नोएडा में पंकज चौधरी का पहला दौरा, महिला आरक्षण पर विपक्ष पर हमला, अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
नोएडा दौरे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने महिला आरक्षण और विपक्ष पर तीखा हमला बोला, अखिलेश यादव के वादों पर भी उठाए सवाल.
नोएडा में भारतीय जनता पार्टी को उस वक्त नई ऊर्जा मिलती दिखी, जब प्रदेश अध्यक्ष और महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी अपने पहले दौरे पर पहुंचे. उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. सेक्टर-70 स्थित शौर्या बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया.
इस दौरान कार्यक्रम केवल स्वागत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह राजनीतिक संदेश देने का मंच भी बना. पंकज चौधरी ने प्रेसवार्ता के जरिए विपक्ष पर सीधा हमला बोला और महिला आरक्षण जैसे अहम मुद्दों को लेकर अपनी पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा.
क्या था नोएडा दौरे का खास मकसद?
नोएडा के फेस-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-70 स्थित शौर्या बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं में जोश भरना था. इस मौके पर नोएडा के विधायक पंकज सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. विधायक पंकज सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया.
कार्यकर्ताओं ने क्यों किया भव्य स्वागत?
यह पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद नोएडा का पहला दौरा था, इसलिए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए एक बड़े मौके के रूप में लिया और पूरे जोश के साथ उनका स्वागत किया.
क्या बोले पंकज चौधरी महिला आरक्षण पर?
जन आक्रोश प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस बिल का विरोध कर महिलाओं के हितों के खिलाफ खड़ा है और इसका खामियाजा उन्हें आने वाले विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा.उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया है, जबकि विपक्ष महिलाओं को राजनीति में आरक्षण देने के पक्ष में नहीं है.
"17 तारीख को काला दिवस क्यों कहा?"
पंकज चौधरी ने कहा, "17 तारीख लोकसभा का हमको लगता है काला दिवस के रूप में जाना जाएगा जिस दिन यह महिला आरक्षण का संशोधन बिल गिरा है और उसी दिन से पूरे देश के महिलाएं में कही न कही आक्रोश है और अभी कल ही लखनऊ में बहुत बड़ा जन आक्रोश रैली निकला था उसमें हम और हमारे मुख्यमंत्री जी ने मिलकर के भाग भी लिया और जहां भी भी महिलाएं जन आक्रोश के रूप में अपना जो भी ढंग अपनायेगी भारतीय जनता पार्टी उसमें उनका सहयोग करेगा."
अखिलेश यादव पर क्यों साधा निशाना?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि मुफ्त बिजली देने के वादे केवल चुनावी हथकंडे हैं. उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव 300 नहीं 400 यूनिट फ्री दे सकते हैं 2017 से पहले बिजली आती कितनी थी और सपा की सरकार आएगी तो फिर ना उनकी बिजली आएगी और यूनिट बढ़ेगा."
क्या है इस दौरे का राजनीतिक संदेश?
पंकज चौधरी का यह दौरा साफ तौर पर आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया माना जा रहा है. इसमें संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और विपक्ष के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश साफ नजर आई.




