Explainer: विरोध की आंधी में हवा हुए 'प्रधान', जमीन कितनी बाकी, पार्टी से लेकर हाईकमान अब कितना साथ?
CJP आंदोलन के बाद धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे ने केंद्र सरकार की जवाबदेही और शिक्षा व्यवस्था पर बहस तेज कर दी है. हालांकि इस्तीफे के बाद BJP के बड़े नेताओं ने प्रधान के योगदान और फैसले की खुलकर सराहना की.
दिल्ली के जंतर-मंतर से उठी CJP की विरोध की आवाज 36 दिनों में जिस तरह राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बनी, उसने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों के साथ-साथ केंद्र सरकार की जवाबदेही पर भी चर्चा तेज कर दी. 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह सवाल और बड़ा हो गया कि क्या यह फैसला सिर्फ राजनीतिक दबाव का नतीजा है या सरकार की रणनीति का हिस्सा? इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ के बीच बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने प्रधान के समर्थन में बयान दिए हैं.
दिलचस्प बात यह है कि इस्तीफे के बाद पार्टी के भीतर से जो संदेश सामने आया, उसमें धर्मेंद्र प्रधान को अलग-थलग करने के बजाय उनके काम और योगदान को सामने रखा गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों और बीजेपी नेताओं ने उनके फैसले को त्याग, जिम्मेदारी और संगठन के प्रति निष्ठा से जोड़कर पेश किया. ऐसे में अब असली सवाल यही है कि विरोध की आंधी में पद जरूर गया, लेकिन क्या धर्मेंद्र प्रधान की राजनीतिक जमीन भी हिल गई है? और पार्टी से लेकर हाईकमान तक उनके साथ कितना मजबूती से खड़ा है?
इस्तीफे के बाद सबसे पहले दिखा ‘पार्टी का साथ’
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हुआ. इन बयानों में एक बात लगभग साझा रही- प्रधान के फैसले को व्यक्तिगत कमजोरी के बजाय सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के तौर पर पेश किया गया. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिक्षा क्षेत्र में प्रधान के कामों को गिनाते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने में उनकी अहम भूमिका रही. उन्होंने पीएम श्री स्कूलों, IIT के अंतरराष्ट्रीय विस्तार और प्रवेश परीक्षाओं को कई भाषाओं में उपलब्ध कराने जैसे कदमों का भी उल्लेख किया.
फडणवीस ने प्रधान के इस्तीफे को व्यापक समाजहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से जोड़ते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रहित को व्यक्तिगत हित से ऊपर रखा. साथ ही उन्होंने यह संदेश भी दिया कि पूरा बीजेपी परिवार उनके साथ खड़ा है. यानी इस्तीफे के बाद पार्टी की तरफ से पहला नैरेटिव यह नहीं रहा कि प्रधान पराजित होकर बाहर हुए, बल्कि यह रहा कि उन्होंने जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ा.
पीयूष गोयल ने याद दिलाया पुराना राजनीतिक सफर
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी धर्मेंद्र प्रधान के लंबे सार्वजनिक जीवन को याद किया. उन्होंने प्रधान की दशकों की राजनीतिक और सार्वजनिक सेवा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उनके छात्र जीवन से लेकर सरकार में जिम्मेदारी संभालने तक के सफर का जिक्र किया. गोयल के संदेश का फोकस इस बात पर रहा कि प्रधान युवाओं की आकांक्षाओं और देश के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लंबे समय से समझते रहे हैं. यह प्रतिक्रिया इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस्तीफे के तुरंत बाद किसी नेता की राजनीतिक उपयोगिता पर सवाल उठने लगते हैं. लेकिन पार्टी के वरिष्ठ चेहरे यदि उसी समय उसके योगदान को सामने रखें, तो यह संकेत माना जा सकता है कि संगठन उसे राजनीतिक रूप से खत्म मानकर नहीं चल रहा.
विनोद तावड़े का ‘नेशन फर्स्ट’ संदेश
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने भी धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल और उनके विचारों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने शिक्षा को मजबूत राष्ट्र की बुनियाद बताते हुए प्रधान के ‘नेशन फर्स्ट’ दृष्टिकोण का उल्लेख किया. तावड़े के बयान में शिक्षा व्यवस्था को देश के विकास और 2047 के लक्ष्य से जोड़ने की कोशिश दिखाई दी. इससे यह संकेत भी मिला कि पार्टी धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल को केवल विवादों के चश्मे से नहीं देखना चाहती, बल्कि उनके काम को भी राजनीतिक विमर्श में बनाए रखना चाहती है.
मनोज तिवारी ने जोड़ा Gen Z से कनेक्शन
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं और Gen Z के प्रति संवेदनशीलता से जोड़कर देखा. उन्होंने इसे जिम्मेदारी और सहानुभूति का उदाहरण बताया. यह बयान मौजूदा राजनीतिक माहौल के लिहाज से खास है. CJP आंदोलन की सबसे बड़ी पहचान युवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उसकी सक्रियता रही है. ऐसे में प्रधान के इस्तीफे को Gen Z की भावनाओं से जोड़ना यह संकेत देता है कि पार्टी ने युवाओं के संदेश को नजरअंदाज करने के बजाय उसे राजनीतिक रूप से गंभीरता से लिया है.
