Begin typing your search...

न रोएं मोहतरमा न रोएं! पकिस्तान की हार देख चीखने-चिल्लाने लगीं फैंस, एंकर हुदा शाह बोलीं- बेशर्मी की हद है

ICC T20 विश्व कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी. ईशान किशन की 77 रनों की पारी और पाकिस्तानी फैंस का वायरल वीडियो चर्चा का केंद्र बना.

ind vs pak t20 world cup 2026 india won by 61runs viral video
X
( Image Source:  X: @AdityaRajKaul )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय

Updated on: 16 Feb 2026 8:36 AM IST

क्रिकेट के मैदान पर भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा से ही बहुत बड़ा और भावनाओं से भरा होता है. ये सिर्फ खेल नहीं, बल्कि दोनों देशों के लाखों-करोड़ों लोगों की भावनाओं का टकराव होता है. 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो शहर में ICC T20 विश्व कप 2026 के ग्रुप ए मैच में एक बार फिर यही हुआ. भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी, और इस जीत ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. अब आते हैं उस वायरल वीडियो पर, जो इस पूरी कहानी का सबसे मजेदार हिस्सा है. @NewsAlgebraIND नाम के अकाउंट ने एक 88 सेकंड का छोटा-सा वीडियो पोस्ट किया.

इसमें हरी जर्सी जो पाकिस्तान की टीम कलर पहने कुछ पाकिस्तानी महिलाएं टीवी के सामने बैठी मैच देख रही हैं. जैसे ही मैच में पाकिस्तान हारता दिखा, वे पूरी तरह टूट गईं. चीखने-चिल्लाने लगीं, कूदने लगीं, हाथ-पैर मारने लगीं, और कुछ तो टीवी पर ही झपटने लगीं जैसे कोई उन्हें रोक सके. ये पूरा सीन इतना इमोशनल और फनी था कि वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो गया. पोस्ट को 78,000 से ज्यादा व्यूज मिले और 1,400 से ज्यादा लाइक्स आए.

कुछ तो शर्म कर लें

वहीं इस हार के बाद पूर्व क्रिकेटर, फैंस और कमेंटेटर सबने टीम पर जमकर निशाना साधा. खास तौर पर पाकिस्तानी एंकर हुदा शाह ने एक वीडियो में टीम की कड़ी आलोचना की, जो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो गया. हुदा शाह ने काफी गुस्से में कहा कि 'यह तो बेशर्मी की हद है' उन्होंने कहा कि टीम हारने वाली थी, लेकिन कम से कम थोड़ा तो संघर्ष कर सकती थी, थोड़ी मेहनत तो कर सकती थी. उन्होंने टीम के प्रैक्टिस पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि मैच से पहले इतनी खबरें आई थीं कि टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग का कड़ा प्रैक्टिस किया है, लेकिन मैदान पर इसका कोई असर क्यों नहीं दिखा? बल्लेबाजी तो बिल्कुल नहीं चली, टीम 100 रन भी पार नहीं कर पाई. वे काफी निराश होकर बोलीं कि टीम को बहुत शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है. पहले से ही लग रहा था कि हार बुरी होगी, लेकिन इतनी बुरी हार की उम्मीद नहीं थी. उन्होंने यह भी कहा कि इतनी सारी दुआएं और प्रार्थनाएं व्यर्थ चली गईं. अगर पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच न खेलने का फैसला जारी रखा होता, तो कम से कम इस अपमान और निराशा से तो बच जाते.

भारत उनका बाप है

इन दोनों वीडियो को देखने के बाद यूजर्स के जमकर कमेंट्स आए है. एक ने कहा, 'ओए न रोए जनाब न रोए. ' दूसरे ने कहा, 'ये लोग जितना रोते हैं हर मैच हरके इनपे एक डॉक्युमेंट्री बन सकती है. ' एक ने कहा, 'धुरंधर 2 फिल्म में कुछ ऐसा ही कॉमेडी सीन डालिए जब पाकिस्तानी टीम क्रिकेट विश्व कप में भारत से हार जाती है. ' एक अन्य ने कहा, 'कोनसी नई बात है बेइज्जती की? आगे से चली आ रही है और वो भी इंटरनेशनल बेइज्जती.' एक अन्य ने कहा, 'मुझे लगता है कि अब उन्हें यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि भारत उनका बाप है.'

कैसा रहा मैच?

मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175 रन बनाए. विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने कमाल कर दिया. उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों पर 77 रन ठोक दिए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे. पिच धीमी और स्पिनर्स के लिए मददगार थी, लेकिन ईशान ने ऐसी बैटिंग की जैसे कोई आसान मैदान हो. शुरुआत में थोड़ी मुश्किल हुई, लेकिन ईशान ने आक्रामक अंदाज में खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. सूर्यकुमार यादव ने 32 रन, शिवम दुबे ने नाबाद 27 रन बनाए, जिससे भारत का कुल स्कोर अच्छा हो गया.

114 रनों पर ढेर

पाकिस्तान की तरफ से सैम अयूब ने 3 विकेट लिए, लेकिन वे भारत को रोक नहीं पाए. जब पाकिस्तान की बारी आई, तो लक्ष्य 176 रनों का था. लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया. अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने मिलकर पाकिस्तान को सिर्फ 114 रनों पर ढेर कर दिया. पाकिस्तान 18 ओवर में ही ऑलआउट हो गया. उस्मान खान ने 44 रन बनाए, जो उनकी टीम का सबसे ज्यादा स्कोर था. भारत की गेंदबाजी इतनी कसी हुई थी कि पाकिस्तान कभी मैच में वापसी नहीं कर पाया. इस जीत से भारत ने सुपर एट्स में अपनी जगह पक्की कर ली.

हमेशा फुल ड्रामा

क्रिकेट की दुनिया में इंडिया vs पाकिस्तान मैच हमेशा स्पेशल रहता है. चाहे कोई भी फॉर्मेट हो, वर्ल्ड कप हो या एशिया कप, ये मुकाबला हमेशा फुल ड्रामा, टेंशन और एक्साइटमेंट से भरा होता है. इस बार भी वैसा ही हुआ. ईशान किशन की धमाकेदार पारी, भारतीय गेंदबाजों की शानदार परफॉर्मेंस, और फिर फैंस की ये रिएक्शन वीडियो सब मिलकर इस मैच को यादगार बना दिया. अंत में यही कह सकते हैं कि क्रिकेट सिर्फ बल्ला-गेंद का खेल नहीं है. ये दिलों को जोड़ता भी है और तोड़ता भी है. पाकिस्तानी महिलाओं का ये वीडियो देखकर समझ आता है कि फैंस कितने गहराई से मैच से जुड़े होते हैं.

Viral Videoटी-20 वर्ल्‍ड कपवायरल
अगला लेख