सिर्फ एक व्यक्ति को डेट करना काफी नहीं! बेटी साराया की परवरिश पर बोली Kiara Advani, नहीं डालेंगी कभी शादी का दबाव
कियारा आडवाणी ने कहा कि वे अपनी बेटी साराया पर शादी या रिश्तों का कोई दबाव नहीं डालना चाहतीं. एक्ट्रेस ने सिद्धार्थ मल्होत्रा संग अपने रिश्ते और पुराने अनुभवों पर भी खुलकर बात की.
बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी (Kiara Advani) हाल ही में मां बनी हैं. अपनी बेटी साराया के भविष्य और रिश्तों को लेकर उन्होंने बहुत ही खुलकर और दिल से बात की है. कियारा चाहती हैं कि उनकी बेटी जीवन को पूरी आजादी और खुशी के साथ जिए, बिना किसी बंधन या दबाव के. राज शमानी के पॉडकास्ट में कियारा ने कहा कि वे अपनी बेटी को यह कभी महसूस नहीं होने देना चाहती कि उसे सिर्फ एक ही लड़के से डेट करना है और उसी से शादी करनी है.
उन्होंने साफ-साफ कहा, 'मैं चाहती हूं कि वह एक भरपूर जीवन जिए. अगर वह शादी करना चाहे तो शादी करे, और अगर नहीं करना चाहे तो बिल्कुल न करे. कोई मजबूरी नहीं है.' कियारा ने अपनी लाइफ के एक्सपीरियंस भी शेयर किए. उन्होंने बताया कि जब वे यंग थी तो जिन-जिन लड़कों से डेट किया, हर बार उन्हें लगा कि यही उनका लाइफपार्टनर बनने वाला है. लेकिन असल जिंदगी वैसी नहीं होती.
सिद्धार्थ जैसा मिला पार्टनर
कियारा ने कहा, 'शुक्र है भगवान का कि उन्होंने मेरे लिए सिद्धार्थ मल्होत्रा को चुना. मैं उनके साथ बहुत खुश हूं. लेकिन बचपन और जवानी में जो भी रिश्ते बनते हैं, वे सब हमें कुछ न कुछ सिखाते हैं. वे गलतियां, एक्सपीरियंस और सीख ही हमें वो इंसान बनाती हैं जो हम आज हैं.' एक्ट्रेस ने आगे कहा कि वे अपनी बेटी को हमेशा यह सलाह देंगी कि जीवन को पूरे मन से जियो. अपनी इच्छाओं को समझो, नई-नई चीजें ट्राई करो. इस दौरान कुछ गलतियां भी हो सकती हैं, कुछ फैसले बाद में गलत भी लग सकते हैं, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि उन गलतियों से क्या सीखा.
पहला मदर्स डे
कियारा और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 15 जुलाई 2025 को अपनी प्यारी बेटी साराया का स्वागत किया था. दोनों अपने बच्चे के चेहरे को अभी तक सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाते, लेकिन सोशल मीडिया और इंटरव्यू में बार-बार उसके लिए अपना प्यार जताते रहते हैं. हाल ही में कियारा ने पहली बार मदर्स डे मनाया. सिद्धार्थ ने उन्हें सरप्राइज देते हुए घर पर पैनकेक बनाकर खिलाए, जो कियारा के लिए बहुत खास पल था.
आने वाली है यह फिल्म
काम की बात करें तो कियारा आडवाणी जल्द ही फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोनअप्स' में नजर आने वाली हैं. इस फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं. फिल्म में यश, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे बड़े कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म मूल रूप से 4 जून 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे आगे के लिए टाल दिया गया है. नई रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है.




