Begin typing your search...

पोर्शे गाड़ी के बोनट पर किया सीमेंट मिक्स, फिर भरा गड्ढा, नहीं देखी होगी ऐसी मार्केटिंग, वीडियो वायरल

एक लग्ज़री पोर्शे कार के मालिकने अपनी महंगी गाड़ी के बोनट को ही ‘मिक्सर’ बना दिया और वहीं सीमेंट घोलकर सड़क का गड्ढा भर डाला, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए.

Porsche car
X

पोर्शे गाड़ी के बोनट पर सीमेंट मिक्स भरा गड्ढा

( Image Source:  instagram-@h1_car_detailing )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 21 April 2026 1:22 PM IST

सड़क पर गड्ढे देखकर अक्सर लोग बस गाड़ी मोड़ लेते हैं या सरकार को कोसते हुए आगे बढ़ जाते हैं. लेकिन यहां एक शख्स ने कुछ ऐसा किया, जिसने देखने वालों को पहले हैरान किया और फिर मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया. दरअसल बेंगलुरु के बिजनेस मैन ने अपनी पोर्शे गाड़ी के बोनट पर सीमेंट मिक्स किया और फिर उससे गड्ढा भर दिया.

लेकिन इस कहानी में ट्विस्ट है. दरअसल, गड्ढा भरने के इस पूरे एक्ट के पीछे एक चतुर मार्केटिंग रणनीति छिपी है. शख्स अपने इस अनोखे तरीके से कार की पेंट प्रोटेक्शन फिल्म (PPF) की मजबूती दिखाई है.

कोट-पैंट वाला ‘मिस्त्री’ बना इंटरनेट सेंसेशन

वीडियो में दिखता है कि एक शख्स अपनी कार से उतरता है और सड़क पर पड़े गड्ढे को ध्यान से देखता है. खास बात ये कि वह पूरी तरह फॉर्मल लुक में कोट-पैंट पहनकर निकला हुआ है. अब कोई सोचेगा कि ये ऑफिस जा रहा होगा, लेकिन जनाब ने तो अलग ही प्लान बना रखा था. वह कार की डिक्की खोलता है और उसमें से सीमेंट, पानी की बोतल (वो भी बिसलेरी वाली) और जरूरी सामान निकाल लेता है. फिर बड़े आराम से अपना कोट और घड़ी उतारकर साथी को थमा देता है, जैसे कोई प्रोफेशनल काम शुरू करने जा रहा हो.

बोनट बना मिक्सर

अब असली शो शुरू होता है. शख्स अपनी गाड़ी के बोनट पर ही सीमेंट डालता है, उसमें पानी मिलाता है और मजे से उसे घोलने लगता है. देखने वाले सोचते रह जाते हैं. ये क्या हो रहा है! कुछ ही देर में वह तैयार मिक्स को उठाकर सड़क के गड्ढे में भर देता है. काम इतना सफाई से करता है कि मानो सालों से यही काम कर रहा हो. गड्ढा भर जाता है, और लोग सोचते हैं कि वाह, ऐसा जिम्मेदार नागरिक हर जगह होना चाहिए.

पीआर स्टंट

लेकिन तभी वीडियो में असली झटका मिलता है. काम खत्म करने के बाद वह अपनी कार के बोनट पर लगी एक खास परत को हटाता है. और कमाल ये कि सीमेंट, पानी और घिसाई के बावजूद गाड़ी पर एक खरोंच तक नहीं! तभी समझ आता है कि यह कोई सड़क सुधार अभियान नहीं, बल्कि एक स्मार्ट मार्केटिंग स्टंट था. कार की पेंट प्रोटेक्शन फिल्म (PPF) की ताकत दिखाने का अनोखा तरीका.

मैसेज भी, मार्केटिंग भी

बाद में शख्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर साफ किया कि वीडियो का मकसद उसके ब्रांड को प्रमोट करना था. उसने बताया कि उनकी PPF फिल्म 230 माइक्रोन मोटी है, 10 साल की वारंटी के साथ आती है और खुद-ब-खुद छोटे स्क्रैच ठीक करने की क्षमता रखती है. लेकिन इसके साथ उसने एक जरूरी मैसेज भी दिया कि साफ-सफाई और जिम्मेदारी सिर्फ सरकार का काम नहीं, हर नागरिक की भी ड्यूटी है. अगर हम अपने आसपास का ध्यान रखें, तो देश को बेहतर बनाया जा सकता है.

वायरल
अगला लेख