कौन हैं Ritesh Pal, जो बने India’s Best Dancer Season 5 के विनर? जानिए ट्रॉफी के साथ कितनी रकम मिली और कैसी रही जर्नी
रायपुर के 19 साल के रितेश पाल ने कोरियोग्राफर प्रतीक उटेकर के साथ मिलकर India’s Best Dancer Season 5 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. रितेश को विनर बनने पर ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपये की प्राइज मनी मिली.
India’s Best Dancer Season 5 को अपना विनर मिल गया है. रायपुर के रितेश पाल ने कोरियोग्राफर प्रतीक उटेकर के साथ मिलकर शो का खिताब अपने नाम कर लिया. ग्रैंड फिनाले में रितेश ने अपनी शानदार और लगातार बेहतर होती परफॉर्मेंस के दम पर बाकी फाइनलिस्ट को पीछे छोड़ते हुए विनर की ट्रॉफी उठाई.
रितेश के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि पूरे सीजन में उन्होंने सिर्फ एक ही डांस स्टाइल तक खुद को सीमित नहीं रखा. शो की थीम 'India Wala Dance' थी, जिसमें कंटेस्टेंट्स को अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर अलग-अलग डांस फॉर्म आजमाने थे. रितेश ने इस चुनौती को स्वीकार किया और अपनी versatility दिखाई.
कौन हैं रितेश पाल?
रितेश पाल रायपुर के रहने वाले 19 साल के डांसर हैं. शो में आने से पहले वह बार्बर ( बाल काटने वाला) का काम भी कर चुके हैं. डांस के प्रति उनका जुनून उन्हें India’s Best Dancer के मंच तक लेकर आया.
रितेश की डांस जर्नी में उनके कोरियोग्राफर प्रतीक उटेकर की भी बड़ी भूमिका रही. दोनों का बैकग्राउंड कंटेम्पररी डांस से जुड़ा है, लेकिन India Wala Dance की थीम ने उन्हें अलग-अलग डांस फॉर्म्स को एक्सप्लोर करने की चुनौती दी. रितेश ने इस दौरान लगातार अपनी परफॉर्मेंस में बदलाव और प्रयोग किए.
पूरे सीजन में रितेश की निरंतरता भी देखने को मिली. उन्होंने शो में Battle Trophy तीन बार जीती और फाइनल तक अपनी जगह मजबूत बनाए रखी.
फिर आया ग्रैंड फिनाले, जहां रितेश और प्रतीक का मुकाबला अंशिका धारा, गीतांजलि मारवाह, प्रथमेश माने और दीपाली बोरकर जैसे फाइनलिस्ट से था. आखिरकार जजों ने रितेश और प्रतीक को सीजन का विजेता घोषित किया.
ग्रैंड फिनाले में शो के जज करिश्मा कपूर, जावेद जाफरी, गीता कपूर और टेरेंस लुईस मौजूद रहे. इसके अलावा जैकी श्रॉफ, तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा भी इस खास मौके का हिस्सा बने.
ट्रॉफी के साथ रितेश को कितनी रुपये मिले?
रितेश पाल को India’s Best Dancer Season 5 का विनर बनने पर 15 लाख रुपये की कैश प्राइज मिली है. यानी उनके नाम ट्रॉफी के साथ कुल ₹15 लाख की पुरस्कार राशि भी रही. वहीं, अंशिका धारा फर्स्ट रनर-अप रहीं और उन्हें 3 लाख रुपये मिले, जबकि प्रथमेश माने सेकेंड रनर-अप रहे और उन्हें 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली.
रितेश पाल और प्रतीक उटेकर ने ट्रॉफी जीतने के बाद क्या कहा?
रितेश ने जीत के बाद कहा कि डांस हमेशा से उनका जुनून रहा है और India’s Best Dancer Season 5 जीतना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है. उन्होंने जजों और खास तौर पर अपने कोरियोग्राफर प्रतीक उटेकर का शुक्रिया अदा किया. प्रतीक उटेकर ने भी रितेश की मेहनत और उनके विकास को याद करते हुए कहा कि रितेश ने उनके विजन पर भरोसा किया और पूरी तरह उनकी गाइडेंस को अपनाया. दोनों ने साथ मिलकर शो में कई चुनौतियों का सामना किया और आखिरकार ट्रॉफी अपने नाम की.
रितेश पाल की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है कि रायपुर से निकलकर डांस के राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले इस 19 साल के कलाकार ने लगातार सीखते हुए अपनी पहचान बनाई और आखिरकार India’s Best Dancer Season 5 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली.




