Dhurandhar 2 में 'रिजवान' का किरदार निभाने वाले एक्टर Mustafa Ahmed ने कैसे घटाया 8kg वजन?
फिल्म Dhurandhar: The Revenge में जहां एक ओर दमदार एक्शन और कहानी ने दर्शकों को बांधे रखा, वहीं दूसरी ओर एक्टर Mustafa Ahmed की जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन भी चर्चा का बड़ा विषय बन गई है. जहां एक्टर ने पहले वजन बढ़ाया और फिर 8 किलो वेट कम किया.
फिल्म धुरंधर 2 में ‘रिजवान’ का दमदार किरदार निभाने वाले Mustafa Ahmed इन दिनों अपनी जबरदस्त बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर सुर्खियों में हैं. खास बात यह है कि उन्होंने इस रोल के लिए पहले 6 किलो वजन बढ़ाया और फिर 8 किलो घटाया. एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपनी इस फिटनेस जर्नी के बारे में खुलकर बात की है.
एक्टर मुस्तफा ने बताया कि वजन बढ़ाने और घटाने के लिए उन्होंने कैसी डाइट ली और क्या रूटीन फॉलो किया. चलिए जानते हैं एक्टर की ट्रांसफॉर्मेशन जर्नी के बारे में.
पहले बढ़ाया पांच किलो वजन
एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में मुस्तफा अहमद ने बताया कि फिल्म की शुरुआत में उनका वजन करीब 80-81 किलो था, लेकिन किरदार रिजवान शाह को दमदार और ताकतवर दिखाने के लिए उन्हें अपना वजन बढ़ाकर 85-86 किलो करना पड़ा.
- इसके लिए उन्होंने रोजाना 3000 से 3500 कैलोरी तक डाइट ली. खास बात यह रही कि उनका मकसद सिर्फ वजन बढ़ाना नहीं था, बल्कि शरीर को इतना मजबूत बनाना था ताकि वह स्क्रीन पर एक ट्रेन्ड फाइटर की तरह नजर आएं.
- इसके लिए उन्होंने जिम में हैवी वर्कआउट किया. खासतौर पर डंबल और बारबेल एक्सरसाइज पर फोकस रखा. साथ ही उन्होंने हथियार चलाने और सैनिकों जैसी ट्रेनिंग भी ली, जिससे उनकी बॉडी न सिर्फ भारी बल्कि फंक्शनली फिट भी बनी.
कैसे घटाया 8 किलो वजन?
फिल्म के दूसरे हिस्से में कहानी के मुताकि उन्हें एक कैडेट का रोल निभाना था, जिसके लिए उन्हें वजन तेजी से घटाना पड़ा. एक्टर ने बताया कि उन्होंने 86 किलो से सीधे 78 किलो तक वजन कम किया, जो उनके लिए पिछले 20-25 सालों में सबसे कम था.
- वजन घटाने के लिए उन्होंने अपनी डाइट को घटाकर करीब 1800 कैलोरी कर दिया और हर दूसरे दिन 7 से 10 किलोमीटर तक दौड़ लगाई.
- हफ्ते भर में वह लगभग 30 से 40 किलोमीटर रनिंग करते थे. साथ ही उन्होंने बॉडी-वेट एक्सरसाइज पर ज्यादा ध्यान दिया और भारी वजन उठाना लगभग बंद कर दिया.
वजन बढ़ाने और घटाने के लिए क्या थी डाइट?
वजन बढ़ाने के दौरान मुस्तफा रोजाना 200 से 240 ग्राम तक प्रोटीन लेते थे, जबकि वजन घटाने के दौरान यह मात्रा घटकर 80 से 120 ग्राम रह गई. एक्टर यह भी साफ किया कि उन्होंने खुद को भूखा नहीं रखा, बल्कि स्मार्ट तरीके से डाइट और एक्सरसाइज का बैलेंस बनाकर वजन कम किया.




