मुंह में गोलगप्पा डालते ही लगा तगड़ा झटका! पानी में निकली ‘जानवर की हड्डी’! वीडियो हो रहा वायरल
अहमदाबाद के रानीप इलाके में पानीपुरी खाते समय महिला को कथित तौर पर ‘जानवर की हड्डी’ जैसी चीज मिलने का दावा किया गया. इसके बाद अथॉरिटी ने एक्शन लिया है.
Ahmedabad से सामने आए एक वायरल वीडियो ने स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है. शहर के रानीप इलाके में एक महिला ने दावा किया कि पानीपुरी खाते समय उसे खाने के अंदर हड्डी जैसी चीज मिली. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद अहमदाबाद नगर निगम के फूड विभाग ने संबंधित लारी के खिलाफ कार्रवाई की.
जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ रानीप इलाके में BRTS बस स्टॉप के पास खड़ी ‘कृष्णा भेल पकौड़ी’ नाम की लारी पर पानीपुरी खाने पहुंची थी. महिला ने वायरल वीडियो में बताया कि वह शाम करीब 6:30 बजे वहां गई थी. उसके मुताबिक, शुरुआत में जब उसने पहली पानीपुरी खाई तो उसमें बाल निकला. हालांकि उस समय उसने किसी तरह का विवाद नहीं किया और उस बात को नजरअंदाज कर दिया.
महिला ने क्या कहा?
महिला का कहना है कि बाद में जब उसने आखिरी पानीपुरी खाई तो उसके अंदर से हड्डी जैसी एक सख्त चीज निकली. यह देखकर वह हैरान रह गई और उसने तुरंत पानीपुरी बेचने वाले से शिकायत की. महिला के मुताबिक, शुरुआत में दुकानदार ने उस चीज को हड्डी मानने से इनकार कर दिया और कहा कि वह लकड़ी का टुकड़ा है.
महिला ने बताया कि इसके बाद उसने वहां मौजूद दूसरे ग्राहकों को भी वह चीज दिखाई. उसके अनुसार, कई लोगों ने उसे देखकर कहा कि वह हड्डी जैसी लग रही है. वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि पानीपुरी विक्रेता उस चीज को लकड़ी साबित करने के लिए चाकू से काटने की कोशिश करता है, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी वह नहीं कटती.
क्या दुकानदार से मांगी माफी?
वीडियो में महिला यह कहते हुए भी सुनाई देती है कि बाद में दुकानदार को भी शक हो गया था कि वह चीज हड्डी हो सकती है. इसके बाद दुकानदार ने महिला से माफी मांगी और कहा कि संभव है वह चीज कहीं से उड़कर खाने में आ गई हो.
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद Ahmedabad Municipal Corporation का फूड विभाग हरकत में आ गया. विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ‘कृष्णा भेल पकौड़ी’ नाम की लारी को जब्त कर लिया. साथ ही लारी संचालक दिनेश तेली पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
अहमदाबाद नगर निगम के फूड विभाग के अधिकारी Tejas Shah ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और महिला के दावे को गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए लारी को जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है.
इससे पहले एक वीडियो वायरल हुए था जिसमें एक वेंडर के पानीपुरी में चूहा तैर रहा था. इस वीडियो के सामने आने के बाद काफी बवाल हुआ था. मामला पंजाब अमृतसर से सामने आया था.




