Begin typing your search...

I AM Correct से लेकर हाथ तो मिलाओ तक...Gen Z के आगे ऐसे दिखा सरकार का सरेंडर, CJP से मुलाकात में नड्डा नहीं छिपा पाए हार

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों से चल रहा CJP का आंदोलन सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच तीन दौर की बातचीत के बाद खत्म हो गया. संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ CJP प्रवक्ताओं ने समझौते की जानकारी दी. इसी दौरान नड्डा का सौरभ दास से 'I AM CORRECT?' पूछना और फिर 'हाथ तो मिलाओ' कहना चर्चा में रहा.

I AM Correct से लेकर हाथ तो मिलाओ तक...Gen Z के आगे ऐसे दिखा सरकार का सरेंडर, CJP से मुलाकात में नड्डा नहीं छिपा पाए हार
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी5 Mins Read

Updated on: 25 July 2026 6:30 PM IST

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों से चल रहे CJP के प्रदर्शन का अब अंत हो गया है. सरकार और CJP के बीच तीन दौर की बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी. इसके बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने CJP प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. लेकिन इस पीसी में सिर्फ मांगों और समझौते की बातें ही नहीं हुईं, बल्कि कुछ ऐसे पल भी कैमरे में कैद हुए, जिन्होंने पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल बदल दिया.

CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरभ दास ने दावा किया कि सरकार ने उनकी तीनों प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है. पहली मांग थी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, दूसरी प्रदर्शनकारियों और आयोजकों के खिलाफ दर्ज FIR और केस वापस लेना तथा भविष्य में कार्रवाई नहीं करना और तीसरी NEET पेपर लीक से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजा.

‘I AM CORRECT’... सौरभ ने कहा- YES

पीसी के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया जब जेपी नड्डा ने CJP की ओर से रखी गई मांगों और बातचीत के बिंदुओं पर अपनी बात रखने के बाद सौरभ दास से पूछा- 'I AM CORRECT?' इस पर सौरभ दास ने तुरंत जवाब दिया- 'YES.' दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के दौरान यह छोटा सा संवाद कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.

‘हाथ तो मिलाओ’... नड्डा ने सौरभ को टोका

पीसी के बाद एक और वीडियो सामने आया, जिसमें जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह उठते दिखाई देते हैं. नड्डा हाथ मिलाने के लिए सौरभ दास की तरफ बढ़ते हैं, लेकिन उस वक्त सौरभ किसी और तरफ देख रहे होते हैं. इस पर नड्डा ने उनसे कहा- 'हाथ तो मिलाओ.' इसके बाद सौरभ दास आगे बढ़े और जेपी नड्डा के साथ हाथ मिलाया. फिर दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर बातचीत के इस दौर को खत्म किया.

CJP की तीन मांगों पर क्या बनी सहमति?

CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि जंतर-मंतर पर शुरू हुए आंदोलन की तीन मुख्य मांगें थीं. पहली मांग धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा था, जिसे CJP ने पूरा होने का दावा किया. दूसरी मांग प्रदर्शनकारियों और आयोजकों के खिलाफ दर्ज सभी FIR और कानूनी मामलों को वापस लेने की थी. सौरभ दास के मुताबिक, सरकार ने दिल्ली के साथ-साथ BJP शासित और सहयोगी राज्यों में दर्ज मामलों को लेकर भी सकारात्मक सहमति दी है. साथ ही भविष्य में CJP टीम, आयोजकों या प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर भी सहमति बनी है. सरकार की ओर से इस संबंध में लिखित गारंटी मंगलवार तक देने की बात कही गई है.

तीसरी मांग NEET पेपर लीक के बाद जान गंवाने वालों के परिवारों के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की थी. जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार सहानुभूति के साथ नियमों के तहत सम्मानजनक और अधिकतम संभव मुआवजा देने का प्रयास करेगी.

शिक्षा व्यवस्था में सुधार वाले 5 सूत्री चार्टर पर भी चर्चा

CJP की ओर से शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर दिए गए पांच सूत्री चार्टर पर भी सरकार ने गंभीरता से विचार करने की बात कही. जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार CJP प्रतिनिधियों के साथ इस पर आगे भी चर्चा करेगी और जो संभव होगा, उसे लागू करने का प्रयास किया जाएगा.

36 दिन बाद CJP ने वापस लिया आंदोलन

सरकार से बातचीत के बाद CJP ने “Good Faith” में अपना आंदोलन वापस लेने का ऐलान किया. आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार ने 36 दिनों के प्रदर्शन के बाद उनकी सभी मांगों को स्वीकार किया है और सभी प्रदर्शन स्थलों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन वापस लेने की अपील की. जेपी नड्डा ने भी CJP नेताओं से आंदोलन वापस लेने की अपील करते हुए कहा कि अब सभी को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ना चाहिए.

यानी 36 दिन का प्रदर्शन, तीन दौर की बातचीत और फिर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस... एक तरफ सरकार ने मांगों पर सहानुभूति और विचार का भरोसा दिया, तो दूसरी तरफ CJP ने तय समयसीमा में समझौते को लागू किए जाने की उम्मीद के साथ आंदोलन खत्म करने का ऐलान कर दिया.

अगला लेख