Begin typing your search...

कांग्रेस ने कराया था महिला पहलवानों का आंदोलन, ये बात सत्य हुई: बृजभूषण शरण सिंह

महिला पहलवान विनेश फोगाट के कांग्रेस शामिल होने पर बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया कि यह बात सत्य साबित हुई कि उनके खिलाफ महिला पहलवानों का आंदोलन कांग्रेस प्रायोजित था।

कांग्रेस ने कराया था महिला पहलवानों का आंदोलन, ये बात सत्य हुई: बृजभूषण शरण सिंह
X
नवनीत कुमार
by: नवनीत कुमार

Published on: 6 Sept 2024 6:39 PM

महिला पहलवान विनेश फोगाट केकांग्रेस शामिल होने पर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया कि यह बात सत्य साबित हुई कि उनके खिलाफ महिला पहलवानों का आंदोलन कांग्रेस प्रायोजित था।

गोंडा में उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ जब महिला पहलवानों ने आरोप लगाए थे, मैंने तभी बोल दिया था कि यह कांग्रेस की साजिश है। हरियाणा के बड़े नेता दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा हमारे खिलाफ साजिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मैंने जो बात पहले दिन कही थी, आज भी उसी पर कायम हूं और आज वही बात पूरा देश कह रहा है। अब मुझे इस बारे में ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है।

पुरानी बातों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 1996 में भी मेरे साथ षड़यंत्र हुआ था। उस समय मेरी पत्नी केतकी सिंह सांसद बनी थीं। मैं उन दिनों एक साजिश के तहत तिहाड़ जेल में था। इसके बाद 2023 में भी मेरे साथ षड़यंत्र हुआ और मेरे स्थान पर छोटे बेटे करण भूषण सिंह सांसद बन गए।

बता दें, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर फोगाट ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। इस मामले के बाद लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काटकर उनके बेटे को टिकट दिया था।

वहीं, हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले फोगाट ने भारतीय रेलवे की नौकरी से त्यागपत्र दे दिया और कांग्रेस में शामिल हो गयीं। फोगाट के अलावा पूर्व ओलंपियन बजरंग पूनिया ने भी कांग्रेस का हाथ थामा।

दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस में शामिल होने के बाद फोगाट ने कहा, "बुरे समय में पता चलता है कि कौन अपना है, जब हमें सड़कों पर घसीटा जा रहा था, तब भाजपा को छोड़कर सभी विपक्षी दलों ने साथ दिया।"

Politics
अगला लेख