Begin typing your search...

मेघालय हनीमून से इंस्पायर्ड है फिल्म Sundar Poonam! सान्या मल्होत्रा की डार्क थ्रिलर ने बढ़ाया सस्पेंस

प्राइम वीडियो की फिल्म 'सुंदर पूनम' का टीज़र रिलीज हो गया है, जिसमें सान्या मल्होत्रा एक रहस्यमयी दुल्हन के किरदार में नजर आ रही हैं. फिल्म की कहानी एक सच्चे हनीमून मर्डर केस से प्रेरित है.

Sanya Malhotra new movie
X
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 24 March 2026 2:49 PM IST

Instagram: sanyamalhotra_

प्राइम वीडियो की नई अपकमिंग फिल्म 'सुंदर पूनम' (Sundar Poonam) में सान्या मल्होत्रा (Sanya Malhotra) लीड रोल में नजर आने वाली हैं. फिल्म में उनके ऑपोज़िट साथ आदित्य सील हैं जो 'आदित्य रावल' का किरदार निभा रहे है. हाल ही में मुंबई में एक खास इवेंट में फिल्म का पहला टीज़र रिलीज़ किया गया, जो काफी रोमांचक और रहस्यमयी है. फिल्म की शूटिंग अभी चल रही है. यह फिल्म पुलकित द्वारा निर्देशित की जा रही है. कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है, इसलिए यह पूरी तरह काल्पनिक नहीं है. टीज़र देखने के बाद लगता है कि फिल्म बहुत डार्क, तनाव भरी और थ्रिलिंग होगी.

फिल्म की कहानी क्या है?

कश्मीर की खूबसूरत वादियों में हनीमून मनाने गए एक न्यूली मैरिड कपल की जिंदगी अचानक खत्म हो जाती है. इसके बाद दुल्हन पूनम के बारे में एक चौंकाने वाला और डरावना सच सामने आता है. पूनम की जुनूनी प्रेम कहानी, उसका उलझा हुआ अतीत और छिपे हुए राज उसे एक खतरनाक जाल में फंसा लेते हैं. टीज़र में सान्या मल्होत्रा दुल्हन के खूबसूरत लहंगे में दिख रही हैं. एक सीन में वे कमरे में अकेली बैठी हैं और उनके फोन पर लगातार कॉल्स और मैसेजेस आ रहे हैं, लेकिन वे किसी का भी जवाब नहीं दे रही हैं. यह दृश्य बहुत रहस्यमयी और डरावना लगता है.

2025 मेघालय हनीमून हत्या मामला- असली घटना

टाइम्स नाउ के मुताबिक, फिल्म 'सुंदर पूनम' 2025 में हुए एक सच्चे हनीमून मर्डर केस से प्रेरित है. मई 2025 में मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के रहने वाले नवविवाहित जोड़े राजा रघुवंशी (29 वर्ष) और सोनम रघुवंशी (25 वर्ष) अपने हनीमून पर मेघालय गए थे. वे चेरापुंजी घूमने गए थे, लेकिन अचानक दोनों लापता हो गए. जब पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो 2 जून 2025 को राजा रघुवंशी का सड़ा हुआ शव मिला. शुरुआत में इसे दुर्घटना या अपहरण का मामला समझा गया, लेकिन बाद में पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला सच सामने आया. पुलिस को पता चला कि सोनम ने ही अपने पति राजा की हत्या की साजिश रची थी. हनीमून के दौरान उसने एक सुपारी किलर को पैसे देकर काम पर रखा था. इस साजिश में सोनम का कथित प्रेमी राज सिंह कुशवाहा भी शामिल था, जो मध्य प्रदेश में सोनम के भाई की कंपनी में नौकरी करता था.

फिल्म की अन्य जानकारी

निर्देशक: पुलकित

राइटर: ज्योत्सना नाथ और पुलकित

प्रोड्यूसर: कुमार तौरानी और विक्रम मल्होत्रा

प्रोडक्शन हाउस: टिप्स फिल्म्स लिमिटेड और अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट

फिल्म की कहानी सिर्फ कश्मीर की बर्फीली और खूबसूरत वादियों तक सीमित नहीं है. यह राजस्थान के गर्म रेगिस्तानों तक भी फैली हुई है.

निर्देशक पुलकित के बारे में

पुलकित पहले भी कई सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्में बना चुके हैं. उनकी पिछली फिल्म ‘भक्त’ भूमि पेडनेकर की मुख्य भूमिका वाली थी, जो मुजफ्फरपुर आश्रय मामले से प्रेरित थी. उन्होंने राजकुमार राव के साथ फिल्म 'मालिक' भी बनाई है. उनकी एक और आगामी फिल्म 'कर्तव्य' सैफ अली खान की मुख्य भूमिका वाली है. 'सुंदर पूनम' एक डार्क थ्रिलर है जो हनीमून की खूबसूरती और प्यार के पीछे छिपे खतरनाक राजों को दिखाएगी. सान्या मल्होत्रा की परफॉर्मेंस को लेकर काफी एक्ससाइटेड है क्योंकि वे पहली बार ऐसी गहरी और इंटेंस भूमिका में नजर आएंगी. फिल्म कब रिलीज़ होगी, इसकी अभी कोई आधिकारिक तारीख नहीं आई है, लेकिन टीज़र रिलीज़ होने के बाद दर्शक काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

bollywood
अगला लेख