West Bengal: नमाज, लाउडस्पीकर और फिर पत्थरों की बारिश..आसनसोल में अचानक कैसे भड़की हिंसा?
West Bengal के Asansol में लाउडस्पीकर विवाद के बाद हिंसा भड़क गई. नया मोहल्ला इलाके में पुलिस चौकी पर हमला, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई. आखिर क्या है पूरा मामला
West Bengal के Asansol में शुक्रवार रात जमकर हंगामा हुआ. दरअसल, नया मोहल्ला इलाके में स्थित एक पुलिस चौकी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. घटना के दौरान पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की खबरें सामने आईं. आरोप लगाया गया कि पुलिस नमाज के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज कम कराने पहुंची थी, जिसके बाद इलाके में विवाद बढ़ गया.
जानकारी के मुताबिक, हालात बिगड़ने के बाद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया. इस घटना में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है. उपद्रवियों ने पुलिस चौकी और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए पत्थर फेंके, जिससे इलाके में काफी नुकसान हुआ.
आसनसोल नॉर्थ के विधायक Krishnendu Mukherjee ने बताया कि पुलिस चौकी के अधिकारी स्थानीय मस्जिद में गए थे. वहां उन्होंने मस्जिद कमेटी से अनुरोध किया था कि नमाज के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज मस्जिद परिसर तक ही सीमित रखी जाए. इसके बाद इलाके में यह अफवाह फैल गई कि पुलिस शुक्रवार की नमाज रुकवाने की कोशिश कर रही है.
कैसे बिगड़ गए हालात?
रिपोर्ट्स के अनुसार, जब मस्जिद कमेटी के सदस्य पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक भीड़ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे और हमलावरों को वहां से हटाया गया.
उपद्रवियों ने पुलिस स्टेशन के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया. आसपास की सड़कों पर खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई. हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाने पड़े. काफी देर बाद स्थिति सामान्य हो सकी. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल सरकार के निर्देश के बाद आसनसोल के जहांगीरी मोहल्ला पुलिस स्टेशन के अधिकारी रेलपार इलाके में पहुंचे थे. उनका उद्देश्य हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों को धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज कम रखने से जुड़ा प्रशासनिक संदेश देना था. इसके बाद इलाके के मंदिरों और मस्जिदों में बैठकें चल रही थीं.
इसी बीच माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. बड़ी संख्या में लोग जहांगीरी मोहल्ला पुलिस स्टेशन के पास पहुंच गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उपद्रवियों ने पुलिस स्टेशन के अंदर घुसकर भी हंगामा किया और वहां मौजूद सामान में तोड़फोड़ की.
क्या हैं इलाके के हालात?
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया गया. फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है. पुलिस ने लोगों से शांति की अपील की है और जिम्मेदार लोगों से बातचीत की जा रही है.




