Begin typing your search...

भारत ने दूसरे T20 में जिम्बाब्वे को 90 रन से रौंदा, किशन-तिलक की फिफ्टी; अभिषेक के 3 विकेट- अय्यर ने बतौर कप्तान जीती पहली सीरीज

भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. ईशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 129 रन पर समेट दिया.

ishan kishan tilak varma
X

ईशान किशन औ्रर तिलक वर्मा 

( Image Source:  BCCI )

ZIM vs IND 2nd T20I Highlights: हरारे में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 90 रन से हरा दिया. इसके साथ ही टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 219 रन बनाए. जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई.

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. वैभव सूर्यवंशी 20 रन और अभिषेक शर्मा 8 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए. इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला. श्रेयस ने 25 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने सिर्फ 44 गेंदों में 81 रन की धमाकेदार पारी खेली. उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.

ईशान के आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने महज 29 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे. अंत में शिवम दुबे ने 3 गेंदों में 6 रन जोड़कर टीम का स्कोर 219 तक पहुंचा.

220 रन का लक्ष्य जिम्बाब्वे के लिए साबित हुआ पहाड़

220 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने तेज शुरुआत करने की कोशिश की. ब्रायन बेनेट ने 32 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे. रेयान बर्ल (20), तडिवानाशे मारुमानी (24) और ब्रैड इवांस (19) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी. कप्तान सिकंदर रजा बिना खाता खोले आउट हो गए, जिसने टीम की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया. पूरी टीम 129 रन पर ऑलआउट हो गई.

युवा गेंदबाजों और पार्ट-टाइमर्स का शानदार प्रदर्शन

भारत की ओर से डेब्यू कर रहे यश ठाकुर ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए और शुरुआत में ही जिम्बाब्वे पर दबाव बना दिया. प्रिंस यादव ने सिर्फ 8 गेंद की गेंदबाजी में 2 विकेट झटके, लेकिन गेंदबाजी के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा.

इसके बाद पार्ट-टाइम गेंदबाजों ने भी कमाल दिखाया. अभिषेक शर्मा ने 3 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे. शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने भी एक-एक विकेट हासिल किया, जबकि रवि बिश्नोई और यश ठाकुर ने भी महत्वपूर्ण सफलताएं दिलाईं.

ईशान किशन बने प्लेयर ऑफ द मैच

81 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने कहा कि शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद टीम ने घबराने के बजाय साझेदारी पर ध्यान दिया. उनका मानना था कि यह 200 रन वाली आसान पिच नहीं थी और 180 रन भी अच्छा स्कोर हो सकता था, लेकिन टीम ने शानदार बल्लेबाजी कर 220 तक पहुंचने में सफलता हासिल की.

ईशान ने भारतीय युवा तेज गेंदबाजों की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि मयंक यादव, यश ठाकुर और प्रिंस यादव जैसे गेंदबाजों में काफी प्रतिभा है और भविष्य में वे भारतीय क्रिकेट के बड़े नाम बन सकते हैं.

श्रेयस अय्यर बोले- हर खिलाड़ी ने दिया योगदान

सीरीज जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि यह टीम की शानदार जीत है. उनके मुताबिक शुरुआत में 180 से 200 रन का स्कोर पर्याप्त लग रहा था, लेकिन ईशान किशन और तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी ने मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया. उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों का निडर रवैया टीम की सबसे बड़ी ताकत है और हर खिलाड़ी को मिले मौके का पूरा फायदा उठाना चाहिए. साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि अंतिम टी20 में प्रिंस यादव की चोट को देखते हुए टीम में बदलाव हो सकता है.

सिकंदर रजा ने मानी भारत की श्रेष्ठता

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारत की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय बल्लेबाजों ने बेहतरीन कौशल दिखाया. उन्होंने माना कि उनकी टीम की फील्डिंग और बल्लेबाजी दोनों उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. रजा ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर भी निराशा जताई और कहा कि कप्तान होने के नाते उन्हें टीम के लिए ज्यादा रन बनाने होंगे.

मैच के अहम आंकड़े

  • भारत: 219/5 (20 ओवर)
  • जिम्बाब्वे: 129 ऑलआउट (17.5 ओवर)
  • भारत की जीत: 90 रन से
  • भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई
  • ईशान किशन: 81 (44)
  • तिलक वर्मा: 60 (29)*
  • अभिषेक शर्मा: 3 विकेट
  • यश ठाकुर: 2 विकेट (डेब्यू मैच)
क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख