मानते हैं कि उनके सारे पाप धुल जाते हैं, गंगा को 'पापहरिणी' कहा जाता है.यही कारण है कि चारधाम में इसका महत्व सर्वोपरि है.
ANI
3. केदारनाथ: शिव का ज्योतिर्लिंग और पांडवों की प्रायश्चित यात्रा
तीसरा धाम केदारनाथ: भगवान शिव का 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक. महाभारत के बाद पांडवों ने यहां तपस्या की. युद्ध के पाप से मुक्ति के लिए वे शिव की खोज में निकले. शिव बैल का रूप धरकर छिप गए. जब पांडवों ने उनकी पूंछ पकड़ी, तो शिव केदार पर्वत में समा गए. मंदिर की पीठ पर शिव का पिछला भाग स्थापित है. मूल मंदिर पांडवों ने बनवाया था, लेकिन वर्तमान संरचना 8वीं शताब्दी में शंकराचार्य ने पुनर्निर्मित की. केदारनाथ की ऊंचाई 3,583 मीटर है. 2013 के विनाशकारी बाढ़ में भी मंदिर अक्षुण्ण रहा. श्रद्धालु इसे शिव का चमत्कार मानते हैं. यहां शिव की पूजा से आंतरिक शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है. शंकराचार्य की समाधि भी इसी क्षेत्र में मानी जाती है.
ANI
4. बद्रीनाथ: विष्णु का धाम और नर-नारायण की तपस्या
अंतिम धाम बद्रीनाथ भगवान विष्णु (बद्रीनाथ) को समर्पित. स्कंद पुराण और महाभारत में इसका उल्लेख है. नर और नारायण (विष्णु के अवतार) ने यहां तपस्या की. शंकराचार्य ने अलकनंदा नदी से विष्णु की मूर्ति निकालकर मंदिर में स्थापित की. मंदिर का वर्तमान स्वरूप गढ़वाल राजाओं ने संरक्षित किया. यहां तप्त कुंड में स्नान और विष्णु की आरती श्रद्धालु को वैष्णव भक्ति का अनुभव कराती है. बद्रीनाथ शीतकाल में जोशीमठ में विराजते हैं – शंकराचार्य की व्यवस्था.
ANI
धार्मिक महत्व: पापमुक्ति, मोक्ष और भारत की एकता
चारधाम यात्रा का धार्मिक महत्व अपार है. हिंदू शास्त्रों में इसे 'मोक्ष मार्ग' कहा गया है. एक बार पूरा करने से जन्म-मृत्यु के चक्र से मुक्ति मिलती है. प्रत्येक धाम एक देवता को समर्पित है यमुना (शुद्धि), गंगा (पापहरण), शिव (तांडव,करुणा और पश्याताप) और विष्णु (पालन). यात्रा शारीरिक कठिनाई (ट्रेकिंग, ऊंचाई, मौसम) को तपस्या बनाती है. शंकराचार्य ने इसे इसलिए शुरू किया ताकि भारत की सांस्कृतिक एकता बनी रहे. उत्तर से दक्षिण, शैव से वैष्णव सब एक सूत्र में बंधें. पुराणों में कहा गया है कि इन धामों के दर्शन से 'सर्व पाप नाश' होता है. आज भी यात्रा लाखों को आकर्षित करती है. 2026 में भी अप्रैल से नवंबर तक यह चलेगी.




