संसद में ऐसा क्या पहनकर आए थे अनुराग ठाकुर? सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस
संसद में बहस के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो अनुराग ठाकुर दिख रहे हैं जिसमें उन्होंने एक ऐसी चीज पहनी है जिसको लेकर बहस तेज हो गई है.
Anurag Thakur
लोकसभा में चल रही एक तीखी बहस के दौरान उस वक्त माहौल और गर्म हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने से रोकने के लिए गृह मंत्री अमित शाह अपनी सीट से खड़े हुए. इसी दौरान पीछे बैठे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी जोश में खड़े नजर आए.
हालांकि, बहस से ज्यादा ध्यान उस चीज ने खींच लिया, जो कैमरे में अनजाने में कैद हो गई. अनुराग ठाकुर द्वारा पहनी गई एक महंगी बेल्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
किस कंपनी की थी बेल्ट?
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान कैमरे में रिकॉर्ड हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अनुराग ठाकुर ने जो बेल्ट पहनी हुई थी, वह एक लग्जरी इंटरनेशनल ब्रांड की है. बताया जा रहा है कि यह बेल्ट Louis Vuitton (LV) ब्रांड की है. कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स का दावा है कि बेल्ट कैमरे में आने के बाद मंत्री उसे छुपाने की कोशिश करते भी नजर आए, लेकिन तब तक वीडियो वायरल हो चुका था.
कितनी है बेल्ट की कीमत?
वायरल दावों के मुताबिक Louis Vuitton (LV) की यह बेल्ट करीब 82 हजार रुपये की बताई जा रही है. जैसे ही यह जानकारी सामने आई, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसको लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं. एक यूजर ने कमेंट करके लिखा कि '75000 की बेल्ट पहनकर गरीबों की आवाज उठाने के लिए सदन में आते हैं कमल की बात है भाई.' दूसरे यूजर ने लिखा कि 'इनकी कमाई का अंदाजा सभी को है लेकिन इन पर कोई कार्यवाही नहीं होगी.'
तीसरे यूजर ने लिखा कि 'इस देश में बीजेपी वाले सांसद आजकल बहुत ही ज्यादा अमीर होते जा रहे हैं.' वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि 'जो खुद विदेशी ब्रांड पहनें, बच्चों को विदेश पढ़ाएं और जनता को स्वदेशी व गुरुकुल का ज्ञान दें. इसे नीति नहीं, पाखंड कहते हैं. उपदेश गरीबों के लिए, सुविधाएं खुद के लिए.'
क्यों छिड़ी बहस?
इस पूरे मामले के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर स्वदेशी और विदेशी उत्पादों को लेकर बहस छिड़ गई है. सोशल मीडिया पर लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि जो नेता सार्वजनिक मंचों से स्वदेशी अपनाने की बात करते हैं और राहुल गांधी की टी-शर्ट को लेकर संसद तक में सवाल उठाए गए, वही नेता विदेशी लग्ज़री ब्रांड का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं.





