'जो कहानी सुनाई थी, वो पूरी सच नहीं थी', 370 रुपये की बिरयानी कांड पर हिमांशु ने दी सफाई, वीडियो वायरल
कॉमेडियन प्रणीत मोरे के स्टैंडअप शो 370 रुपये की बिरयानी वाले कमेंट के बाद चर्चा में आए हिमांशु जांगड़ा ने एक वीडियो में अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि शो में सुनाई गई कहानी पूरी तरह सच नहीं थी और उन्होंने कुछ हिस्सों को बढ़ा-चढ़ाकर बताया था.
370 रुपये की बिरयानी कांड पर हिमांशु ने दी सफाई
कॉमेडियन प्रणीत मोरे के स्टैंडअप शो में 370 रुपये की बिरयानी और अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड को लेकर सुनाई गई कहानी के बाद विवादों में आए हिमांशु जांगड़ा ने अब पूरे मामले पर सफाई दी है. विवाद बढ़ने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और उनकी नौकरी भी चली गई. अब स्टारविक डिजाइन के फांउडर विवेक विश्वकर्मा के साथ बातचीत में हिमांशु ने अपनी बात रखते हुए कहा कि शो में सुनाई गई कहानी पूरी तरह सच नहीं थी.
हिमांशु ने बताया कि उन्होंने जिस लड़की का जिक्र मंच पर किया था, उसे वह डेट कर चुके हैं, लेकिन शो में सुनाई गई कहानी के कुछ हिस्सों को उन्होंने मौके के हिसाब से इम्प्रोवाइज किया था. उनका कहना है कि उनसे पहले भी कई लोग इसी तरह की कहानियां सुना रहे थे, इसलिए उन्होंने भी ऐसा किया. उन्होंने माना कि उनसे कुछ गलत शब्दों का इस्तेमाल हुआ, जिसके लिए वह माफी मांगते हैं.
हिमांशु ने क्या कहा?
हिमांशु ने कहा कि पिछले दो हफ्तों से उन्हें इंस्टाग्राम पर काफी ट्रोल किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनके परिवार और गांव के लोगों को इस बारे में जानकारी नहीं थी. बाद में जब घरवालों को पता चला तो उन्होंने उन्हें घर बुलाकर पूछा कि आखिर क्या हुआ है. हिमांशु के मुताबिक, उन्होंने अपनी गलती मानी, जिसके बाद परिवार ने उन्हें डांटा और समझाया. उन्होंने कहा कि कंडीशन तब ज्यादा मुश्किल हो गई जब घरवालों को उनकी नौकरी जाने का पता चला. इसके बाद परिवार काफी तनाव में आ गया और अब उन्हें इस बात का पछतावा होता है कि वह उस शो में गए ही क्यों.
शो में सुनाई गई कहानी को लेकर क्या बताया?
हिमांशु ने बताया कि उन्होंने पहले भी प्रणीत मोरे के शो के एपिसोड देखे थे और गुरुग्राम में पहली बार होने के कारण वह शो देखने पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि जिस लड़की का जिक्र उन्होंने मंच पर किया था, उसे उन्होंने डेट किया था, लेकिन शो में सुनाई गई पूरी कहानी सच नहीं थी. उन्होंने कहानी के कुछ हिस्सों को मौके के अनुसार इम्प्रोवाइज किया था. उन्होंने कहा कि उनसे पहले भी कई लोग इसी तरह की कहानियां शेयर कर रहे थे. हिमांशु ने माना कि उन्होंने कुछ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था और इसके लिए वह माफी मांगना चाहते हैं.
अपनी मंशा को लेकर क्या सफाई दी?
हिमांशु ने कहा कि मंच पर कही गई बातें उन्होंने केवल एंटरटेनमेंट के मकसद से कही थीं. उनका कहना था कि उनकी ऐसी कोई मानसिकता या इरादा नहीं था. उन्होंने यह भी कहा कि वर्कप्लेस पर उनकी फीमेल कोवर्कर्स के साथ हमेशा अच्छे संबंध रहे हैं और उन्हें अपने शब्दों पर अफसोस है.