उत्तराखंड बीजेपी ने बताया कठिन फैसला
उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों के हित में लिया गया कठिन निर्णय बताया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनभावनाओं और जवाबदेही के महत्व को समझती है. इस बयान से पार्टी की रणनीति का एक और पहलू सामने आता है. इस्तीफे को हार की तरह पेश करने के बजाय इसे सरकार की जवाबदेही और जनता की भावनाओं के सम्मान से जोड़ने की कोशिश की जा रही है.
राजनाथ सिंह के बयान ने साफ किया हाईकमान का रुख
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सबसे अहम प्रतिक्रियाओं में से एक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रही. उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रधान ने पद छोड़ा है. राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के लिए विद्यार्थियों और युवाओं की भावनाओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है. NEET, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर छात्रों की चिंताओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ दूर करने की बात भी उन्होंने कही. इस बयान को केवल प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया मानना मुश्किल है. इसके जरिए सरकार ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी दिया. छात्रों की नाराजगी को सरकार ने सुना है और अब उसका समाधान करने की दिशा में आगे बढ़ा जा रहा है.
हाईकमान ने प्रधान को अकेला नहीं छोड़ा
अगर इस्तीफे के बाद सामने आए बयानों को एक साथ देखें तो बीजेपी का संदेश काफी स्पष्ट नजर आता है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधान के खिलाफ माहौल बनाने के बजाय उनके काम, संगठन के प्रति निष्ठा और सार्वजनिक जीवन के योगदान को रेखांकित किया. यानी पद जाने के बाद भी प्रधान को पार्टी के भीतर अकेला छोड़ने का संकेत नहीं मिला. उल्टा, अलग-अलग राज्यों और केंद्र में मौजूद बीजेपी के बड़े नेताओं ने उनके पक्ष में सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी. इसे धर्मेंद्र प्रधान के लिए राजनीतिक ‘सेफ्टी नेट’ के तौर पर भी देखा जा सकता है. मंत्री पद खत्म होना और राजनीतिक करियर खत्म होना- दोनों अलग-अलग चीजें हैं.
क्या CJP की जीत या सरकार का डैमेज कंट्रोल?
अब सवाल उस राजनीतिक नैरेटिव का है, जो CJP आंदोलन के खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से चल रहा है. एक तरफ प्रदर्शनकारी इसे अपनी मांगों की जीत बता रहे हैं. दूसरी तरफ सरकार के समर्थक इसे सरकार की संवेदनशीलता और जवाबदेही के उदाहरण के तौर पर पेश कर रहे हैं. यही वजह है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा दो अलग-अलग राजनीतिक नैरेटिव पैदा कर रहा है. CJP के लिए यह दबाव की राजनीति की सफलता का प्रतीक है, जबकि सरकार के लिए इसे युवाओं की चिंताओं को स्वीकार कर समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने के तौर पर पेश किया जा रहा है. सच यह है कि इस्तीफे के बाद राजनीतिक कहानी खत्म नहीं हुई है, बल्कि अब उसका अगला अध्याय शुरू हुआ है.
प्रधान की ‘जमीन’ कितनी बची?
धर्मेंद्र प्रधान का मंत्री पद जरूर चला गया, लेकिन बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रियाओं को देखें तो संगठन के भीतर उनकी राजनीतिक जमीन खत्म होने जैसी स्थिति फिलहाल दिखाई नहीं देती. पार्टी के बड़े चेहरों ने लगातार उनके योगदान और फैसले का बचाव किया है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी भी बड़े बीजेपी नेता ने इस्तीफे को प्रधान की व्यक्तिगत विफलता के तौर पर पेश नहीं किया. इसके बजाय इसे छात्रों, युवाओं और व्यापक जनहित के संदर्भ में रखा गया. इसलिए फिलहाल तस्वीर यह है कि प्रधान की कुर्सी गई है, लेकिन पार्टी का साथ नहीं. फिलहाल आपको बता दे कि धर्मेंद्र प्रधान शिक्षा मंत्री से पहले पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री थे तो ऐसे जब पार्टी के सभी नेता और हाई कमान उनके साथ है तो उनका कोई नई जिम्मेदारी भी मिल सकती है.
आगे की राह होगी असली परीक्षा
अब असली परीक्षा धर्मेंद्र प्रधान की नहीं, बल्कि सरकार और शिक्षा व्यवस्था दोनों की होगी. यदि पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली, NEET और छात्रों की शिकायतों पर ठोस सुधार दिखाई देते हैं, तो सरकार इसे अपने फैसले की सफलता के रूप में पेश कर सकती है. लेकिन अगर आंदोलन के बाद उठे सवाल सिर्फ इस्तीफे तक सीमित रह गए और जमीनी स्तर पर बदलाव नहीं आया, तो विपक्ष और CJP दोनों के पास सरकार पर दबाव बनाने के लिए नया मुद्दा होगा.
फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि 36 दिन के आंदोलन ने धर्मेंद्र प्रधान की कुर्सी जरूर हिला दी, लेकिन पार्टी और हाईकमान की प्रतिक्रियाओं ने यह साफ कर दिया है कि बीजेपी ने उन्हें राजनीतिक रूप से अकेला नहीं छोड़ा है. अब देखना होगा कि यह समर्थन आगे चलकर किस रूप में दिखाई देता है. संगठन में नई जिम्मेदारी, किसी दूसरे मोर्चे पर भूमिका या फिर कुछ समय के लिए पर्दे के पीछे की राजनीति.




