Bengal Election 2026: बंगाल की राजनीति में ‘दीदी ब्रिगेड’ का दबदबा, क्या बनेंगी 2026 चुनाव की गेम चेंजर?
बंगाल चुनाव 2026 में टीएमसी की ‘दीदी ब्रिगेड’ कितना असर डालेगी? जानें महिला उम्मीदवारों की ताकत, सीटों का समीकरण और क्या वे बनेंगी चुनाव की गेम चेंजर.
हर बार की तरह इस बार भी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में ममता बनर्जी की “दीदी ब्रिगेड” एक बार फिर सुर्खियों में है. उन्होंने इस बार 294 में से 52 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे हैं. यह सिर्फ महिला उम्मीदवारों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी राजनीतिक पकड़, संगठन पर पकड़ और जमीनी कनेक्शन का मामला भी है. यानी भबानीपुर से लेकर दमदम और हाबड़ा तक, टीएमसी की महिला नेता न सिर्फ चुनावी मैदान में हैं, बल्कि कई सीटों पर पार्टी की सबसे मजबूत उम्मीद भी मानी जा रही हैं. सवाल है - क्या ये चेहरे 2026 में गेम चेंजर साबित होंगी, या कड़ी टक्कर में फंसेंगी? जानें, ममता के 52 महिला प्रत्याशियों में पांच प्रमुख प्रत्याशी जो सुर्खियों में रहती हैं, वो कौन हैं और कितना दमखम चुनाव में दिखा पाएंगी.
1. चंद्रिमा भट्टाचार्य (दमदम उत्तर)
चंद्रिमा भट्टाचार्य टीएमसी की सीनियर और अनुभवी नेता हैं. कानून और प्रशासनिक समझ उनकी बड़ी ताकत है. दमदम उत्तर में उनका संगठनात्मक नेटवर्क मजबूत है. प्रदेश सरकार में अहम जिम्मेदारी भी निभाती आई है. उनकी प्रभावी नेतृत्व, सरकारी अनुभव और भरोसेमंद नेता वाली छवि क्षेत्र के मतदाताओं के बीच में है. बीजेपी ने एडवोकेट अरिजित बख्शी को उनके खिलाफ मैदान में उतारा है.
इसके बावजूद चंद्रिमा बीजेपी प्रत्याशी के सामने अनुभव और संगठन के दम पर वे मजबूत स्थिति में हैं, लेकिन भाजपा के बढ़ते वोट शेयर से मुकाबला उनके लिए आसान नहीं होगा. फिर भी हल्की बढ़त टीएमसी के पक्ष में.
2. श्रेया पांडे (माणिकलता)
श्रेया पांडे का नाम अचानक चर्चा में तब आया जब उन्हें कोलकाता की अहम सीट माणिकलता से टिकट दिया गया. यह सीट पहले उनके परिवार के राजनीतिक प्रभाव से जुड़ी रही है. वह पूर्व मंत्री साधन पांडे के परिवार से आती हैं, जिनकी विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है.
श्रेया का सियासी करियर अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन उन्हें “फैमिली लेगेसी प्लस टीएमसी संगठन” का डबल फायदा मिलता दिख रहा है. उनकी खासियत यह है कि वो युवा चेहरा, लोकल नेटवर्क और भावनात्मक कनेक्शन, जो सहानुभूति वोट में बदल सकता है. भाजपा के तपस रॉय उन्हें यहां से चुनौती दे रहे हैं.
अगर टीएमसी का पारंपरिक वोट और सहानुभूति फैक्टर काम करता है, तो श्रेया पांडे मजबूत स्थिति में होंगी. लेकिन अनुभव की कमी और भाजपा की शहरी पकड़ उन्हें कड़ी चुनौती दे सकती है. मुकाबला टफ लेकिन झुकाव टीएमसी की ओर माना जा सकता है.
3. नयना बंद्योपाध्याय (चौरंगी)
नयना बंद्योपाध्याय बंगाल की जानी-मानी अभिनेत्री से राजनेता बनीं और लंबे समय से चौरंगी सीट से विधायक हैं. उन्होंने 2001 में बोउबाजार से शुरुआत की और 2014 से लगातार चौरंगी सीट पर मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं.
उनकी खासियत है कि वो सेलिब्रिटी इमेज, जनता के बीच पहचान और लंबे समय का राजनीतिक अनुभव है. हालांकि, बीच-बीच में संगठन के भीतर असंतोष और प्रदर्शन को लेकर सवाल भी उठे हैं. इस सीट पर भाजपा के संतोष पाठक चुनाव लड़ रहे हैं.
नयना का व्यक्तिगत वोट बैंक मजबूत है, लेकिन एंटी-इंकम्बेंसी और शहरी सीट पर भाजपा का उभार मुकाबले को कड़ा बनाता है. फिर भी अनुभव और पहचान के दम पर वे हल्की बढ़त में दिखती हैं.
4. नंदिता चौधरी (हावड़ा दक्षिण)
नंदिता चौधरी हावड़ा दक्षिण से मौजूदा विधायक हैं और 2021 में जीतकर आई थीं. उनका राजनीतिक करियर अपेक्षाकृत नया है, लेकिन उन्होंने क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत की है. उनकी खासियत है कि वो ग्राउंड लेवल कनेक्ट, महिला वोट बैंक पर प्रभाव और स्थानीय मुद्दों पर सक्रियता. हावड़ा एक औद्योगिक और शहरी मिश्रित सीट है, जहां हर चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिलता है.
नंदिता चौधरी के पास incumbency का फायदा है, लेकिन यही एंटी-इंकम्बेंसी में भी बदल सकता है. अगर टीएमसी का संगठन और महिला वोट उनके साथ रहा, तो वे जीत सकती हैं, अन्यथा यह सीट बेहद करीबी मुकाबले में जा सकती है.
खुद, ममता बनर्जी बंगाल की राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा हैं. कांग्रेस से करियर शुरू कर उन्होंने 1998 में टीएमसी बनाई और 2011 में वाम किले को ढहाकर सत्ता में आईं. भवानीपुर उनकी पारंपरिक सीट रही है, जहां उनका जनाधार मजबूत माना जाता है. सिंगूर और नंदीग्राम आंदोलनों के जरिए उन्होंने “मास लीडर” की छवि बनाई. उनकी सबसे बड़ी खासियत है सीधे जनता से संवाद, कल्याणकारी योजनाएं (लक्ष्मी भंडार, कन्याश्री) और मजबूत संगठन. हालांकि, इस बार एंटी-इंकम्बेंसी, भ्रष्टाचार के आरोप और भाजपा की आक्रामक रणनीति उनके सामने बड़ी चुनौती हैं.
दरअसल, बंगाल चुनाव 2026 में “दीदी ब्रिगेड” सिर्फ प्रतीक नहीं, बल्कि टीएमसी की रणनीतिक ताकत है. इन महिला चेहरों पर पार्टी ने बड़ा दांव लगाया है. कई सीटों पर ये गेम चेंजर बन सकती हैं, लेकिन असली फैसला मैदान में जनता ही करेगी.




